रतलाम का महापौर बनने के लिए भाजपा के प्रहलाद पटेल, कांग्रेस के मयंक जाट व भाजपा की बागी सीमा टांक सहित 12 ने भरे नामांकन फॉर्म

रतलाम में शनिवार को नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए महापौर और पार्षद पद के प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। शहर से आखिरी दिन तक महापौर पद के लिए प्रमुख राजनीतिक दलों के अलावा पार्टी के बागियों ने भी नाम निर्देशन पत्र सौंपे।

रतलाम का महापौर बनने के लिए भाजपा के प्रहलाद पटेल, कांग्रेस के मयंक जाट व भाजपा की बागी सीमा टांक सहित 12 ने भरे नामांकन फॉर्म
रतलाम से महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल (भाजपा) एवं मयंक जाट (कांग्रेस)।

कांग्रेस और भाजपा के साथ बागी प्रत्याशियों ने भी रैलियां निकालकर दिखाया दम

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । नगरीय निकाय चुनाव के लिए रतलाम शहर से महापौर बनने के लिए आखिरी दिन तक कुल 12 लोगों ने नामांकन फॉर्म दाखिल किए हैं। इनमें भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी प्रहलाद पटेल व कांग्रेस के मयंक जाट सहित निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। 

नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के लिए शनिवार अंतिम दिन रहा। प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के अलावा अन्य ने भी पूरे जोश के साथ नामांकन दाखिल किए। रतलाम शहर से भाजपा की ओर से पूर्व पार्षद प्रहलाद पटेल ने तो कांग्रेस की ओर से जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट ने रैली निकाल कर नामांकन दाखिल किए। भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज कई असंतुष्ट नेताओं ने भी नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए।

रैली निकाल कर दिखाया दम, कांग्रेस ने निकाली सबसे बड़ी रैली

भाजपा के प्रहलाद पटेल ने प्रदेश के उद्योग मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, शहर विधायक चेतन्य काश्यप तथा पूर्व गृह मंत्री एवं वरिष्ठ नेता भाजपा नेता हिम्मत कोठारी की मौजूदगी में रैली निकाल कर नामांकन दाखिल किया। रैली में पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, बजरंग पुरोहित, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक पोरवाल, निमिष व्यास, पूर्व महामंत्री आशा मौर्य, शैलेन्द्र डागा, निगम चुनाव संचालन समिति प्रभारी मनोहर पोरवाल, सहप्रभारी एवं जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, जिला उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, सुनील सारस्वत, जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, जिला मंत्री सोना शर्मा, शैलेन्द्रसिंह सिसौदिया, डॉ. राजेश शर्मा, यतिन्द्र भारद्वाज, इब्राहिम शैरानी, मधु पटेल एवं पार्टी नेता प्रेम उपाध्याय, प्रवीण सोनी, सोमेश पालीवाल, मण्डल अध्यक्ष निलेश गांधी, कृष्ण कुमार सोनी, मण्डल प्रभारी विनोद यादव आदि शामिल थे।

इसी तरह कांग्रेस प्रत्याशी मयंक जाट ने शहर अध्यक्ष महेन्द्र कटारिया, पूर्व पार्षद संजय दवे और पार्षद प्रत्याशी प्रेमलता दवे की मौजूदगी में विशाल रैली के रूप में नामांकन प्रस्तुत किया। दोनों ही प्रत्याशियों की रैली में पार्टी के पार्षद पद के अन्य अधिकृत प्रत्याशी भी शामिल रहे।

बागियों भी नहीं रहे पीछे, पूरे उत्साह से पहुंचे फॉर्म भरने

टिकट वितरण को लेकर सबसे ज्यादा आक्रोश भाजपा में नजर आ रहा है। शनिवार को कई असंतुष्टों ने मुखर होकर नामांकन प्रस्तुत किए। इनमें प्रमुख नाम पूर्व एमआईसी सदस्य सीमा टांक का है। उन्होंने पार्षद पद के 8 निर्दलीय प्रत्याशियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंच कर महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया।

रैली के दौरान पूर्व महापौर एवं कांग्रेस नेता पारस सकलेचा ने रुक कर टांक को जीत के लिए अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस नजारे को देख कर कई लोगों ने नए राजनीतिक समीकरण बनने के कयास लगाए। बता दें कि- टांक ने पार्टी के स्थानीय नेताओं पर पट्ठावाद और वंशवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। भाजपा से बगावत करने वालों में जिला मीडिया प्रभारी एवं पूर्व एमआईसी सदस्य अरुण राव भी शामिल हैं। उन्होंने भी महापौर के लिए ही नामांकन प्रस्तुत किया। जबकि कुछ लोगों ने डमी प्रत्याशी के रूप में भी नाम निर्देश पत्र प्रस्तुत किए।

इन्होंने प्रस्तुत किए महापौर पद के लिए नामंकन

  1. प्रहलाद पटेल (भाजपा)
  2. मयंक जाट (कांग्रेस)
  3. सीमा टांक
  4. अशोक पोरवाल
  5. प्रहलाद राठौड़
  6. राजीव रावत
  7. जनक नागल
  8. अरुण राव
  9. अनवर खान
  10. प्रकाश राठौड़
  11. जहीरुद्दीन
  12. आफरीन बी

वार्ड नंबर 9 से भाजपा की निशा सोमानी ने भरा नामांकन, निर्दलियों ने भी भरी हुंकार

भाजपा के पूर्व एमआईसी सदस्य एवं वरिष्ठ नेता पवन सोमानी की पत्नी निशा को पार्टी ने वार्ड नंबर 9 से उम्मीदवार बनाया है। निशा ने पति पवन को साथ कलेक्ट्रेट पहुंच कर नामांकन फॉर्म दाखिल किया। इस दौरान वार्ड के समर्थक भी मौजूद रहे। बता दें कि वार्ड 9 में रत्नपुरी कॉलोनी सहित अन्य इलाके आते हैं। शनिवार को दोनों ही प्रमुख पार्टियों के टिकट वितरण से नाराज वार्ड पार्षद के दावेदारों ने भी नामांकन दाखिल किए। इनमें भाजपा नेता एवं पूर्व एमआईसी सदस्य सत्यदीप भट्ट, मोनिका सोनी, पूर्व पार्षद विष्णुकांता पांचाल, अनिल कटारिया, मंगलसिंह परिहार, अभय जैन, राजेश रांका, भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष दिव्या शर्मा जैसे नाम शामिल हैं।