बयान पर बवाल ! दिल्ली के कालका जी में बनेंगी प्रियंका गांधी के गाल जैसी सड़कें, आतिशी ने तो बाप बदल लिया- रमेश बिधूड़ी

दिल्ली के कालका जी से भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी अपने एक बयान के कारण विवादों से घिर गए हैं। उनके द्वारा सड़कों को प्रयिंका गांधी के गाल जैसी बनाने के बयान पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई।

बयान पर बवाल ! दिल्ली के कालका जी में बनेंगी प्रियंका गांधी के गाल जैसी सड़कें, आतिशी ने तो बाप बदल लिया- रमेश बिधूड़ी
भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और आप की नेता आतिशी सिंह को लेकर विवादित बयान दिया है।

एसीएन टाइम्स @ नई दिल्ली । देश की राजधानी दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक बयानबाजियों का दौर शुरू हो चुका है। कालका जी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी के एक बयान पर बवाल मच गया है। उन्होंने कहा, ‘"प्रियंका गांधी के गालों जैसी सड़कों को कालका जी क्षेत्र में बना देंगे।" उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी सिंह को लेकर भी विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने कहा है कि आतिशी ने तो अपना बाप ही बदल लिया है। उनके इस बयान पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने एक कार्यक्रम में कहा है कि लालू यादव ने बिहार की सड़कों को "हेमा मालिनी के गालों जैसी" बनाने का दावा किया था। लालू ने झूठ बोला था। वो अपने वादे को पूरा नहीं कर पाए। बिधूड़ी ने कहा कि, "मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि कालका जी के सुधार कैंप के सामने वाली और अंदर वाली सड़कों को प्रियंका गांधी के गालों जैसी बना देंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ओखला और संगम विहार में सड़कों का सुधार हुआ है, वैसे ही कालका जी में भी सड़कों को बेहतर बनाया जाएगा।

आतिशी सिंह के लिए भी कही विवादित बात

अभी बिधूड़ी पर कांग्रेस ही आक्रामक थी लेकिन कुछ ही देर बाद आम आदमी पार्टी ने भी उन पर खफा हो गई। दरअसल, रमेश बिधूड़ी ने आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी सिंह को लेकर भी विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने कहा है कि 'आतिशी ने भी देखो बाप बदल लिया, आतिशी पहले मार्लिना थी अब आतिशी सिंह हो गईं। आम आदमी पार्टी ने कहा है कि बिधूड़े के बयान को लेकर कांग्रेस के अजय माकन और संदीप दीक्षित ने एक शब्द नहीं बोला है। यह बताता है कि इनका बीजेपी से कितना गहरा रिश्ता है और इसीलिए दोनों अपने नेता के अपमान पर ख़ामोश हैं।

कांग्रेस ने जताया विरोध

भाजपा नेता पूर्व में विवादित बयान देते रहे हैं। उनके ताजा बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इसे भाजपा नेताओं की घटिया मानसिकता बताया है। खेड़ा का आरोप है कि यह बयान भाजपा के नेताओं की असलियत को उजागर करता है। कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रतिक्रिया दी है कि, "यह बदतमीज़ी सिर्फ इस घटिया आदमी की मानसिकता नहीं दिखाती, बल्कि इसके मालिकों की असलियत भी सामने लाती है।"

सुप्रिया श्रीनेत ने भी जताई आपत्ति

कांग्रेस की महिला नेत्री सुप्रिया श्रीनेत ने भी बिधूड़ी के बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे महिला विरोधी और अपमानजनक बताया बताया। श्रीनेत ने X पर लिखा है कि, "रमेश बिधूड़ी का प्रियंका गांधी जी के संदर्भ में दिया बयान ना सिर्फ शर्मनाक है, बल्कि उनकी औरतों के प्रति घिनौनी मानसिकता को भी दर्शाता है। यह बीजेपी का असली चेहरा है। श्रीनेत ने सवाल उठाया है कि क्या भाजपा की महिला नेताओं, महिला विकास मंत्री या प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर कुछ बोलेंगे?

बिधूड़ी ने जताया खेद

चौतरफा घिरने के बाद भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी ने कहा कि इस तरह के बयान पहले भी आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में लालूप्रसाद यादव ने हेमा मालिनी के गाल जैसी सड़क बनाने की बात कही थी। उनके ऐसे ही बयान को लेकर पूर्व में एक अन्य नेता ने भी दोहराया था। फिर यदि उनके बयान से किसी की भावना की ठेस पहुंची है तो वे खेद प्रकट करते हैं।