खेल महाकुंभ की तैयारी शुरू : 16 से 18 दिसंबर तक होगा 27वां खेल चेतना मेला, टेनिस बॉल से होंगी बालिका क्रिकेट स्पर्धाएं
रतलाम में 16 से 18 दिसंबर तक क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के तत्वावधान में 27वां खेल चेतना मेला आयोजित होगा। बालिका क्रिकेट टेनिस बॉल से खेला जाएगा। सर्वाधिक खिलाड़ियों की भागीदारी वाले विद्यालय को विशेष पुरस्कार मिलेगा।
तैयारियों को लेकर आयोजन समिति की बैठक संपन्न, शुभारंभ पर कॉलेज ग्राउंड से निकलेगी खेल जागृति रैली
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के तत्वावधान में 16 से 18 दिसंबर तक 27वां खेल चेतना मेला आयोजित होगा। मेले की तैयारियों को मूर्त रूप देने के लिए आयोजन समिति, खेल सलाहकारों, संयोजकों, सहसंयोजकों और खेल प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें शुभारंभ अवसर पर शहर में निकलने वाली रैली सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी फाउंडेशन अध्यक्ष एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप के नेतृत्व में खेल चेतना मेले का आयोजन होगा। मेले में बालिका क्रिकेट टेनिस बॉल से खेला जाएगा। साथ ही जिस विद्यालय के सर्वाधिक खिलाड़ी खेल चेतना मेले की स्पर्धाओं में भागीदारी करेंगे, उसे विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
आयोजन समिति के सचिव मुकेश जैन ने बताया कि मेले की स्पर्धाएं नेहरू स्टेडियम, रेलवे मैदान, ऑफिसर्स क्लब आदि स्थानों पर होंगी। शुभारंभ अवसर पर कॉलेज ग्राउंड से खेल जागृति रैली निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर नेहरू स्टेडियम पहुंचेगी।
ये भी पढ़ें
अभिभावकों और स्कूल संचालकों से बच्चों को प्रेरित करने का आह्वान
मुकेश जैन ने समस्त अभिभावकों, स्कूल संचालकों और प्राचार्यों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक बच्चों को खेल स्पर्धाओं में शामिल होने के लिए प्रेरित करें और उन्हें मैदान तक लाएं। उन्होंने बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेलों में भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। बैठक में मैदानों पर समय पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में क्रीड़ा भारती जिलाध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया, सचिव अनुज शर्मा, प्रकाश व्यास, राकेश शर्मा, संजय वशिष्ठ, गुलाम मोहम्मद, जगदीश श्रीवास्तव, मनीष जोशी, रीतेश वोहरा, उमंग पोरवाल, अमरीक राणा, भूषण व्यास, जीतेंद्र धूलिया, दीपेन्द्र सिंह ठाकुर, प्रद्युम्न मजावदिया, पवन सिंदल आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें







