यात्रियों के लिए अच्छी खबर ! उदयपुर सिटी-दिल्ली के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, 21 अक्टूबर से दीपावली और दुर्गापूजा पर मिलेगी सुविधा

दीपावली और दुर्गापूजा पर यात्रियों की सुविधा के लिए उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय रोहिल्ला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 21 अक्टूबर से चलेगी। जानें समय, ठहराव और संचालन की तारीखें।

यात्रियों के लिए अच्छी खबर ! उदयपुर सिटी-दिल्ली के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, 21 अक्टूबर से दीपावली और दुर्गापूजा पर मिलेगी सुविधा
त्योहार के दौरान यात्रियों को मिलेगी ट्रेन सुविधा।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । दुर्गापूजा, दीपावली सहित आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या और अतिरिक्त यात्री दबाव को देखते हुए पश्चिम रेलवे द्वारा उदयपुर सिटी और दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन अक्टूबर और नवंबर 2026 के दौरान निर्धारित अवधि में संचालित होगी। रतलाम मंडल से गुजरने वाली इस ट्रेन का चंदेरिया स्टेशन पर दोनों दिशाओं में ठहराव रहेगा।

21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगी ट्रेन संख्या 09617

पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 09617 उदयपुर सिटी–दिल्ली सराय रोहिल्ला स्पेशल प्रत्येक बुधवार को उदयपुर सिटी से रात 9:15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन चंदेरिया स्टेशन पर रात 11:43 बजे पहुंचेगी और 11:45 बजे प्रस्थान करेगी। अगले दिन सुबह 11:15 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी। इस ट्रेन का संचालन 21 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक किया जाएगा।

ये भी पढ़ें

वापसी में 22 अक्टूबर से 26 नवंबर तक होगा संचालन

इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 09618 दिल्ली सराय रोहिल्ला–उदयपुर सिटी स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को दिल्ली सराय रोहिल्ला से दोपहर 1:45 बजे रवाना होगी। यह शुक्रवार को रात 1:00 बजे चंदेरिया पहुंचेगी और 1:02 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 4:00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। इस दिशा में ट्रेन का संचालन 22 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक निर्धारित किया गया है।

दोनों दिशाओं में इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय रोहिल्ला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में मावली, चंदेरिया, भीलवाड़ा, बिजयनगर, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, नीम का थाना, नारनौल, अटेली, रेवाड़ी, गुड़गांव और दिल्ली कैंट रुकेगी।

ये भी पढ़ें

ट्रेन में मिलेंगे विभिन्न श्रेणियों के कोच

यात्रियों की सुविधा के लिए इस स्पेशल ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, एसी इकोनॉमी, स्लीपर क्लास और जनरल सेकेंड क्लास के कोच लगाए जाएंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के ठहराव, समय और वास्तविक परिचालन स्थिति की जानकारी भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट enquiry.indianrail.gov.in पर प्राप्त कर लें। इसके अतिरिक्त RailOne ऐप के माध्यम से भी ट्रेनों से संबंधित जानकारी ली जा सकती है।

ये भी पढ़ें