जावेद अख्तर का बड़ा बयान ! भगवान राम हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में हैं राम, चाहे मजहब कोई भी हो, राम व्यक्ति नहीं नैतिकता और जीवन जीने के तरीके का प्रतिनिधित्व करने वाला विचार हैं

जावेद अख्तर ने कहा कि मजहब कोई भी हो, हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में राम हैं। राम को बताया विचार और नैतिकता का प्रतीक। बयान पर मौलाना साजिद रशीदी की प्रतिक्रिया और भाजपा नेताओं का समर्थन।

जावेद अख्तर का बड़ा बयान ! भगवान राम हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में हैं राम, चाहे मजहब कोई भी हो, राम व्यक्ति नहीं नैतिकता और जीवन जीने के तरीके का प्रतिनिधित्व करने वाला विचार हैं
भगवान राम को लेकर जावेद अख्तर के बयान पर छिड़ी बहस।

मौलाना साजिद रशीदी ने जताई असहमति, जबकि भाजपा सहित अन्य पार्टी के नेताओं ने दी सकारात्मक प्रतिक्रिया

एसीएन टाइम्स @ डेस्क । गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने भगवान राम को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिससे एक बार फिर धार्मिक पहचान और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को लेकर चर्चा छिड़ गई है। उन्होंने कहा कि ‘भगवान राम हिंदुस्तान के हर व्यक्ति के खून में राम मौजूद हैं, फिर चाहे उसका मजहब कोई भी हो।‘ जावेद अख्तर के मुताबिक, राम को केवल एक व्यक्ति के रूप में देखना सही नहीं है, बल्कि वे एक विचार हैं, जो नैतिकता और जीवन जीने के तरीके का प्रतिनिधित्व करते हैं।

जावेद अख्तर ने यह बात मुंबई में इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी (IPRS) की म्यूजिक क्रिएटर रिपोर्ट के लॉन्च कार्यक्रम के दौरान कही। यहां उनसे नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' और उसके संगीत को लेकर सवाल किया गया था। बातचीत के दौरान उनके बयान ने फिल्म के संगीत से आगे बढ़कर भगवान राम की अवधारणा और भारतीय समाज में उनके सांस्कृतिक महत्व पर ध्यान खींचा।

जावेद बोले- मेरी बात से कई लोग नाराज भी होंगे

जावेद अख्तर से जब पूछा गया कि 'रामायण' में बड़े संगीतकारों और गीतकारों ने काम किया है, लेकिन फिल्म के गाने लोगों के दिलों को उस तरह नहीं छू सके, जबकि उनके लिखे एक गाने की एक लाइन ने लोगों पर गहरा असर छोड़ा। ऐसा क्यों? इस सवाल पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘इसका सीधा सा जवाब है कि मैं एक अच्छा लेखक हूं। शुरुआत यहीं से करते हैं। मेरे लिखे शब्द लोगों के दिलों तक पहुंचते हैं। इसमें परेशानी क्या है?’ उन्होंने अपनी बात को स्पष्ट करने के लिए उन्होंने कवि अब्दुर्रहीम खानखाना यानी रहीम का दोहा भी सुनाया। उन्होंने कहा, “रहिमन मुश्किल आ पड़ी, टेढ़े दऊ काम। सीधे से जग न मिले, उलटे मिले ना राम॥”

जावेद अख्तर ने कहा कि राम को केवल एक व्यक्ति के रूप में देखना उचित नहीं है। राम एक विचार हैं और नैतिकता के साथ जीवन जीने का तरीका बताते हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा, "हो सकता है कि कई लोग मेरी बात सुनकर मुझसे नाराज भी होंगे। हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में, उसका कोई भी मजहब हो, राम मौजूद हैं।"

ये भी पढ़ें

अभी नहीं देखी फिल्म रामायण, लेकिन जरूर देखेंगे

जावेद अख्तर ने बताया कि उन्होंने अभी तक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' नहीं देखी है, लेकिन वे इसे जरूर देखेंगे। उनकी बेटी और फिल्ममेकर जोया अख्तर फिल्म देख चुकी हैं और उन्हें यह पसंद आई। जावेद अख्तर ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि जोया बहुत मुश्किल से किसी चीज की तारीफ करती हैं। उन्होंने तो कभी अपने पिता की भी तारीफ नहीं की। 

मौलाना साजिद रशीदी ने उठाए सवाल, नाम बदलने की दी नसीहत

जावेद अख्तर के बयान पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने असहमति जताई। उन्होंने जावेद अख्तर को नास्तिक बताते हुए उनके बयान के पीछे व्यावसायिक उद्देश्य होने की बात कही। रशीदी ने कहा, "जावेद अख्तर एक नास्तिक आदमी है, उसकी बातों को सीरियस लेना मैं समझता हूं बेवकूफी है। उसने खुले मंचों से कह दिया है कई बार कि मैं नास्तिक हूं, मैं किसी राम भगवान खुदा अल्लाह को नहीं मानता। ऐसा आदमी अगर राम की तारीफ कर रहा है, तो यह आश्चर्यजनक है, अपने गाने उसको बेचने हैं, वह बिजनेसमैन है।

रशीदी ने कहा, ''वह कहीं ना कहीं राम जी की तारीफ करके हिंदुओं को पागल बनाने की कोशिश कर रहा है। मेरे अंदर तो राम जी का खून नहीं है, मेरे अंदर तो हज़रत आदम अलैहिस्सलाम का खून है जिनको मैं अपना पूर्वज मानता हूं जो सबसे पहले इंसान थे।'' रशीदी ने जावेद अख्तर को घर वापसी कर अपना नाम बदलकर रामपाल रख लेने की नसीहत भी दी।

ये भी पढ़ें

मौलाना शहाबुद्दीन और भाजपा नेताओं ने किया समर्थन

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने जावेद अख्तर के बयान को भारतीय संस्कृति और तहजीब की अभिव्यक्ति बताया। उन्होंने कहा, "जावेद अख्तर का बयान भारत के कल्चर, तहज़ीब और तमद्दन की गवाही देती है। जावेद अख्सर साहब का यह अपना नज़रिया है, और इसको अगर तहजीब कल्चर से अगर इसको जोड़ के देखें तो भी इसमें खूबसूरती नजर आती है।"

भाजपा नेता प्रमोद कृष्णम ने भी जावेद अख्तर के बयान का स्वागत किया। उन्होंने कहा, "जावेद अख्तर एक बहुत ही बड़े दानिश्वर इंसान हैं और बहुत ही सच बोलने के लिए जाने जाते हैं। मैं उनका स्वागत करता हूं। भगवान राम की शरण में वो आए हैं। भगवान राम की शरण में आने पर मैं जावेद अख्तर की बात का समर्थन भी करता हूं, उनका स्वागत करता हूं। उन्हें यह बात राहुल गांधी को भी समझानी चाहिए।" भाजपा नेता राम कदम ने कहा, "श्रीमान जावेद अख्तर ने भगवान श्रीराम के बारे में बड़ी सच्चाई को स्वीकार किया। उन लोगों को राम नहीं समझेंगे जिनके मन में अभी भी रावण शेष है। मन के रावण को निकलते ही भगवान श्रीराम भीतर समा जाएंगे।"

ये भी पढ़ें

कांग्रेस, शिवसेना और सपा नेताओं ने दी सकारात्मक प्रतिक्रिया

शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत का कहना है कि- राम इस राष्ट्र की अस्मिता हैं, राम कोई राजनीतिक व्यक्ति नहीं हैं। राम कोई धार्मिक व्यक्ति भी नहीं हैं, राम सबके हैं। राम की आचार संहिता मार्गदर्शन देने वाली है। कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने जावेद अख्तर की बात का समर्थन किया है। अनवर के अनुसार राम कण-कण में हैं, राम को लेकर अनेक साहित्यकारों और कवियों ने यही बात कही है। इसी तरह कांग्रेस नेता उदित राज ने भगवान राम को लेकर जावेद अख्तर द्वारा कही गई बात को उनका नजरिया बताया है। समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने तो यहां तक कह दिया कि- मेरे तो घर में ही राम मंदिर है। मुझमें राम, तुझमें राम, रोम-रोम में राम, कण-कण में राम, यहां राम, जहां देखो तहां राम। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम आदर्श थे, हैं और रहेंगे।