पंचायत चुनाव अपडेट : दूसरे चरण का मतदान 1 जुलाई को बाजना व सैलाना विकासखंड में, मतदान सामग्री वितरित

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को होगा। इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक डॉ. अशोक भार्गव ने गुरुवार को सैलाना व बाजना जनपद क्षेत्र के मतदान केंद्रों और सामग्री वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।

पंचायत चुनाव अपडेट : दूसरे चरण का मतदान 1 जुलाई को बाजना व सैलाना विकासखंड में, मतदान सामग्री वितरित
निर्वाचन प्रेक्षक डॉ. अशोक भार्गव सैलाना में चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के दौरान दिशा-निर्देश देते हुए।

निर्वाचन प्रेक्षक डॉ. अशोक भार्गव ने मतदान सामग्री वितरण स्थल का किया निरीक्षण

एसीएन टाइम्स @ रतलाम त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के द्वितीय चरण में 1 जुलाई शुक्रवार को रतलाम जिले के सैलाना एवं बाजना विकासखंड में मतदान होगा। मतदान सुबह 7:00 बजे से आरंभ होकर दोपहर 3:00 बजे तक चलेगा। इसके पश्चात मतदान केंद्र पर ही मतों की गणना की जाएगी। इन विकासखंडों में मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण संबंधित विकासखंड मुख्यालय से गुरुवार को होगा।

त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत शुक्रवार को द्वितीय चरण का मतदान होना है। बाजना विकासखंड में जनपद क्षेत्र के वार्डों की संख्या 20 है। इनमें 65 ग्राम पंचायते हैं जिनमें 1085 वार्ड शामिल हैं। इसके लि एयहां यहां 199 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। जहां बाजना जनपद के 1 लाख 09 हजार 564 मतदाता हैं। इनमें 54 हजार 108 पुरुष एवं 55 हजार 456 महिला मतदाता हैं।

इसी तरह सैलाना विकासखंड में जनपद क्षेत्रों के वार्डों की संख्या 15 है। यहां 47 ग्राम पंचायतें हैं और जिनमें 823 वार्ड हैं। यहां कुल 156 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सैलाना में कुल मतदाताओं की संख्या 85 हजार 904 है। इनमें पुरुष मतदाता 42 हजार 062 एवं महिला मतदाता 43 हजार 842 हैं। दोनों ही जनपदों में होने वाले मतदान के लिए मतदान सामग्री का वितरण गुरुवार को किया गया। 

मतदान केंद्रों और वितरण व्यवस्था का लिया जायजा

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. अशोक भार्गव ने सैलाना व बाजना पहुंच कर मतदान दलों को सामग्री वितरित की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौसम को दृष्टिगत रखते हुए मतदान दलों को सामग्री सावधानीपूर्वक वितरित करने एवं उन्हें मतदान केंद्रों तक व्यवस्थित पहुंचाने के निर्देश दिए। संबंधित विकासखंड मुख्यालय से मतदान दल सामग्री प्राप्त करने के उपरांत मतदान केंद्रों पर पहुंचे तथा मतदान केंद्रों की सभी व्यवस्थाएं पूर्ण की।

निर्वाचन प्रेक्षक ने मतदान केंद्रों का भी किया निरीक्षण

निर्वाचन पर्यवेक्षक डॉ. भार्गव ने रतलाम जिले की सैलाना-बाजना विकासखंड के मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने दोनों विकासखंड क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का अवलोकन कर वहां की व्यवस्थाएं भी देखीं। मतदान सामग्री के साथ केंद्र पहुंचे मतदान दलों की तैयारियां और मतदान दिवस पर मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाएं भी देखी। उन्होंने मौसम को दृष्टिगत रखते हुए मतदाताओं को मतदान केंद्र के बाहर कतारबद्ध होने की स्थिति में आवश्यक व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा मतदान केंद्र तक पहुंचने के मार्ग को व्यवस्थित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों से कहा। डॉ. भार्गव ने आडवानिया के दो, शिवगढ़ के दो, खेरदा के दो मतदान केंद्रों, पिपलीपाड़ा के दो मतदान केन्द्रों  तथा छावनी झोड़िया के दो मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।