75 की उम्र में फिर धड़का दिल ! 30 साल की ‘रानी’ से हुआ प्यार, अब बजेगी शादी की शहनाई!
औरैया के 75 वर्षीय रामसुगर और 30 वर्षीय इंस्टाग्राम ब्लॉगर रानी राजपूत की प्रेम कहानी चर्चा में है। सगाई का वीडियो वायरल, जल्द होगी शादी।
बेटी के घर वीडियो शूटिंग के लिए आने-जाने के दौरान बढ़ीं मुलाकातें, दो साल के परिचय के बीच पनपा प्यार; ब्यूटी पार्लर में हुई सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
एसीएन टाइम्स @ डेस्क । मोहब्बत की कहानी जब शुरू होती है, तो उम्र के आंकड़े और जिंदगी के फासले भी कई बार पीछे छूट जाते हैं। उत्तर प्रदेश के औरैया और सहार क्षेत्र में इन दिनों एक ऐसी ही अनोखी प्रेम कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है। सहार ब्लॉक के अरियारी गांव के रहने वाले 75 वर्षीय रामसुगर और 30 वर्षीय इंस्टाग्राम ब्लॉगर रानी राजपूत ने अपने रिश्ते को शादी के बंधन में बदलने का फैसला किया है। दोनों की सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह कहानी तेजी से सुर्खियों में आ गई है।
रामसुगर और रानी राजपूत की मुलाकातों की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं लगती। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रानी करीब दो वर्षों से बुजुर्ग रामसुगर के घर आती-जाती थीं। रामसुगर की बेटी राधा भी यूट्यूबर हैं और रानी उनके घर अक्सर वीडियो शूट करने के लिए पहुंचती थीं। शुरुआत में यह आना-जाना वीडियो शूटिंग और परिचय तक सीमित था, लेकिन समय के साथ मुलाकातों का सिलसिला बढ़ता गया। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह परिचय धीरे-धीरे प्यार में बदल गया।
ये भी पढ़ें
सात साल पहले पत्नी का निधन, अब ब्लॉगर बनी ‘दिल की रानी’
रामसुगर की जिंदगी में यह रिश्ता ऐसे समय आया, जब वह पहले ही एक बड़ा व्यक्तिगत दुख झेल चुके थे। करीब सात वर्ष पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था। इसके बाद जिंदगी के इस पड़ाव पर रानी राजपूत के रूप में उन्हें अपना हमसफर नजर आया। अब दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया है और अपने रिश्ते को विवाह के बंधन तक ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।
औरैया के ब्यूटी पार्लर में हुई सगाई, बेटी राधा ने दी जानकारी
इस प्रेम कहानी में अगला अहम पड़ाव करीब एक सप्ताह पहले आया, जब औरैया के एक ब्यूटी पार्लर में रामसुगर और रानी राजपूत की सगाई हुई। रामसुगर की बेटी राधा ने सगाई की जानकारी साझा की। इस मौके का वीडियो जैसे ही इंस्टाग्राम पर अपलोड हुआ, वह तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद 75 वर्षीय रामसुगर और 30 वर्षीय रानी के रिश्ते को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
ये भी पढ़ें
अब शादी की तैयारियां, रीति-रिवाजों से विवाह की योजना
सगाई के बाद अब दोनों परिवारों की ओर से विवाह की तैयारियां जोर-शोर से शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। परिजनों के अनुसार, इस रिश्ते को आधिकारिक रूप देते हुए जल्द ही दोनों पूरे रीति-रिवाजों और परंपराओं के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे। परिवार की सहमति और दोनों की रजामंदी से आगे बढ़ रहा यह रिश्ता इलाके में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है।
एक ओर सोशल मीडिया पर सगाई का वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है, तो दूसरी ओर इस रिश्ते को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल, रामसुगर और रानी राजपूत की प्रेम कहानी का अगला अध्याय उनकी शादी होगी, जिसका इंतजार अब क्षेत्र के लोगों को है।
ये भी पढ़ें








