शक्ति पर्व ! 11 से 20 अक्टूबर तक सजेगा कालिका माता नवरात्रि मेला, हर रात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की होगी धूम
रतलाम में 11 से 20 अक्टूबर तक कालिका माता नवरात्रि मेला लगेगा। कार्यक्रमों में सेलिब्रिटी नाइट, हास्य कवि सम्मेलन, भजन संध्या और दशहरे पर रावण दहन होंगे।
मंत्री चेतन्य काश्यप और सांसद अनीता चौहान रविवार को करेंगे मेले का शुभारंभ, कवि सम्मेलन, सेलिब्रिटी नाइट और भजन संध्या होंगे प्रमुख आकर्षण
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । श्री कालिका माता मंदिर परिसर में 11 से 20 अक्टूबर तक 10 दिवसीय श्री कालिका माता नवरात्रि मेले का आयोजन होगा। मेले का शुभारंभ रविवार, 11 अक्टूबर को शाम 7 बजे निगम रंगमंच पर होगा। नगर निगम ने मेले को भव्य स्वरूप देने के साथ प्रतिदिन सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रमों की तैयारियां की हैं।
शुभारंभ समारोह में मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप और रतलाम-झाबुआ-अलीराजपुर की सांसद अनीता चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महापौर प्रहलाद पटेल समारोह की अध्यक्षता करेंगे। पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा विशेष अतिथि रहेंगे। नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया सहित एमआईसी सदस्य, पार्षद और एल्डरमैन भी उपस्थित रहेंगे। शुभारंभ पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा।
ये भी पढ़ें
2सेवा संकल्प अभियान ! रतलाम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बनाई ‘वी विल डू इट’ की भव्य आकृति, मंत्री चेतन्य काश्यप बोले- विकसित भारत-2047 के संकल्प में सहभागिता का संदेश
भजन संध्या से लेकर सेलिब्रिटी नाइट तक, हर दिन खास आयोजन
नगर निगम रंगमंच पर प्रतिदिन रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इनमें गरबा, भक्ति संगीत, ऑर्केस्ट्रा, डांसिंग नाइट, सेलिब्रिटी नाइट और अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन सहित विभिन्न प्रस्तुतियां शामिल हैं।
मेले के पहले दिन 11 अक्टूबर को श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट की बालिकाएं गरबा नृत्य, भक्ति संगीत और उत्सव की प्रस्तुति देंगी। 12 अक्टूबर को स्थानीय कलाकारों का ऑर्केस्ट्रा होगा। 13 अक्टूबर को प्रसि्द्ध भजन गायक-गायिकाओं का सुर संगम सजेगा। 14 अक्टूबर को डांसिंग नाइट और 15 अक्टूबर को सेलिब्रिटी नाइट का आयोजन किया जाएगा।
16 अक्टूबर को अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन होगा। 17 अक्टूबर को प्रसिद्ध भजन गायक की भजन संध्या और 18 अक्टूबर को भक्ति संध्या आयोजित की जाएगी। 19 अक्टूबर को लाइव बैंड ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति होगी।
दशहरे पर रावण दहन और आतिशबाजी
मेले का समापन 20 अक्टूबर को दशहरे के आयोजन के साथ होगा। इस दिन नेहरू स्टेडियम (पोलोग्राउंड) में आकर्षक आतिशबाजी और ब्रासो बैंड की धुन के साथ रावण दहन किया जाएगा। बरबड़ हनुमान मंदिर मेला परिसर में भी आकर्षक आतिशबाजी और रावण दहन का आयोजन प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल है।
ये भी पढ़ें
नगर निगम ने नागरिकों से की अपील
महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, निगम आयुक्त अनिल भाना, नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, पार्षद प्रीति कसेरा, कविता सुनील महावर और एल्डरमैन ने नागरिकों से मेले के शुभारंभ समारोह तथा प्रतिदिन होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। नगर निगम ने नागरिकों से सहभागिता कर मेले को सफल बनाने का आग्रह किया है।
ये भी पढ़ें







