खेल उपलब्धि ! विक्रम अवॉर्डी रतलाम के संजय वशिष्ठ चुनेंगे सब-जूनियर भारतीय बॉस्केट बाल टीम, बीएफआई ने सौंपी अहम् जिम्मेदारी
रतलाम के अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं विक्रम पुरस्कार से सम्मानित संजय वशिष्ठ को बीएफआई ने विजयवाड़ा सब-जूनियर प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम चयन समिति का सदस्य बनाया है।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम। रतलाम के अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी और विक्रम पुरस्कार से सम्मानित संजय वशिष्ठ के खेल जीवन में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) ने अब उन्हें भारतीय सब-जूनियर बास्केटबॉल टीम के खिलाड़ियों के चयन की जिम्मेदारी सौंपी है। विजयवाड़ा में 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली सब-जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए गठित भारतीय टीम की चयन समिति में संजय वशिष्ठ को सदस्य मनोनीत किया गया है।
इस जिम्मेदारी के साथ संजय वशिष्ठ अब सिर्फ भारतीय बास्केटबॉल से जुड़े खिलाड़ी और अनुभवी खेलकर्मी के रूप में ही नहीं, बल्कि देश की अगली पीढ़ी की बास्केटबॉल प्रतिभाओं को भारतीय टीम तक पहुंचाने वाली चयन प्रक्रिया का हिस्सा होंगे। चयन समिति के सदस्य के रूप में वे प्रतियोगिता के लिए भारतीय सब-जूनियर टीम में शामिल किए जाने वाले खिलाड़ियों के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
संजय वशिष्ठ का भारतीय बास्केटबॉल से जुड़ा लंबा अनुभव और खेल की बारीकियों पर उनकी पकड़ उन्हें लगातार राष्ट्रीय स्तर की चयन जिम्मेदारियों तक ले जा रही है। रतलाम से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले वशिष्ठ को अब देश की नई बास्केटबॉल प्रतिभाओं के चयन की जिम्मेदारी मिलना शहर के खेल जगत के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने भी संजय वशिष्ठ की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे रतलाम के लिए गौरव का विषय बताया है।
ये भी पढ़ें
पहले भी भारतीय टीमों के चयन में निभा चुके हैं जिम्मेदारी
यह पहली बार नहीं है जब संजय वशिष्ठ को भारतीय टीम के चयन की जिम्मेदारी मिली है। वे इससे पहले भी विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भारतीय टीमों के चयन की प्रक्रिया का हिस्सा रह चुके हैं। भुवनेश्वर और पुडुचेरी में आयोजित जूनियर एवं यूथ स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भारतीय टीम के चयन हेतु गठित चयन समितियों में भी संजय वशिष्ठ को सदस्य बनाया गया था। इसके अलावा वे भारतीय रेलवे की चयन समिति के सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इस तरह खिलाड़ी के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव हासिल करने के बाद चयनकर्ता के रूप में भारतीय बास्केटबॉल की नई प्रतिभाओं को परखने की उनकी भूमिका लगातार मजबूत हुई है।
रेलवे से सेवानिवृत्ति के बाद भी खेल से निरंतर जुड़ाव
भारतीय रेलवे में वाणिज्य निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त संजय वशिष्ठ वर्तमान में भी बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया से जुड़े रहते हुए खेल के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बीएफआई के सचिव कुलविंदर गिल द्वारा भेजे गए पत्र के माध्यम से उन्हें विजयवाड़ा प्रतियोगिता के लिए गठित भारतीय टीम की चयन समिति में सदस्य बनाए जाने की जानकारी दी गई है। संजय वशिष्ठ की यह नई जिम्मेदारी उनके लंबे खेल अनुभव और भारतीय बास्केटबॉल में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मिली एक और महत्वपूर्ण मान्यता के रूप में देखी जा रही है।
ये भी पढ़ें
खेल जगत ने दी बधाई
संजय वशिष्ठ के चयन पर रतलाम जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष सुशील अजमेरा, उपाध्यक्ष देवेंद्र वाधवा, सुनील दुबे, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष भगत सिंह भदौरिया, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, रेडक्रॉस समिति के सदस्य सुनील पारिख, वॉलीबॉल संगठन के प्रकाश व्यास, क्रिकेट संघ के अनुज शर्मा, सेवानिवृत्त खेल अधिकारी जोस चाको सहित शहर के विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारियों और खेलप्रेमियों ने बधाई दी है। सभी ने संजय वशिष्ठ के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







