गुणानुवाद सभा में दिखी प्रतिभा ! बच्चों ने आंखों पर पट्टी बांधकर रंग पहचाने और किताब पढ़ी, क्यूब पजल हल कर चौंकाया, नन्हीं नीति कटारिया को मिला विशेष सम्मान

रतलाम में चातुर्मास समापन पर जैन दिवाकर श्री चौथमलजी म.सा. की जन्म जयंती एवं उपाध्याय श्री कस्तूरचंदजी म.सा. की दीक्षा जयंती पर गुणानुवाद सभा भी आयोजित हुई। इसमें बच्चों ने आंखों पर पट्टी बांधकर रंग पहचाने, किताब पढ़ी और क्यूब पजल हल किया।

गुणानुवाद सभा में दिखी प्रतिभा ! बच्चों ने आंखों पर पट्टी बांधकर रंग पहचाने और किताब पढ़ी, क्यूब पजल हल कर चौंकाया, नन्हीं नीति कटारिया को मिला विशेष सम्मान
चातुर्मास के समापन पर गुणानुवाद सभा का आयोजन किया गया।
  • रतलाम में चातुर्मास समापन पर आयोजित धार्मिक एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम में बच्चों ने दिखाई विशेष कलाएं, नन्हीं नीति कटारिया को मिला विशेष सम्मान

  • जैन दिवाकर श्री चौथमलजी म.सा. की 149वीं जन्म जयंती एवं मालव रत्न उपाध्याय श्री कस्तूरचंदजी म.सा. की 121वीं दीक्षा जयंती पर हुई गुणानुवाद सभा

  • प्रवर्तक प्रकाशमुनि म.सा. बोले- रतलाम का श्रीसंघ भाग्यशाली, जहां सदैव संत-महापुरुषों का आशीर्वाद मिलता रहा

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । धार्मिक आयोजन के दौरान बच्चों ने आंखों पर काली पट्टी बांधकर रंगों की पहचान की, किताब भी पढ़ी और क्यूब पजल भी हल की। रतलाम में चातुर्मास समापन के अवसर पर आयोजित धार्मिक एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी इन विशेष कलाओं का प्रदर्शन कर उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं को चौंका दिया। महासतियों ने चातुर्मास के दौरान बच्चों को ये कलाएं सिखाई थीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नन्हीं बालिका नीति कटारिया को विशेष सम्मान भी मिला।

यह कार्यक्रम जैन दिवाकर स्मारक में जैन दिवाकर श्री चौथमलजी म.सा. की 149वीं जन्म जयंती तथा मालव रत्न, ज्योतिषाचार्य उपाध्याय गुरुदेव श्री कस्तूरचंदजी म.सा. की 121वीं दीक्षा जयंती के अवसर पर आयोजित गुणानुवाद सभा के दौरान हुआ। सभा में श्रमण संघीय प्रवर्तक प्रकाशमुनि जी म.सा. ने कहा कि रतलाम का श्रीसंघ भाग्यशाली है, जहां सदैव संत-महापुरुषों का आशीर्वाद प्राप्त होता रहा है।

महासतियों ने बच्चों को सिखाईं विशेष कलाएं, प्रतिक्रमण सीखने वालों को भी पुरस्कार

श्रीसंघ की मीडिया प्रभारी नीलेश बाफना ने बताया कि धर्मसभा का शुभारंभ दिवाकर चालीसा एवं गुरु गणेश अष्टक के मंगलाचरण के साथ हुआ। चातुर्मास के दौरान संपूर्ण प्रतिक्रमण सीखने वाले बच्चों सहज कटारिया एवं श्रेयांश बाफना को नवयुवक मंडल तथा दिवाकर पाठशाला परिवार की ओर से नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। महासतियों ने बच्चों को दोनों हाथों से एक साथ अलग-अलग लिखने, आंखों पर काली पट्टी बांधकर रंगों की पहचान करने, किताब पढ़ने एवं क्यूब पजल हल करने जैसी विशेष कलाएं भी सिखाईं। धर्मसभा में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर नन्हीं बालिका नीति कटारिया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

ये भी पढ़ें

रतलाम का श्रीसंघ भाग्यशाली, संत-महापुरुषों का मिलता रहा आशीर्वाद : प्रवर्तक प्रकाशमुनि

गुणानुवाद सभा में श्रमण संघीय प्रवर्तक प्रकाशमुनि जी म.सा. ने कहा कि जैन दिवाकर स्मारक का निर्माण पूज्य घोर तपस्वी मोहन मुनि म.सा. की प्रेरणा से हुआ है। उन्होंने सदैव अपने गुरुदेव श्री जैन दिवाकरजी के नाम को आगे बढ़ाया और कभी स्वयं के नाम को प्रमुखता नहीं दी। प्रवर्तक प्रकाशमुनि जी म.सा. ने फरमाया कि रतलाम का श्रीसंघ अत्यंत भाग्यशाली है, जहां सदैव संत-महापुरुषों का आशीर्वाद प्राप्त होता रहा है। उन्होंने बताया कि 'दिवाकर जी की प्रार्थना सात कीजो जी, श्री शांतिनाथ जी शिव सुख दीजो जी' सहित सातों वार की प्रार्थनाओं की रचना की गई। दिवाकरजी एवं सौभाग्यमलजी म.सा. ने संघ और समाज को आचार्य प्रदान किए, लेकिन स्वयं कभी पद की लालसा नहीं रखी। मालव रत्न कस्तूरचंदजी म.सा. ने दुखियों के दुख-दर्द दूर करने के लिए संपन्न लोगों को प्रेरित किया और उनकी लक्ष्मी का सदुपयोग करवाया।

महासती प्रफुल्ला श्रीजी ने किया गुरुदेवों का स्मरण

धर्मसभा को संबोधित करते हुए पूज्य महासती श्री प्रफुल्ला श्रीजी ने कहा कि रतलाम नगरी पर सदैव संत-महापुरुषों का आशीर्वाद रहा है। ज्योतिषाचार्य कस्तूरचंदजी म.सा. दीक्षा मुहूर्त सहित प्रत्येक शुभ कार्य के लिए मुहूर्त प्रदान करते थे। मेरी दीक्षा का मुहूर्त भी गुरुदेव ने ही प्रदान किया था। पूज्य गणेशीलालजी म.सा. मिथ्यात्व के घोर विरोधी एवं उग्र तपस्वी थे। वे गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को भी उपवास की प्रेरणा देकर तपस्या करवाते थे। इस अवसर पर साध्वी महिमा जी म.सा. ने गुरु भक्ति पर सुंदर भजन प्रस्तुत कर उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं को भक्तिरस से भावविभोर कर दिया।

ये भी पढ़ें

चातुर्मास की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया

नवयुवक मंडल अध्यक्ष आशीष कटारिया ने चातुर्मास काल के दौरान आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। श्रीसंघ अध्यक्ष अजय खिमेसरा ने पूज्य गुरुदेव श्री चौथमलजी म.सा. की महिमा का वर्णन करते हुए उन्हें प्रातः स्मरणीय बताया। पूज्य गुरुदेव मुनीन्द्र ने जैन दिवाकर की प्रार्थना 'करो आनंद एक मंगलकारी मंत्र है' की। उन्होंने कहा इसके स्मरण से विपत्तियां एवं बाधाएं दूर होती हैं।

उन्होंने ज्योतिषाचार्य पूज्य कस्तूरचंदजी म.सा. का स्मरण करते हुए बताया कि वे गरीब एवं दुखी व्यक्तियों की गुप्त रूप से सहायता करवाते थे। आज 45 वर्षों बाद भी भक्तगण उनके पाट के दर्शन करने नियमित आते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए श्रद्धा प्रकट करते हैं। पूज्य गुरुदेव गणेशीलालजी म.सा. मिथ्यात्व के प्रबल विरोधी एवं कठोर तपस्वी थे।

दोनों श्रीसंघों में चातुर्मास की पुरानी परंपरा पुनः शुरू करने का सुझाव

महेंद्र बोथरा ने दोनों श्रीसंघों के बीच बेहतर सामंजस्य एवं एकता की सराहना की। उन्होंने सुझाव दिया कि पूर्व की परंपरा को पुनः प्रारंभ किया जाना चाहिए, जिसके अंतर्गत एक वर्ष नीमचौक श्रीसंघ में तथा एक वर्ष धर्मदास सौभाग्य श्रीसंघ में चातुर्मास आयोजित हो। संचालन विनोद बाफना ने किया। आभार विनोद कटारिया ने माना। लाभार्थी सोहन बाई-शैतानमलजी, शीला देवी-विजय कुमार, खुशबू-जितेंद्र, दीपशिखा-आशीष, पार्श्व पर्व तथा प्रियांशी-लव्या पटवा परिवार रहे।

ये भी पढ़ें

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर श्रीसंघ अध्यक्ष अजय खिमेसरा, महामंत्री विनोद कटारिया, कोषाध्यक्ष अमृत कटारिया, संघ रत्न इंदरमल जैन, महेंद्र बोथरा, मणिलाल कटारिया, सुरेश कटारिया, ललित पटवा, प्रेम कुमार मोगरा, जयंतीलाल डांगी, विनोद बाफना, प्रकाश मेहता, विजय कटारिया, विजय पटवा, नवयुवक मंडल अध्यक्ष आशीष कटारिया, वीरेंद्र कटारिया, अरिहंत बोराणा, पंकज पटवा, मनीष भटेवरा, रितेश मूणत, बहु मंडल अध्यक्ष रीना गांधी, ऋतु कटारिया, समता पितलिया, महिला मंडल अध्यक्ष मीना बोथरा, उषा बोथरा, बालिका मंडल अध्यक्ष रक्षिता पटवा, जियांशी कटारिया, बालक मंडल अध्यक्ष लक्ष्य कटारिया, श्रेयांश बाफना, शुभ बोराणा सहित धर्मदास सौभाग्य श्रीसंघ के प्रकाश मूणत, संदीप चोरड़िया, रखब चत्तर आदि सदस्य उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें