राष्ट्रीय संगोष्ठी : भारतीय साहित्य और दर्शन की परंपरा के अद्वितीय संवाहक थे आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी- प्रो. अखिलेश कुमार पांडेय

आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी की जंयीती पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने आचार्य त्रिपाठी के व्यक्तित्व और कृतीत्व पर चर्चा की।

राष्ट्रीय संगोष्ठी : भारतीय साहित्य और दर्शन की परंपरा के अद्वितीय संवाहक थे आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी- प्रो. अखिलेश कुमार पांडेय

आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी जयन्ती समारोह एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी सम्पन्न 

एसीएन टाइम्स @ उज्जैन । आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी भारतीय साहित्य एवं दर्शन की परंपरा के संवाहक थे। भारतीय परंपरा में गुरु, माता और पिता की भक्ति को महत्व मिला है। अनेक साहित्यकारों और शोधार्थियों के व्यक्तित्व के निर्माण में आचार्य त्रिपाठी जैसे गुरुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आचार्य त्रिपाठी का स्मरण करना गुरु शिष्य परंपरा को महत्व देना है। 

यह बात विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार पांडेय ने कही। वे प्रख्यात मनीषी और समालोचक आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी की 93वीं जयंती समारोह के तहत आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। संगोष्ठी का आयोजन विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के वाग्देवी भवन स्थित हिंदी अध्ययनशाला सभागार में किया गया। अध्यक्षता पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो हरिमोहन बुधौलिया ने की। अन्य वक्ताओं में समालोचक प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा, प्रो. गीता नायक, डॉ. जगदीशचंद्र शर्मा, डॉ. विभा दुबे (मिर्जापुर, उप्र) एवं डॉ. विवेक चौरसिया थे। वक्ताओं ने अपने व्याख्यानों के माध्यम से आचार्य त्रिपाठी जी के जीवन, लेखन और आलोचना के क्षेत्र में योगदान पर प्रकाश डाला।

विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के वाग्देवी भवन स्थित हिंदी अध्ययनशाला सभागार में राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी प्रख्यात मनीषी और समालोचक आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी की 93वीं जयंती समारोह के तहत आयोजित हुई। इसमें त्रिपाठी के आलोचना कर्म के विविध आयामों पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि विक्रम विश्वविद्यालय के  कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार पांडेय रहे। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिव चौरसिया को आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी सम्मान से अलंकृत किया गया।

2028 से आचार्य त्रिपाठी के जन्म शताब्दी वर्ष का आयोजन होगा- प्रो. शैलेंद्र शर्मा

कला संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि आचार्य त्रिपाठी ने भारतीय रस और ध्वनि सिद्धान्तों की अभिनव व्याख्या की। उनकी आलोचना पद्धति भारतीय चिंतन धारा की सुदृढ़ आधार भूमि पर खड़ी हुई है। वे मानते थे कि आलोचक संवेदनागत सौन्दर्य के जितना नजदीक होगा, आलोचना के मूल मर्म के साथ न्याय कर पाएगा। उनकी दृष्टि में आलोचना, कृति के माध्यम से साक्षात्कृत मूल संवेदना का सर्जनात्मक पुनराख्यान है। आचार्य त्रिपाठी की दृष्टि में तंत्र एक ऐसी युक्ति का नाम है जिसके माध्यम से हम अपनी अपरिमेय संभावनाओं से युक्त शक्ति को स्वायत्त कर सकते हैं, जो अज्ञान के कारण प्रसुप्त पड़ी हुई है। सन 2028 से आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी के जन्म शताब्दी वर्ष को बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा।

आचार्य राचंद्र शुक्ल की सूत्रात्मक थी आचार्य त्रिपाठी की कार्यशैली- प्रो. नायक

प्रो. गीता नायक ने कहा कि आचार्य त्रिपाठी का व्यक्तित्व अत्यंत सहज और सरल था। वे भारतीय काव्यशास्त्र के धुरीण  विद्वान थे। उनकी शैली आचार्य रामचंद्र शुक्ल की तरह सूत्रात्मक थी। उनकी मान्यता थी कि काव्य के प्रतिमान परिवर्तनशील है। इसलिए काव्य का लक्षण मानवीय अनुभूतियों के आधार पर दिया जाना चाहिए। उन्होंने काव्य के हेतुओं पर व्यापक प्रकाश डाला, जो आज भी प्रासंगिक है।

दृष्टिवादी किंतु अधिकार भक्ति साहित्य पर असाधारण अधिकार था- डॉ. शर्मा

डॉ. जगदीश चंद्र शर्मा ने कहा कि आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी ने भारतीय काव्यशास्त्र के प्रतिमानों को लेकर महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने सभी काव्य धाराओं की समीक्षा उन प्रतिमानों के आधार पर की। भक्ति साहित्य पर उनका असाधारण अधिकार था। उन्होंने अल्प चर्चित काव्यधारा और कवियों की चर्चा करते हुए उनके महत्व का प्रतिपादन किया। उनकी दृष्टि आस्थावादी थी। नई आलोचना और रचनाओं की सम्यक् पड़ताल भी उन्होंने की।

अविस्मरणीय रहेगा भारतीय काव्यशास्त्र में योगदान- डॉ. चौरसिया

सारस्वत अतिथि डॉ. शिव चौरसिया ने कहा कि आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी ने हिंदी साहित्य के इतिहास का पुनर्लेखन किया था। भारतीय संस्कृति और परंपरा के प्रति उनमें गहरी निष्ठा थी। भारतीय काव्यशास्त्र एवं चिंतन के महत्वपूर्ण विद्वान के रूप में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। डॉ. विवेक चौरसिया ने आचार्य त्रिपाठी पुस्तक गुरु महिमा पर चर्चा करते हुए कहा कि जिस पर गुरु की कृपा हो जाती है उसे देवत्व मिल सकता है। 

विद्यार्थियों में ऊर्ध्वगामी संभावनाओं कोचरितार्थ करने पर दिया बल

अध्यक्षीय उद्बोधन डॉक्टर हरिमोहन बुधौलिया ने दिया। उन्होंने कहा कि आचार्य त्रिपाठी ने विद्यार्थियों में ऊर्ध्वगामी संभावनाओं को चरितार्थ करने पर बल दिया। उनमें गहरी साहित्यिक एवं आध्यात्मिक मेघा थी। डॉ. विभा दुबे ने आचार्य त्रिपाठी से जुड़े संस्मरण सुनाते हुए कहा कि आचार्य त्रिपाठी पुरातनता के साथ प्रगतिशीलता के पोषक थे। वे परिवारजनों के बीच गुरु के रूप में थे। उनकी शिक्षा आज भी हम लोगों के लिए पाथेय बनी हुई है। 

डॉ. चौरसिया का किया स्वागत, सम्मान निधि भी भेंट की

वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिव चौरसिया को अतिथियों द्वारा शॉल, श्रीफल एवं सम्मान राशि अर्पित कर उन्हें आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी सम्मान से अलंकृत किया गया। इस दौरान अमिताभ त्रिपाठी, पद्मनाभ त्रिपाठी आदि सहित अनेक साहित्यकार, विभिन्न प्रान्तों के शोधकर्ता एवं आचार्य त्रिपाठी के परिवारजन उपस्थित थे। संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. जगदीश चंद्र शर्मा ने किया।