पुतिन के विशेष आमंत्रण पर रूस पहुंचे 12 वर्षीय सिद्धांत नीखरा, AI चैलेंज में भारत के इकलौते प्रतिभागी, 75 देशों के 10 हजार से ज्यादा प्रतिभागी हुए थे शामिल
भोपाल के 12 वर्षीय सिद्धांत नीखरा ने रूस में आयोजित AI Challenge 2026 में 97.2 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ फाइनल में जगह बनाई। भारत के इकलौते प्रतिभागी सिद्धांत को राष्ट्रपति पुतिन के विशेष कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया।
- 97.2 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ फाइनल में बनाई जगह, 75 से अधिक देशों के 10 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों के बीच हासिल की बड़ी उपलब्धि
- राष्ट्रपति पुतिन और कजाकिस्तान के राष्ट्रपति से मिले विशेष उपहार
एसीएन टाइम्स @ भोपाल/रतलाम । मध्यप्रदेश के 12 वर्षीय सिद्धांत नीखरा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। रूस में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता AI Challenge 2026 में सिद्धांत ने अपनी प्रतिभा और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर कैटेगरी में फाइनल के लिए जगह बनाई है। प्रतियोगिता में 97.2 प्रतिशत एक्यूरेसी हासिल करने वाले सिद्धांत पूरे भारत से शामिल हुए प्रतिभागियों में एकमात्र भारतीय हैं। उनकी इस उपलब्धि के चलते उन्हें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विशेष आमंत्रण पर एक सीमित प्रवेश वाले कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला, जहां दुनिया की कई प्रमुख हस्तियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के भविष्य पर चर्चा की।
AI Challenge 2026 एक अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन प्रतियोगिता है, जिसका आयोजन पिछले छह वर्षों से लगातार रूस में किया जा रहा है। इस वर्ष भी प्रतियोगिता में दुनिया के 75 से अधिक देशों के 10 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता तीन कैटेगरी में आयोजित की गई थी। इनमें 13 वर्ष से कम आयु के प्रतिभागियों के लिए बिगिनर, 18 वर्ष से कम आयु के प्रतिभागियों के लिए जूनियर तथा कॉलेज और यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों के लिए अलग कैटेगरी रखी गई थी। प्रतियोगिता में व्यक्तिगत और टीम, दोनों प्रकार से भाग लेने की व्यवस्था थी।
सिद्धांत ने जूनियर कैटेगरी में हिस्सा लिया और प्रतियोगिता के सभी चरणों को पार करते हुए 97.2 प्रतिशत एक्यूरेसी हासिल की। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन फाइनल के लिए हुआ। पूरे भारत से प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों में सिद्धांत एकमात्र भारतीय हैं।
राष्ट्रपति पुतिन के विशेष आमंत्रण पर पहुंचे कार्यक्रम में
सिद्धांत की इस उपलब्धि के बाद उन्हें अपने पिता डॉ. योगेश नीखरा के साथ रूस में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण मिला। राष्ट्रपति पुतिन के इस सीमित प्रवेश वाले कार्यक्रम में सिद्धांत को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में उन्हें राष्ट्रपति पुतिन के पीछे दूसरी पंक्ति में स्थान दिया गया।
26 नवंबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति तथा कई अन्य विशिष्ट हस्तियां शामिल हुईं। कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की संभावनाओं, भविष्य में इसके बेहतर उपयोग, AI के विकास में सरकारों की भूमिका तथा विभिन्न क्षेत्रों में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी प्रमुख हस्तियों ने AI के भविष्य और इसके प्रभावी उपयोग को लेकर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम बेहद सफल रहा। राष्ट्रपति पुतिन सहित उपस्थित गणमान्य अधिकारी कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों से काफी प्रसन्न थे।
ये भी पढ़ें
दोनों राष्ट्रपतियों की ओर से मिले विशेष उपहार
इस विशेष कार्यक्रम में सिद्धांत को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और कजाकिस्तान के राष्ट्रपति की ओर से विशेष उपहार भी दिए गए। इनमें कजाकिस्तान की प्रसिद्ध चॉकलेट, इलेक्ट्रॉनिक डायरी, AI सिरी स्पीकर, AI बुक सहित कई अन्य उपहार शामिल हैं। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस तरह की उपलब्धि हासिल करना और विश्व के प्रमुख नेताओं के विशेष कार्यक्रम में आमंत्रित होना सिद्धांत के लिए गौरवपूर्ण अवसर है।
28 नवंबर को होगा सिद्धांत का इंटरव्यू
रूस में 27 और 28 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सिद्धांत की भागीदारी अभी शेष है। 28 नवंबर को उनका इंटरव्यू भी निर्धारित है। इसके बाद प्रतियोगिता और कार्यक्रम से जुड़े आगामी चरणों की गतिविधियां पूरी होंगी।
7 दिसंबर को पूरे होंगे 12 वर्ष, माता-पिता डॉक्टर
सिद्धांत नीखरा की उम्र अभी 12 वर्ष है। आगामी 7 दिसंबर को वे 12 वर्ष पूरे कर 13वें वर्ष में प्रवेश करेंगे। वे भोपाल के रोहित नगर स्थित एसपीएस स्कूल में कक्षा छठवीं के विद्यार्थी हैं।
AI जैसी आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में इतनी कम उम्र में सिद्धांत की यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा, मेहनत और तकनीकी समझ का परिचायक है। प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने के साथ ही राष्ट्रपति पुतिन के विशेष कार्यक्रम में आमंत्रित होना सिद्धांत के लिए एक यादगार उपलब्धि बन गई है।





