ब्राह्मण प्रतिभाओं को लगे प्रोत्साहन रूपी पंख : 42 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, 40 को किताबें खरीदने के लिए राशि प्रदान की

ब्राह्मण समाज छात्रवृत्ति एवं आर्थिक सहायता न्यास द्वारा 28 साल से ब्राह्मण समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया जा रहा है। रविवार को 42 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। जरूरतमंद बच्चों को किताबें खरीदने के लिए राशि प्रदान की गई।

ब्राह्मण प्रतिभाओं को लगे प्रोत्साहन रूपी पंख : 42 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, 40 को किताबें खरीदने के लिए राशि प्रदान की
ब्राह्मण समाज छात्रवृत्ति एवं आर्थिक सहायता न्यास द्वारा सम्मानित ब्राह्मण समाज की प्रतिभाएं।

ब्राह्मण समाज छात्रवृत्ति एवं आर्थिक सहायता न्यास ने सम्मानित किया समाज की प्रतिभाओं को

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । ब्राह्मण समाज छात्रवृत्ति एवं आर्थिक सहायता न्यास ने ब्राह्मण समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित कर उन्हें बुलंदी का आसमान छूने के लिए प्रोत्साहित किया। शहर की 42 प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। समाज के जरूरतमंद 40 विद्यार्थियों को पुस्तक खरीदने के लिए राहत राशि भी प्रदान की गई। इस मौके पर अतिथियों ने न्यास द्वारा 28 वर्षों से लगातार किए जा रहे आयोजन की सराहना की। 

रविवार शाम को राजस्व कॉलोनी स्थित लायंस हाल पर ब्राह्मण समाज की प्रतिभाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। ब्राह्मण समाज के महापुरुषों और प्रतिभाओं के चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रवेश द्वार पर ही सभी ने विद्यादायनी मां सरस्वती को पुष्प अर्पित कर समारोह में शामिल हुए। समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं उद्योगपति प्रमोद व्यास रहे जबकि अध्यक्षता नगर निगम के अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने की। विशेष अतिथि डॉ. एस. के. जोशी रहे। न्यास के परामर्शदाता डॉ. डीएन पचोरी एवं पद्मश्री डॉक्टर लीला जोशी मंचासीन रहे।

प्रारंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पणकर दीप प्रज्वलित किया। अतिथियों का स्वागत न्यास के अध्यक्ष डॉ. अमर सारस्वत, सचिव अनुराग लोखंडे, सह सचिव गिरीश सारस्वत, उपाध्यक्ष शरद चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष सत्येंद्र जोशी, प्रचार सचिव डॉ. सुरेश जोशी सहित अन्य ने किया। स्वागत भाषण न्यास अध्यक्ष डॉ. सारस्वत ने दिया। 

गीत की हुई उम्दा प्रस्तुति, ब्राह्मण पार्षदों का हुआ अभिनंदन

दृष्टिहीन कलाकार भव्यराज सिंह राठौर ने गीत प्रस्तुत कर सभी को अभिभूत कर दिया। डॉ. सूर्यवंशी शर्मा एवं अश्विन शर्मा ने गीत प्रस्तुत किए। सिंथेसाइजर पर द्रुपद शर्मा, तबले पर प्रसन्न दुबे, गिटार पर कुमारी आंचल नागल ने संगत की। इस मौके पर नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों मनीषा शर्मा, सपना त्रिपाठी, विशाल शर्मा, हितेश शर्मा कॉमरेड सहित अन्य का शाल-श्रीफल से अभिनंदन किया गया।

शासन की सीमाएं होती हैं, समाज की नहीं- शर्मा

मुख्य अथिति निगम अध्यक्ष शर्मा ने कहा ब्राह्मण समाज छात्रवृत्ति एवं आर्थिक सहायता न्यास शहर में प्रतिभा सम्मान की अनूठी मिसाल प्रस्तुत कर रहा है। लगातार 28 साल से आयोजन करना समाज के उद्देश्य को दर्शाता है कि वे किसी भी स्थिति में अपने लक्ष्य से भटके नहीं हैं। शासन की अपनी सीमाएं होती हैं लेकिन प्रतिभाओं को निखारने के लिए समाज किसी प्रकार के बंधन में नहीं है। 

प्रतिभाएं बनाएं समाज में अपना मुकाम- डॉ. जोशी

शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. एस. के. जोशी ने कहा शिक्षा पर जोर देना बहुत जरूरी है। शिक्षा के बल पर ही ब्राह्मण समाज आगे बढ़ रहा है और बढ़ता रहेगा। बाधाओं से निराश ना हों। शिक्षा के क्षेत्र में अनेक प्रकार के विषय आ रहे हैं, जिनमें योग्यता हासिल करके आप खास मुकाम हासिल कर सकते हैं। अपना स्वयं का व्यवसाय भी करते हुए समाज जनों को रोजगार से लाभान्वित कर सकते हैं। समाज और देश का विकास युवाओं के माध्यम से हो।

राष्ट्रगान के साथ समापन

शंकराचार्य श्री स्वरूपानंद जी महाराज एवं पं. हर्ष दशोत्तर को 2 मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई । पूर्व प्राचार्य ओ. पी .मिश्रा के नेतृत्व में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संचालन विनीता ओझा, गिरीश सारस्वत एवं हितेश पाठक ने किया। आभार शरद चतुर्वेदी ने माना।

ये रहे मौजूद

पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. सुलोचना शर्मा, डॉ. सूर्यकांत शर्मा, बी. के. महेश्वरी, महेश लोखंडे, संजय ओझा, कीर्ति शर्मा, सुनील दुबे, संजय व्यास, रूद्रकुमार शर्मा एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों के अभिभावक आदि मौजूद रहे।