सम्मान साफा रैली ! सिर पर केसरिया साफा, हाथों में ध्वज और ओठों पर ‘श्रीराम’ और ‘महादेव’ के जयकारे, दौलत पहलवान के नेतृत्व में निकली रैली ने 3 घंटे में तय की 4 किमी दूरी
जवाहर व्यायामशाला (अम्बर ग्रुप) ने शिवरात्रि के उपलक्ष्य में सम्मान साफा रैली निकाली। इसमें करीब 5 हजार साफी युवाओं को बांधे गए। रैली ने 3 घंटे में 4 किमी दूरी तय की।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में जवाहर व्यायामशाला परिवार (अम्बर) ग्रुप द्वारा सम्मान साफा रैली निकाली गई। दौलत जाट पहलवान के नेतृत्व में निकली रैली ने 4 किमी की दूरी 3 घंटे में तय की। इसमें हजारों की संख्या में युवा केसरिया साफा बांधकर मोटरसाइकिल पर चल रहे थे। रैली में मातृ शक्ति भी उत्साह के साथ शामिल हुई। इस विशेष आयोजन के लिए राजस्थान के जोधपुर और पाली से लगभग 5000 साफे मंगवाए गए थे।

जवाहर व्यायाम शाला के सूरज पहलवान ने बताया कि 15 वर्षों से सम्मान साफा रैली का आयोजन महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। शुरुआत में लगभग 150 लोग जुड़े थे। धीरे-धीरे यह कारवां बढ़ता गया और आज लगभग 5 हजार लोग इससे जुड़ गए हैं। इस आयोजन का उद्देश्य सनातन परंपरा व संस्कृति की जानकारी छोटे-छोटे हिस्से तक पहुंचना चाहिए। साफा हमारे पहनावे का अभिन्न अंग है। साफे का सम्मान भी है और जिस व्यक्ति को साफा पहनाया जाता है उसका भी सम्मान है।
30 उस्ताद 2 घंटे तक बांधते रहे साफे
जवाहर व्यायामशाला परिसर में युवाओं को साफे बांधने की शुरुआत सुबह 10 बजे हुई थी। साफे बांधने के लिए शहर के आसपास क्षेत्र के 30 उस्तादों को आमंत्रित किया गया था। इससे दोपहर 12 बजे सम्मान रैली प्रारंभ हो सकी। यह सैलाना बस स्टैंड, शहर सराय, धानमंडी, नाहरपुरा, डालूमोदी बाजार, माणकचौक, घासबाजार, चांदनी चौक, त्रिपोलिया गेट होते हुए श्री गढ़ कैलाश मंदिर पहुंची। यहां भगवान श्री गढ़कैलाश का अभिषेक किया गया और महाआरती कर प्रसाद वितरित की गई। रैली का शहर में जगह-जगह मंच के माध्यम से अनेक सामाजिक संगठनों, संस्थाओं ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया।
ये हुए शामिल

सम्मान साफा वाहन रैली का नेतृत्व जवाहर व्यायामशाला के संचालक दौलत पहलवान ने किया। इसमें जगदीश पहलवान, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, सूरज पहलवान, अश्विन जायसवाल, अंबर पहलवान, अभिषेक पहलवान, वैभव पहलवान, मयंक जाट पहलवान, गौरव पहलवान, अमन पहलवान, सत्यदेव मलिक पहलवान, राजेश दवे, संजय दवे, प्रवीण सोनी, विप्लव जैन सहित बड़ी हजारों संख्या में युवा शामिल रहे।
📌 हमें गूगल न्यूज़ पर भी फॉलो करें |
