दर्दनाक हादसा : श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटी, दो की मौत, 24 से अधिक घायल, गूगेरी वाली माता के दर्शन करने जा रहे थे श्रद्धालु 

मप्र के गुना में दर्दनाक हादसा हो गया। जिले के फतेहगढ़ क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि 24 से अधिक घायल हो गए। श्रद्धालु राजस्थान की गुगेरी माता के दर्शन करने जा रहे थे।

Feb 6, 2025 - 16:11
Feb 6, 2025 - 17:19
 0

अगम द्विवेदी

एसीएन टाइम्स @ गुना । जिले के फतेहगढ़ क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। राजस्थान में किशनपुरा स्थित गूगोर वाली माता के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटने से एक बच्ची सहित दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में 2 दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस व प्रशासन ने घटना के कारण पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह गुना जिले के कंचनपुरा गांव के 40 श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर राजस्थान के बारां जिला स्थित गूगोर वाली माता मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। सुबह करीब 11.30 बजे किशनपुरा के पास एक मोड़ पर अचानक ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। कई श्रद्धालु ट्रॉली के नीचे दब गए और अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी जनकारी पुलिस और प्रशासन को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल भिजवाया गया। गंभीर घायल श्रद्धालुओं का इलाज जारी है। मामूली घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।

सहायता का दिया भरोसा

हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर किशोर कुमार कान्याल, पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, एडीएम अखिलेश जैन और पूर्व मंत्री महेंद्रसिंह सिसौदिया जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन ने मृतकों के परिजन को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। अस्पताल में घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था भी की जा रही है। इधर, पुलिस व प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली तेज रफ्तार में थी। मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया।

आस्था का प्रमुख केंद्र है गूगोर वाली माता का मंदिर

बता दें कि, राजस्थान के बारां जिले में स्थित गूगोर वाली माता मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है। हर साल माघ महीने में विशाल मेला लगता है। इसमें मध्य प्रदेश के गुना, अशोकनगर और अन्य जिलों से हजारों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।