हर घर तिरंगा अभियान के तहत रैली निकाल कर किया आह्वान, निबंध लिखा और रंगोली भी बनाई, सबसे कहा- 11 से 17 अगस्त तक हर घर में फहराएं तिरंगा

रतलाम जिले में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को रंगोली, निबंध प्रतियागिता और रैली आदि का आयोजन कर जागरूक किया जा रहा है। उन्हें 11 से 17 अगस्त तक हर घर में तिरंगा फहराने का आह्वान किया जा रहा है।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत रैली निकाल कर किया आह्वान, निबंध लिखा और रंगोली भी बनाई, सबसे कहा- 11 से 17 अगस्त तक हर घर में फहराएं तिरंगा
हर घर तिरंगा अभियान की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करती जनजाति कार्य विभाग की सहायक आयुक्त पारुल जैन।

बासिंद्रा हाईस्कूल के बच्चों व स्टाफ ने हर घर तिरंगा अभियान और आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए लोगों को किया प्रेरित

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । बासिंद्रा । हर घर तिरंगा अभियान के तहत बासिंद्रा के शासकीय हाई स्कूल के विद्यार्थियों और स्टाफ द्वारा रैली का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से ग्रामवासियों से 11 से 17 अगस्त तक हर घर में तिरंगा फहराने का आह्वान किया गया। इस मौके पर पौधारोपण और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी हुआ। श्रेष्ठ कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।

संकुल प्राचार्य संदीप जैन के नेतृत्व में हर घर झंडा जागरूकता अभियान के तहत निकली रैली को मुख्य अतिथि जनजाति कार्य विभाग की सहायक आयुक्त पारुल जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विकास खंड शिक्षा अधिकारी नारायण उपाध्याय ने की। रैली बासिन्द्रा हाई स्कूल परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए प्रमुख स्थलों तक पहुंची। इस मौके पर सहायक आयुक्त जैन ने आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान अपने घरों से तिरंगा फहराकर 'हर घर तिरंगा' अभियान में शामिल होने का आह्वान किया। संकुल प्राचार्य जैन ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा फहराने की अपील के साथ भारतीय ध्वज संहिता 2002 की मुख्य विशेषताओं के प्रति लोगों को जागरूक किया।

छात्रों-शिक्षकों की प्रचार जागरूकता टीम गठित

प्राचार्य जैन ने बताया अभियान के लिए छात्रों और शिक्षकों की एक प्रचार जागरूकता टीम बनाई गई है। टीम संकुल की अन्य शालाओं के गांवों में जागरूकता रैली निकाल कर आम जनता को जागरूक करेगी। आयोजन के दौरान हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्कूल में निबंध व रंगोली प्रतियोगिता तथा क्विज का आयोजन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को सहायक आयुक्त द्वारा  पुरस्कृत किया गया। साथ ही शिक्षक सम्मान सभा भी हुई। इसमें संकुल के अन्तर्गत  उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सहायक आयुक्त जैन ने पुरस्कृत किया।

तिरंगे का बताया महत्व, पौधारोपण भी किया

जनशिक्षक हरीश भिंडवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए तिरंगे का महत्व बताया। उन्होंने कहा तिरंगे में तीन समान चौड़ाई की क्षैतिज पट्टियाँ हैं। इनमें सबसे ऊपर केसरिया पट्टी देश की ताकत और साहस को दर्शाती है। बीच में श्वेत पट्टी धर्म चक्र के साथ शांति और सत्य का प्रतीक है और नीचे गहरे हरे रंग की पट्टी देश के विकास और उर्वरता को दर्शाती है। तिरंगे के केंद्र में सफेद पट्टी के मध्य में गहरे नीले रंग में अशोक चक्र है, जिसमें 24 आरे (तीलियाँ) होते हैं। यह चक्र एक दिन के 24 घंटों और हमारे देश की निरंतर प्रगति को दर्शाता है। इस प्रकार हमारा  तिरंगा झंडा एकता,  शांति,  समृद्धि और विकास का प्रतीक है। शिक्षक मदन चौहान ने भी अभियान से संबंधित जानकारी दी। इस मौके पर पौधारोपण भी किया गया संचालन संजय पोरवाल ने किया। आभार शंकरलाल मालवीय ने माना।

ये रहे मौजूद

मथुरा मुनिया, रतन मुनिया, गायत्री खराड़ी, ओंकारलाल खराड़ी, अनिल दोहरे, रमेशचंद्र गेहलोत,  जयेश शर्मा, कंवरलाल चौहान, ईश्वर लबाना, जतिन चौहान, शांतनु गोयल, सचिन मेहता, सुनीतासिंह नरवरिया एवं संकुल के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद मौजूद रहे।