इस दुर्दशा का जिम्मेदार कौन ? राइज कॉन्क्लेव से जख्मी नेहरू स्टेडियम का कांग्रेस नेताओं ने किया निरीक्षण, दुर्दशा नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी

राइज कॉन्क्लेव 2025 के आयोजन से जख्मी हुए रतलाम के नेहरू स्टेडियम का निरीक्षण कांग्रेस नेताओं ने किया। उन्होंने दुर्दशा नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

इस दुर्दशा का जिम्मेदार कौन ? राइज कॉन्क्लेव से जख्मी नेहरू स्टेडियम का कांग्रेस नेताओं ने किया निरीक्षण, दुर्दशा नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी
नेहरू स्टेडियम का हाल देखते कांग्रेस नेता।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर का नेहरू स्टेडियम अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है और खिलाड़ी अपने नसीब को कोस रहे हैं। राइस कॉन्क्लेव 2025 के आयोजन से बर्बाद हुआ नेहरू स्टेडियम अब स्वीमिंग पूल नजर आने लगा है। गुरुवार को कांग्रेस के पदाधिकारियों ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम की दशा नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। 

कांग्रेस के पदाधिकारी शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र कटारिया के नेतृत्व में नेहरू स्टेडियम पहुंचे थे। उन्होंने मैदान की हालत देखकर वहीं से प्रभारी नगर निगम आयुक्त अनिल भाना से मोबाइल पर चर्चा की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मैदान में कोई कार्य नहीं हो रहा है। इसे जल्द से जल्द सुधरवाया जाना जरूरी है। आयुक्त भाना ने मौसम खुलते ही कार्य पूरा करवाने के लिए आश्वस्त किया।

रीजनल कॉन्क्लेव के लिए हुआ था उपयोग

राज्य सरकार द्वारा 27 जून 2025 को नेहरू स्टेडियम पर राइज रीजनल कॉन्क्लेव 2025 का आयोजन किया गया था। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित बड़ी संख्या में वीआईपी शामिल हुए थे। इसके लिए सैकड़ों टन गिट्टी, मुरम सहित अन्य सामग्री डाली गई थी। डोम बनाने के लिए बड़े-बड़े खंभे और स्ट्रक्चर भी खड़े किए गए थे। इससे स्टेडियम की हालत बदतर हो गई। इसे देखते हुए सीएम यादव ने स्टेडियम की दशा सुधारने के लिए 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा की थी।

ये हाल हैं स्टेडियम के

धान की खेती के लिए तैयार नेहरू स्टेडियम की क्यारिंया !

स्टेडियम की हालत बद से बदतर होने से शहर के खिलाड़ी खेलने से वंचित हैं। युवा और वरिष्ठ नागरिक सुबह-शाम वॉकिंग भी नहीं कर पा रहे हैं। गिट्टी और मुरम पड़ी होने के साथ ही जगह-जगह गड्ढे भी हो रहे हैं जिनमें पानी भरा हुआ है। सीएम द्वारा 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा को एक महीने से ज्यादा बीत चुके लेकिन अब तक कोई काम नहीं हो सका है। इससे खिलाड़ियों में काफी आक्रोश है। इसके चलते ही कांग्रेस नेताओं ने न सिर्फ स्टेडियम के हालत देखे, अपितु खिलाड़ियों और नागरिकों के साथ मिल कर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है।

ये रहे उपस्थित

निरीक्षण के दौरान शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र कटारिया के साथ मंसूर अली पटौदी, प्रवक्ता रश्मि सिंह, जगदीश अकोदिया, प्रदीप राठौड़, हेमंत नेका, रशीद अंसारी, इकरार चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।