रतलाम : विरुपाक्ष और कोटेश्वर महादेव का होगा विकास, मध्यप्रदेश फिर से दौड़ेंगी सरकारी बसें- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम में 247 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। इस मौके पर उन्होंने सरकार के विजन की जानकारी दी व घोषणाएं भी की।

- सीएम ने कुंडाल में रतलाम में 247 करोड़ के कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण
- कोटेश्वर और विरुपाक्ष महादेव के विकास का प्लान बनाने के लिए कहा
- रतलामी नमकीन और अन्य खूबियों की प्रशंसा भी की
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । महाकाल और पशुपतिनाथ की ही तरह रतलाम जिले के विरुपाक्ष और कोटेश्वर महादेव मंदिर का विकास भी होना चाहिए। इसके लिए प्लान बनाइये। रतलाम का नाम और यहां का नमकीन सभी जगह प्रसिद्ध है। इसे अंगूरी नगरी, स्वर्ण नगरी न जाने किन-किन नाम से जाना जाता है। रतलाम लगातार विकास कर रहा है और यहां बड़ा औद्योगिक क्षेत्र भी बन रहा है।
रतलाम जिले में संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।
यह बात मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम जिले के कुंडाल कोटेश्वर में आयोजित समारोह में कही। यहां उनके साथ कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, सांसद अनीता चौहान, जिला प्रभारी मंत्री प्रदीप उपाद्याय, जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, रतलाम ग्रामीण विधायक आदि मौजूद रहे। स्वागत उद्बोधन के बाद सांसद चौहान ने संक्षिप्त उद्बोधन किया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री ने कहा कि रतलाम जिले में लगातार अच्छी सड़कें बन रही हैं। बदनावर से उज्जैन तक बनी सड़क ने तो अमेरिका-इंग्लैंड की सड़कों को भी पीछे छोड़ दिया है। अब जावरा से उज्जैन तक ग्रीन कॉरिडोर वाला फोरलेन मार्ग बनने वाला है। प्रदेश में सड़के तो अच्छी हो गई हैं लेकिन सरकारी बसें बंद हैं। इसलिए अब सरकार प्रदेश में सरकारी बसें भी चलाएगी, क्योंकि हर व्यक्ति के पास कार और निजी संसाधन नहीं है।
कन्या पूजन करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।
फिर हो रहा है सर्वे, कच्चे मकान वाले लिखवाएं नाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी फिर सर्वे करवा रहे हैं। इसलिए जिनके भी मकान पक्के नहीं है वे अपने नाम लिखवा देना, सबको पक्के मकान मिलेंगे। उन्होंने सरकार शिक्षा के क्षेत्र में भी काम कर रही है। छोटे-छोटे स्कूलों की जगह हर 5 किलोमीटर की दूरी पर एक बड़ा सांदीपनी विद्यालय बनवा रही है ताकि वहां बच्चों को अच्छा वातावरण और अच्छी सुविधाएं मिलें।
दीप प्रज्वलन करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समीप है मंत्री चेतन्य काश्यप एवं जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय।
किसानों को देंगे सोलर पंप
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सिर्फ तीन चाहिए, बिजली, पानी और सड़क। ये दे दो तो किसान अन्न-धान का भंडार भरने में जी-जान लगा देते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और प्रदेश सरकार किसानों के लिए लगातार काम कर रही है। मप्र सरकार द्वारा तीन साल के भीत 2 लाख अस्थायी और 30 लाइक स्थायी कनेक्शनधारियों को सोलर पंप दिए जाएंगे। इससे अपनी बिजली खुल उत्पन्न करो और बिजली बिल से मुक्ति पाओ। अपने खेत-घर पर चाहे जिनती बिजली जलाओ और बिजली कंपनी वालों को हाथ जोड़ कर भारत माता की जह कह दो।
रोजगार के लिए हो रहा काम
सीएम यादव ने कहा कि बदनावर के पास पीएम मित्र पार्क बन रहा है जिससे 1 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। सरकार प्रदेश में पांच साल के दौरान मेडिकल कॉलेज में 2.50 लाख पदों पर भर्ती। 22 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती पुलिस बोर्ड के माध्यम से की जाएगी। कपास की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के लिए धागा बनाने, कपड़ा बनाने, रेडिमेड कपड़े बनाने आदि के कारखाने डालने पर अनुदान के साथ ही 5 हजार रुपए महीना देने की भी योजना है।
गाय पालो अनुदान लो
सीएम ने कहा कि दूध उत्पादन में मप्र देश का तीसरे नंबर का प्रदेश है। इसे आगे बढ़ाते हुए सरकार अब गाय पालने वालों को अनुदान भी देगी। 25 गाय पालने पर करीब 42 लाख का व्यय होता है जिसमें से 10 लाख का अनुदान सरकार देगी। इसी तरह 2 करोड़ के प्रोजेक्ट पर 25 लाख और उससे ज्यादा पर 50 लाख तक का अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा दूघ, गोबर, खाद आदि सब आपका रहेगा। सरकार दूध भी खरीदेगी और रेट भी अच्छा देगी। इसलिए ज्यादा से ज्यादा गाय पालें।
दीपावली बाद बढ़ेगी लाड़ली बहनों की राशि
मुख्यमंत्री ने कहा सावन में लाड़ली बहनों को 1250 रुपए में 251 रुपए शगुन के बढ़ाकर दिए गए। आगामी दीवाली की भाईदूर से 1500 प्रतिमाह मिलेंगे। इस तरह अगले पांच साल में बहनों को प्रति मांह 3-3 हजार रुपए दिए जाएंगे।
ऐसी कचौरी सिर्फ यहीं बनती है
सीएम यादव ने रतलामी नमकीन के साथ यहां की कचौरी की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यहां की कचौरी का तो क्या कहना। सभी जगह कचौरी तेल में तली जाती है लेकिन यहां तली हुई कचौरी में भी छेद कर के तेल डाला जाता है। यह सिर्फ रतलाम में ही होता है। यह देख कर सभी हैरान हो जाते हैं।
अटल जी बढ़ाया विपक्ष के नेता के पद का मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी और सिद्धांतों वाली पार्टी है। यह पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान देती है। पार्टी के ही एक कार्यकर्ता अटल बिहारी वाजपेयी रहे जिन्होंने भारत का नाम पूरे विश्व में ऊंचा किया। उन्होंने विपक्ष के नेता के पद को भी काफी ऊंचा सम्मान दिलाया वहीं आज के विपक्ष के नेता हैं जिनसे किसी भी दृष्टि से अटल जी की तुलना नहीं की जा सकती है।
टोपी पहनाई, चांदी का कड़ा और तीर-कमान भी दिया
समारोह में सर्वप्रथम जिला अध्यक्ष उपाध्याय ने सीएम का स्वागत किया। ग्रामीण विधायक ने मुख्यमंत्री सहित मंचासीन सभी अतिथियों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री को आदिवासी संस्कृति से जुड़ी जैकेट, टोपी बहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्हें चांदी का कड़ा और तीर-कमान भी भेंट किया गया। इसके बाद सीएम ने रिमोट का बटन दबा कर 247 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री मंदसौर के लिए प्रस्थित हो गए।