पत्रकार वार्ता : मारवाड़ी महिला सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सेवा कार्य और राष्ट्र का ऋण चुकाना, 26 हजार सदस्य हैं इसके लिए प्रतिबद्ध- सुमन मूंदड़ा

मारवाड़ी महिला सम्मेलन संस्था की राष्ट्रीय अंचल प्रमुख मूंदड़ा दो दिवसीय रतलाम प्रवास पर पहुंची। उन्होंने पत्रकार वार्ता में संस्था के कार्यों और उद्देश्य की जानकारी दी।

पत्रकार वार्ता : मारवाड़ी महिला सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सेवा कार्य और राष्ट्र का ऋण चुकाना, 26 हजार सदस्य हैं इसके लिए प्रतिबद्ध- सुमन मूंदड़ा
सुमन मूंदड़ा, राष्ट्रीय अंचल प्रमुख, मारवाड़ी महिला सम्मेलन।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मारवाड़ी महिला सम्मेलन संगठन की देश के 23 राज्यों में 500 शाखाएं हैं। इससे 26 हजार महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इस संगठन का मुख्य उद्देश्य सेवा कार्य तथा राष्ट्र का ऋण चुकाना है। इसके लिए सभी सदस्य प्रतिबद्ध हैं।

यह बात संगठन की राष्ट्रीय अंचल प्रमुख सुमन मूंदड़ा ने अपने दो दीनी प्रवास के दौरान पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि सेवा अनमोल होती है, सेवा का कोई मोल नहीं होता है। इससे प्यार बढ़ता है और जरूरतमंद की सहायता होती है। मूंदड़ा ने बताया कि संस्था के कार्यों में वर्षा के जल को सहज कर भूमिगत जलस्रोत का जलस्तर बढ़ाना, पर्यावरण सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण कर बड़ा करना, महिलाओं को देहदान, रक्तदान, नेत्रदान के लिए प्रेरित करना और महिला को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होना सिखाती है। मूंदड़ा ने बताया कि प्रदेश की चार गौशालाओं में गोबर गैस प्लांट के तहत उन्हें आत्मनिर्भर बनाया गया है। इनमें इंदौर, महू, शिवपुरी, उज्जैन शामिल हैं। देश के अन्य राज्यों में भी तीन स्थानों पर गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है।

हजारों महिलाएं सम्मेलन से जुड़कर कर रही है सेवा कार्य

मूंदड़ा ने बताया कि सम्मेलन द्वारा राज्य और जिले को कोई फंड नहीं भेजा जाता है। महिलाएं सदस्य बनाई जाती हैं। उनसे आजीवन सदस्यता शुल्क के रूप में 1500 रुपए लिए जाते हैं। यह राशि बैंक में फिक्स डिपॉजिट कर उसके ब्याज से सामाजिक गतिविधियों का संचालन किया जाता है। अन्य प्रयोजन के लिए राशि एकत्र कर समाज सेवा की जा रही है। महिलाओं के लिए औद्योगिक मेले का आयोजन भी किया जाता है ताकि वे उद्यमी बनें। सम्मेलन से युवा वर्ग को भी जोड़ा जाएगा, ताकि उनकी नई तकनीक और सामाजिक सेवा की भावना समाज में सक्रियता से अपना मुकाम हासिल करे।

महिलाओं के उत्थान के लिए कर रहे प्रयास- आशा उपाध्याय

रतलाम शाखा अध्यक्ष आशा उपाध्याय ने बताया कि सम्मेलन से जुड़ी महिलाओं के उत्थान में कंधे से कंधे मिलाकर प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न क्षेत्र में जहां पौधारोपण किया जा रहा है। वहीं महिलाएं बाल विकास विभाग से जुड़कर महिलाओं को उनके अधिकारों के साथ आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकारी योजनाएं बताई जा रही हैं। सम्मेलन द्वारा रतलाम के शासकीय नवीन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को गोद लिया गया है। यहां संस्कार शिविर संचालित किया जा रहा है। इसमें विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से जागरूकता लाई जा रही है। नि:शुल्क कोचिंग सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। सम्मेलन की प्रेरणा से शहर में रक्तदान, देहदान जैसे कार्य भी हो रहे हैं। जरूरतमंद को सिलाई मशीन, ठेला गाड़ी सहित अन्य कार्य किए जा रहे हैं।

ये रहीं उपस्थित

पत्रकार वार्ता के दौरान रतलाम शाखा अध्यक्ष आशा उपाध्याय, सचिव मंगला अग्रवाल, कोषाध्यक्ष हेमलता मालपानी, प्रांत उपाध्यक्ष सुलोचना लड्ढा, प्रांतीय सदस्य मधु सोमानी, पुष्पा राठी, सुनीता मालपानी, सोभा भट्टर, अर्चना बैरागी, अनीता पालीवाल, माया जागेटिया, चंचल भट्टर, सुमित्रा अजमेरा सहित संगठन की सदस्य मौजूद थीं।