विकास यात्रा लगातार : सौंदर्यीकरण के बाद रमणीय स्थल बनेगा अमृत सागर क्षेत्र, विकास आंखों से दिखता है किसी के कहने से नहीं- काश्यप

रतलाम शहर के वार्ड 22, 23, 24 और 44 में विकास यात्रा निकली। इस दौरान संजीवनी क्लीनिक का भूमिपूजन किया गया। विधायक चेतन्य काश्यप ने 4 टीबी रोगियों को गोद लिया।

विकास यात्रा लगातार : सौंदर्यीकरण के बाद रमणीय स्थल बनेगा अमृत सागर क्षेत्र, विकास आंखों से दिखता है किसी के कहने से नहीं- काश्यप
विकास यात्रा के दौरान संजीवनी क्लीनिक का शुभारंभ करते अतिथि।

विकास यात्रा में विधायक काश्यप ने टीबी के छह मरीजों को लिया गोद

एसीएन टाइम्स @ रतलाम शहर में शुक्रवार को निकाली गई विकास यात्रा के पूर्व हितग्राहियों को स्वास्थ्य लाभ देने के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। वार्ड क्रमांक 22, 23, 24, 43 और 44 में निकाली गई यात्रा रामगढ़ क्षेत्र में आयोजित समारोह स्थल पर पहुंची। यहां विधायक चेतन्य काश्यप और महापौर प्रहलाद पटेल ने संजीवनी क्लीनिक सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया। विधायक काश्यप ने प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 6 टीबी मरीजों को गोद लिया, जिन्हें 6 माह तक उनके द्वारा पोषण किट प्रदान की जाएगी।

इस दौरान काश्यप ने कहा कि अमृत सागर तालाब के सौंदर्यीकरण के बाद यह पूरा क्षेत्र रमणीय स्थल बनेगा। तालाब को जलकुंभी मुक्त किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की दशा और दिशा दोनों बदली नजर आएगी। तालाब के सौंदर्यीकरण पर 22 करोड़ रूपए खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि विकास आंखों से दिखता है, किसी के बोलने से नहीं। कोरोना काल में हमारे मेडिकल कॉलेज ने रतलाम का मान बढ़ाया है। 8लेन एक्सप्रेस वे तैयार है। इसके शुरू होते ही इसके पास निवेश क्षेत्र स्थापित किया जाएगा। उसके लिए डीपीआर बन रही है। निवेश क्षेत्र के खिलाफ किया जा रहा दुष्प्रचार शहर हित में नहीं है। गलत तरीके से मुद्दे उठाते हैं तो उसका गलत असर पड़ता है।

समस्या है तो महापौर हेल्पलाइन पर दर्ज कराएं शिकायत- महापौर पटेल

महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि शहर में विधायक के ड्रीम प्रोजेक्ट गोल्ड कॉम्प्लेक्स का काम भी जल्द आकार लेने लगेगा। उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया कि वे अपने घर से निकला कचरा क्षेत्र में आने वाली कचरा गाड़ी में ही डालें, नाली में या इधर-उधर ना फेंके। यदि किसी व्यक्ति को कोई भी समस्या हो तो वह महापौर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकता है। नई कचरा गाड़ियों की व्यवस्था की जा रही है, जिससे कि नियमित रूप से कचरा उठ सके। समारोह के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य सहित अन्य ने भी संबोधित किया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील सारस्वत, कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, यात्रा प्रभारी शैलेंद्रसिंह सिसौदिया, पूर्व महापौर आशा मौर्य, आईटी सेल प्रदेश सह संयोजक सोमेश पालीवाल, मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा, विनोद यादव, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष इब्राहिम शेरानी, एमआईसी सदस्य व पार्षद मौजूद रहे। संचालन मंडल महामंत्री हेमंत राहोरी ने किया। स्वागत भाषण मंडल अध्यक्ष ने दिया। आभार नंदकिशोर पंवार ने माना।