इंदौर और पालीताना के बीच वंदेभारत ट्रेन चलाने की मांग, इंदौर सहित उज्जैन, रतलाम एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं को होगी सुविधा

जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप्स फेडरेशन ने इंदौर और पालीताना के बीच वंदेभारत ट्रेन चलाने की मांग की है। इसके लिए फेडरेशन सांसद और डीआरएम से मुलाकात भी करेगा।

Jul 9, 2023 - 18:01
 0
इंदौर और पालीताना के बीच वंदेभारत ट्रेन चलाने की मांग, इंदौर सहित उज्जैन, रतलाम एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं को होगी सुविधा
इंदौर - पालीताना के बीच वंदेभारत ट्रेन चलाने की मांग।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पश्चिम रेलवे के प्रमुख जंक्शन इंदौर से प्रसिद्ध जैन तीर्थ पालीताना के लिए वंदेभारत ट्रेन चलाने की मांग जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप्स फेडरेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमंत कोठारी एवं विशेष रुचि सदस्य (प.रे.) राजेश सकलेचा ने की है। पदाधिकारीद्वय के अनुसार इससे श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी और रतलाम रेल मंडल के राजस्व में वृद्धि भी होगी।

कोठारी एवं सकलेचा ने बताया कि प्रसिद्ध जैन तीर्थ पालीताना जो कि गुजरात में स्थित है, के लिए मालवा क्षेत्र से कोई भी ट्रेन रतलाम रेल मंडल द्वारा नहीं चलाई जा रही है। जैन समाज के लोगों को पलीताना तीर्थ पर जाने के लिए वडोदरा और अहमदाबाद से गाड़ी बदलकर जाना पड़ता है। यदि रेलवे सीधी रेल सेवा इंदौर से पालीताना के ले प्रारम्भ कर दे तो क्षेत्र के समाजजन तीर्थ का लाभ ले सकेंगे। इससे रतलाम रेल मंडल की आय में भी वृद्धि होगी।

पूरी वर्षभर तीर्थ जाते हैं श्रद्धालु

जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप रतलाम के अध्यक्ष नीलेश पोरवाल, सचिव जीतेन्द्र चोपड़ा ने बताया कि इंदौर से पालीताना हेतु वंदेभारत ट्रेन चलाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय सांसद एवं डीआरएम से मिलकर उक्त मांग से अवगत कराएंगे। पालीताना तीर्थ पर पूरे वर्षभर हजारों की संख्या में जैन समाजजन दर्शन हेतु जाते हैं। इस ट्रेन के चलने से इंदौर, उज्जैन, रतलाम एवं आसपास के क्षेत्र से हजारों की संख्या में जैन समाजजन तीर्थ पर जा सकेंगे। साथ ही इस ट्रेन से क्षेत्र की जनता गुजरात से विभिन्न शहरों वडोदरा, अहमदाबाद, सुरेन्द्रनगर से तक यात्रा कर सकेंगे।

प्रधानमंत्री और रेलमंत्री से भी की मांग

रतलाम जिले के समस्त जैन समाज के प्रतिनिधि प्रीतेश गादिया, संजय पारख, अशोक चोपड़ा, कुशल गांघी, प्रदीप डांगी, संदीप चौहान, महेंद्र गंग, जय नाहर सहित कई सामाजिक संस्था के पदाधिकारियों ने भी प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री से उक्त ट्रेन चलाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि ट्रेन चलने से मालवा और गुजरात के बीच एक नई सुविधा शुरू होने से सहूलियत होगी।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।