राजनीतिक घटनाक्रम : लोकसभा चुनाव से पहले MP युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने दिया इस्तीफा, मितेंद्र सिंह बने नए अध्यक्ष, जानें कौन हैं मितेंद्र

रतलाम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के बेटे डॉ. विक्रांत भूरिया ने युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके स्थान पर एडवोकेट एवं मॉडल मितेंद्र दर्शन सिंह को कमान सौंपी गई है।

राजनीतिक घटनाक्रम : लोकसभा चुनाव से पहले MP युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने दिया इस्तीफा, मितेंद्र सिंह बने नए अध्यक्ष, जानें कौन हैं मितेंद्र
डॉ. विक्रांत भूरिया एवं मितेंद्र दर्शन सिंह।

एसीएन टाइम्स @ भोपाल । लोकसभा चुनाव से ऐन पहले मप्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इसकी वजह अपने पिता के चुनाव में व्यस्तता के कारण संगठन के साथ न्याय नहीं कर पाना बताई है। पार्टी द्वारा प्रदेश का नया युवा कांग्रेस अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह को बनाया गया है।

रतलाम-झाबुआ-आलीराजपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने इस बार भी लोकसभा चुनाव के लिए कांतिलाल भूरिया को प्रत्याशी बनाया है। इससे भूरिया के साथ ही उनके परिवार के अन्य सदस्य उनके लिए वोट मांगने के लिए प्रचार-प्रसार में जुटे हैं। इस कार्य में अग्रणी भूमिका उनके पुत्र डॉ. विक्रांत भूरिया निभा रहे हैं। इसी को आधार बनाकर डॉ. भूरिया ने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना इस्तीफा शेयर कर इसकी वजह भी लिखी है।

पिता के चुनाव के कारण नहीं दे पा रहा समय- डॉ. विक्रांत

डॉ. भूरिया ने X पर लिखा है कि पिछले कई दिनों से मैं इस बात पर मंथन कर रहा हूं कि लोकसभा चुनाव के दौरान पिता का भी चुनाव होने के कारण मैं मध्य प्रदेश युवा कॉंग्रेस संगठन में समय नहीं दे पा रहा हूँ। ऐसे में मेरा व्यक्तिगत मानना है कि यह संगठन और संगठन के साथियों के साथ न्याय नहीं होगा। भारतीय युवा कॉंग्रेस ने मुझ जैसे एक आदिवासी परिवार से ताल्लुक रखने वाले व्यक्ति को संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों सहित प्रदेश अध्यक्ष बनाया फिर विधानसभा का टिकट देकर चुनाव लड़ने का मौका दिया। विधायक भी बनने का मौका दिया। इसके लिए मैं हमारे नेता राहुल गांधी, युवा कॉंग्रेस राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अलावरु, हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ज़ी का तहे दिल से धन्यवाद देता हूँ।

साथियों का आभार, लड़ेंगे जीतेंगे!

डॉ. विक्रांत ने लिखा है कि- चूँकि अब मेरे विधानसभा क्षेत्र झाबुआ के परिवारों के बीच समय देना मेरी सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी है, साथ ही रतलाम-झाबुआ सीट पर स्वयं मेरे पिता चुनाव लड़ रहे हैं तो क्षेत्र में समय देना और अपने कार्यकर्ताओं के बीच रहना ही मेरी प्राथमिकता है। अब आगे किसी नए साथी को मौका मिले तो संगठन हित में होगा और मैं इस चीज़ के समर्थन में हूं। इस दौरान मेरी इस यात्रा में मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने वाले सभी जांबाज़ साथियों का... चाहे जेल जाना हो या लाठियां खानी हो, दिल से आभार व्यक्त करता हूँ। लड़ेंगे जीतेंगे!

मितेंद्र सिंह को मिली संगठन की कमान

डॉ. विक्रांत भूरिया (Vikrant Bhuria) के इस्तीफे के बाद पार्टी ने मितेंद्रदर्शन सिंह (Mitendra Darshan Singh) को मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। 33 वर्षीय मितेंद्र दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और यार्क यूनिवर्सिटी लंदन से स्नातकोत्तर हैं। पेशे से किसान और व्यवसायी इस युवा नेता के पिता दर्शन सिंह कट्टर सिंधिया समर्थक थे। पिता के निधन के बाद मितेंद्र राजनीति में सक्रिय हुए। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 2020 में भाजपा ज्वाइन की लेकिन मितेंद्र कांग्रेस में ही बने रहे। एडवोकेट और मॉडल मितेंद्र राजस्थान युवा कांग्रेस प्रभारी भी रह चुके हैं।