बड़ी खबर ! जज की पत्नी की ट्रेन के टॉयलेट में मौत, दरवाजा तोड़कर निकाला शव, जोधपुर से निंबाहेड़ा जा रहे थे दंपती
एक जज की पत्नी की ट्रेन के टॉयलेट में मौत हो गई। डॉक्टरों ने मौत की वजह साइलेंट अटैक से होने की आशंका जताई है।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम। कांचीगुड़ा - भगत की कोठी एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 17606 के टॉयलेट में एक जज की पत्नी की मौत होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घटना के वक्त जज भी ट्रेन में ही सफर कर रहे थे। टॉयलेट का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान अतिरिक्त जिला जज राजकुमार चौहान और उनकी पत्नी उषा चौहान कांचीगुड़ा - भगत की कोठी एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 17606 से जोधपुर से निंबाहेड़ा जा रहे थे। दोनों अलग-अलग अनारक्षित कोच में थे। ट्रेन निंबाहेड़ा पहुंचने से पहले उषा चौहान ने पति को मोबाइल फोन पर कॉल किया। उन्होंने बताया कि वे वॉशरूम (टॉयलेट) जा रही हैं। कुछ देर बाद ट्रेन निंबाहेड़ा स्टेशन पर रुकती तो जज चौहान नीचे उतर गए, लेकिन पत्नी कोच से नहीं आईं।
रेलवे पुलिस को दी सूचना
पत्नी ट्रेन से नहीं उतरीं तो जज को चिंता हुई। उन्होंने रेलवे पुलिस को सूचना दी। रेलवे पुलिस ने ट्रेन को मंदसौर में रुकवाया। वहां भी उषा का पता नहीं चला। कुछ देर बाद ट्रेन चल दी। इससे जज की चिंता और बढ़ गई। बाद में पुलिस ने उषा के मोबाइल लोकेशन निकाली तो वह ट्रेन में ही पता चली। इससे जावरा में ट्रेन रुकवा कर पुलिस ने टॉयलेट का दरवाजा तोड़ा तो सब दंग रह गए।अंदर उषा चौहान का शव पड़ा था। शव को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने साइलेंट अटैक से मौत की आशंका जताई।


