सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी का वैक्सीनेशन शुरू, रतलाम जिले में पहले चरण में 19 हजार किशोरियों का होगा वैक्सीनेशन

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी का वैक्सीनेशन की शुरुआत रतलाम जिले में भी हो गई है। जिले में पहले चरण में 90 दिवस की अवधि में करीब 19 हजार किशोरियों का वैक्सीनेशन होगा।

Feb 28, 2026 - 21:30
 0
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी का वैक्सीनेशन शुरू, रतलाम जिले में पहले चरण में 19 हजार किशोरियों का होगा वैक्सीनेशन
रतलाम में शुक्रवार को एचपीवी वैक्सीनेशन की शुरुआत हो गई।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ अजमेर राजस्थान से किया गया। इसी तारतम्य में रतलाम के बाल चिकित्सालय में भी 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का (एचपीवी - ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन शुरू हुआ। कलेक्टर मिशा सिंह ने बताया जिले में पहले चरण में 90 दिवस की अवधि में 18 हजार 917 बालिकाओं का टीकाकरण होगा।

Google NewsFollow Us

रतलाम जिले में वैक्सीनेशन की शुरुआत कलेक्टर मिशा सिंह, रोगी कल्याण समिति सदस्य गोविंद काकानी, हेमंत राहोरी, सीएमएचओ डॉ. संध्या बेलसरे, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. ए. पी. सिंह, बाल चिकित्सालय प्रभारी एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आर. सी. डामोर, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष सिंह, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वर्षा कुरील, डीपीएम अर्चना राठौर, डीसीएम कमलेश मुवेल की उपस्थिति में हुआ। पहला डोज वंदना पिता मुकेश राठौर निवासी रतलाम को लगाया गया। इसके बाद आराध्या पिता अर्जुन बसेर निवासी रत्नेश्वर रोड व उसके बाद अन्य बालिकाओं का वैक्सीनेशन हुआ।

14वां जन्मदिन मना चुकी बालिकाओं को लगेगा टीका

कलेक्टर मिशा सिंह ने बताया कि ऐसी बालिकाएं जिन्होंने अपना 14वां जन्म दिवस मना लिया है और 15 जन्म दिवस नहीं मनाया है, वे वैक्सीनेशन की पात्र रहेंगी। वैक्सीन पूरी तरह नि:शुल्क होकर स्वैच्छिक है। इससे महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी। जिले के 9 शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों पर ही वैक्सीनेशन होगा। इसके लिए परिवारजन को परामर्श देकर बच्चों को मोबिलाइज किया जाएगा।

Google NewsFollow Us

इन स्थानों पर होगा वैक्सिनेशन

सीएमएचओ डॉ. संध्या बेलसरे ने बताया कि रतलाम जिले के मेडिकल कॉलेज, बाल चिकित्सालय, जावरा एवं आलोट सिविल अस्पताल, नामली, सैलानाबाजना, ताल व पिपलौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह 11.00 से अपराह्न 4.00 तक वैक्सीनेशन किया जाएगा। वैक्सीनेशन के बाद बालिकाओं को आधा घंटा निगरानी में बैठाया जाएगा। जन्म संबंधी कोई भी प्रमाण जैसे आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, अपार आईडी, अथवा उम्र के संबंध में स्वयं के घोषणा पत्र के माध्यम से यू-विन पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराकर अथवा सीधे केंद्र पर आकर वैक्सीनेशन कराया जा सकता है। 

बाल चिकित्सालय में जानी बच्चों की कुशलक्षेम

कलेक्टर ने बाल चिकित्सालय में वैक्सीनेशन कराने वाली बालिकाओं से चर्चा की, मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई का निरीक्षण किया, ग्राम धराड़ के भर्ती बच्चे की कुशलक्षेम् पूछी उसके अभिभावकों से चर्चा की, चिकित्सकों ने बताया कि बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और अभी उसे डिस्चार्ज किया जा रहा है। कलेक्टर ने नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई का निरीक्षण किया वहां भर्ती बच्चों को मिल रही सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रसव कराने वाली सभी माताओं के जन्म प्रमाण-पत्र उनके डिस्चार्ज होने से पहले ही प्रदान कर दिए जाएं, एम सी एच अस्पताल की लिफ्ट के बारे में नस्ती के माध्यम से पूरी जानकारी प्रस्तुत करने को कहा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि पोस्ट ऑफिस में समन्वय स्थापित कर 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों के आधार कार्ड बनाने की व्यवस्था एमसीएच में ही प्रारंभ की जाए। कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई के थैलेसीमिया वार्ड का निरीक्षण किया।

Google NewsFollow Us

वीडियो कॉलिंग के माध्यम से हो बच्चों की निगरानी

निरीक्षण के दौरान गोविंद काकानी ने बताया कि बच्चों को ब्लड ट्रांसफ्यूजन एवं परामर्श सेवाएं केंद्र पर प्रदान की जा रही हैं। कलेक्टर ने बच्चों के अभिभावकों से चर्चा की तथा उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि वीडियो कॉलिंग के माध्यम से भी बच्चों से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की निगरानी रखी जाए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न चिकित्सा अधिकारी, डिप्टी मीडिया अधिकारी सरला वर्मा, वीसीसीएस सैयद अली, नीलेश चौहान, विपिन शर्मा, कमल सूर्यवंशी और सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।  

अंचल में इन स्थानों पर भी हुई शुरुआत

सिविल अस्पताल, आलोट : एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभांरभ मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि कालूसिंह सिंह परिहार, विधायक प्रतिनिधि अनिल चौपड़ा, मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह डोडिया, मंडल महामंत्री कैलाश सांखला, मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र मौर्य, चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल कादिर आदि की उपस्थिति में हुआ।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाजना : वैक्सीनेशन का शुभारंभ कार्यक्रम जनपद अध्यक्ष कैलाश मुनिया, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र वसुनिया, बाजना बीएमओ डॉ. जितेंद्र जायसवाल की उपस्थिति में किया गया।

Google NewsFollow Us

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नामली : कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, नगर परिषद उपाध्यक्ष, बीएमओ डॉ. राजेश मंडलोई, बीईई इशरतजहां सैय्यद की उपस्थिति में किया गया।

सिविल अस्पताल, जावरा : एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ सीबीएमओ डॉ. शंकरलाल खराड़ी, डॉ. अतुल मंडवारिया, डॉ. अलका पाटीदार, डॉ. भारती यादव, डॉ. पूजा सोलंकी, बीईई बसंतीलाल मईडड़ा, बीपीएम रघुनंदन पाटीदार, शैलेन्द्र दवे की उपस्थिति में किया गया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।