रतलाम महापौर का बड़ा ऐलान : शहर के सबसे साफ-सुथरे वार्ड के कर्मचारियों को मिलेगा डेढ़ लाख रुपए का पुरस्कार

रतलाम शहर को स्वच्छ बनाने के लिए महापौर प्रहलाद पटेल ने सबसे साफ वार्ड के कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। पुरस्कार साल में एक बार दिया जाएगा।

रतलाम महापौर का बड़ा ऐलान : शहर के सबसे साफ-सुथरे वार्ड के कर्मचारियों को मिलेगा डेढ़ लाख रुपए का पुरस्कार
स्वच्छता को लेकर आयोजित बैठक में महापौर प्रहलाद पटेल ने सबसे साफ वार्ड के कर्मचारियों को पुरस्कृत करने का ऐलान किया।

शहर की स्वच्छता को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई बैठक, साल में एक बार दिया जाएगा पुरस्कार

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने एक फिर असंतोष जताया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए इसमें तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने गंदे सरकारी दफ्तरों के प्रमुखों पर भी फाइन करने के लिए कहा। शहर को साफ सुथरा रखने की आवश्यकता के चलते महापौर प्रहलाद पटेल ने बड़ी घोषणा की। महापौर के अनुसार शहर के सबसे स्वच्छ वार्ड के कर्मचारियों को पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार की राशि 1.50 लाख रुपए होगी जो वर्ष में एक बार दी जाएगी। महापौर पटेल ने यह अहम् घोषणा शहर की स्वच्छता को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में शहर के स्वच्छता दरोगाओं के समक्ष की।

महापौर ने कहा कि हमारा लक्ष्य ग्रीन रतलाम क्लीन रतलाम का है। महापौर ने वर्ष भर में स्वच्छता का आकलन कर श्रेष्ठ वार्ड के कर्मचारियों के लिए पुरस्कार राशि की बात कहते हुए बताया कि अच्छी अटेंडेंस, सबसे कम शिकायत तथा सबसे अच्छा काम करने वाले वार्ड का चयन कर वहां कार्य करने वाले कर्मचारियों को डेढ़ लाख रुपया दिया जाएगा। कलेक्टर सूर्यवंशी ने स्वच्छता के विभिन्न मानकों पर शहर में की जा रही सफाई की समीक्षा की। उन्होंने अब तक की स्थिति पर सख्त असंतोष जाहिर किया। कलेक्टर ने कहा शहर में सफाई की स्थिति खराब है। तत्काल अभियान के रूप में सफाई व्यवस्था सुधारी जाए।

17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक मनेगा स्वच्छता अमृत महोत्सव

इस दौरान आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक की अवधि में स्वच्छता अमृत महोत्सव के दौरान किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी गई। बताया कि शहर नगर निगम द्वारा मंगाई गई रोड स्वीपिंग मशीन 17 सितंबर से कार्य करना प्रारंभ कर देगी। कचरे से कलाकृतियां बनाई जाएंगी, प्लाग रन आयोजित की जाएगी।

कचरा पृथकीककरण में सुधार की जरूरत

कलेक्टर ने कचरा पृथक्करण की समीक्षा में कहा कि अपेक्षा के अनुरूप कार्य नहीं हो रहा है। महापौर ने भी इस संबंध में नागरिकों में जागरूकता का संचार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कचरा पृथकीकरण कार्य में बहुत सुधार की आवश्यकता है। वार्डों में सफाई कर्मचारियों की तैनाती युक्तियुक्त ढंग से की जानी चाहिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कर्मचारियों का ड्यूटी चार्ट बनाया जाए जो महापौर तथा पार्षद को उपलब्ध कराया जाए। कंट्रोल रूम भी कार्य करें। कर्मचारियों के ड्यूटी चार्ट को कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराया जाए। जो कर्मचारियों से बात करके जानकारी प्राप्त करेगा।

प्रत्येक दरोगा हर वार्ड में 200 लोगों के डाउनलोड कराए स्वच्छता एप

कलेक्टर सूर्यवंशी ने स्वच्छता एप की समीक्षा में कहा कि एप के व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है। शहर की आबादी के कम से कम 10 प्रतिशत लोगों द्वारा अपने एंड्रॉयड फोन में स्वच्छता एप डाउनलोड किया जाना चाहिए। यह कार्य प्रत्येक वार्ड में दारोगा द्वारा कराया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में उनके द्वारा कम से कम 200 व्यक्तियों के मोबाइल फोन में एप डाउनलोड कराए जाएंगे। होम कंपोस्टिंग की समीक्षा भी की। बताया गया शहर में अभी 500 परिवारों द्वारा होम कंपोस्टिंग की जा रही है। कलेक्टर ने इसमें व्यापक विस्तार की आवश्यकता जताई। अधिकाधिक परिवारों द्वारा होम कंपोस्टिंग को अपनाया जाना आवश्यक है। नगर निगम के सभी कर्मचारियों के परिवार होम कंपोस्टिंग करेंगे। शहर के प्रत्येक वार्ड में अधिकाधिक परिवारों में होम कंपोस्टिंग को बढ़ावा देना है। कलेक्टर ने कॉलोनी सेल शाखा को निर्देशित किया कि शहर के प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर कम्युनिटी कंपोस्टिंग कार्य करवाएं। एक माह में शहर के प्रत्येक कॉलोनी में रहवासी कल्याण संघ का गठन किया जाना है, अन्यथा पेनल्टी की जाएगी। पार्षद विशाल शर्मा ने इस संबंध में वातावरण निर्माण पर जोर दिया।

ऑर्गेनिक थैलियों का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों को करें प्रोत्साहित

पॉलीथिन तथा प्लास्टिक बैन को लेकर कलेक्टर ने कहा कि जो लोग दुकानदार ऑर्गेनिक थैलियों का इस्तेमाल करते हैं उन्हें प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। नगर निगम उन दुकानदारों को सराहना पत्र प्रदान करें जो कपड़े की थैलियों या ऐसे ही पदार्थों के इस्तेमाल से बनी हुई थैलियों का इस्तेमाल कर रहे हैं, उसे बढ़ावा दे रहे हैं। पार्षद की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित करके सम्मान करें। शहर की कॉलोनियों, मोहल्लों, गलियों में बैकलेन की सुंदरता पर भी चर्चा की गई। महापौर श्री पटेल ने कहा कि शहर में बेकलेन की स्थिति अच्छी नहीं है, इस संबंध में लोगों की सहभागिता भी आवश्यक है।

शुरू हो रात्रिकालीन सभाई, रोज 150 टन उठे कचरा

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शहर की सड़कों पर निर्माण सामग्री यत्र-तत्र बिखरी हुई नहीं दिखे, तत्काल पेनल्टी लगाई जाए। इसके लिए तत्काल अभियान चलाया जाए। महापौर पटेल ने कहा कि शहर के कई क्षेत्रों में सीवरेज लाइन पुराने चेंबर से ही जोड़ दी गई है जबकि पुराने चेंबर को समाप्त करने की आवश्यकता है। ये टूट-फूट गए हैं, जीर्ण-शीर्ण हैं। कलेक्टर ने रात्रिकालीन सफाई तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। शहर में प्रतिदिन 110 टन कचरा उठाया जा रहा है। यह 150 टन से कम नहीं होनी चाहिए। घर के आगे कचरा फेंकने वालों पर हो स्पॉट फाइन। इसमें कतई देरी नहीं की होनी चाहिए। सफाई रखने वाले नागरिक सम्मानित हों।

गंदे सरकारी दफ्तरों के प्रमुखों पर भी हो कार्रवाई

जिला मुख्यालय पर सभी शासकीय कार्यालयों का भी निरीक्षण हो और जहां गंदगी मिले वहां के कार्यालय प्रमुख पर फाइन किया जाए। इसमें कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला पंचायत कार्यालय सहित सभी कार्यालयों शामिल हों।  बैठक में कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, पार्षद विशाल शर्मा, प्रभारी निगमायुक्त अभिषेक गहलोत, कार्यपालन यंत्री मोहम्मद हनीफ शेख,  सुरेश व्यास, उपायुक्त विकास सोलंकी, स्वच्छता अधिकारी ए. पी. सिंह तथा दारोगागण उपस्थित थे।