सीएम का रोड शो : कमलनाथ कहते थे मामा ने खजाना खाली कर दिया, मैं कहता हूं विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है : शिवराज सिंह

मध्य प्रदेश सरकार के मुखिया शिवराज सिंह चौहान शनिवार को रतलाम आए। उन्होंने यहां रोड शो कर जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा के महापौर व पार्षद प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।

सीएम का रोड शो : कमलनाथ कहते थे मामा ने खजाना खाली कर दिया, मैं कहता हूं विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है : शिवराज सिंह
रतलाम में भाजपा महापौर व पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान। समीप हैं महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल एवं विधायक चेतन्य काश्यप। प्रत्याशी प्

विभाजित भूखण्डों पर मिलेगी भवन निर्माण अनुमति, अवैध व अविकसित कॉलोनियां होंगी नियमित, नहीं होगी बाजार बैठक वसूली

मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रतलाम में भाजपा महापौर व पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो कर वोट

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को यहां भाजपा के महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल एवं पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो और जनसभा को संबोधित किया। धानमंडी में रानीजी की मंदिर चौराहे पर आयोजित सभा में उन्होंने कहा कमल नाथ मुख्यमंत्री थे, तब पैसों के अभाव का रोना रोते रहते थे। उन्होंने रतलाम के विकास के लिए कोई काम नहीं किया। मेरे पास रतलाम के विकास के लिए पैसों की कमी नहीं है। कमल नाथ की 15 महीने सरकार रही। उनके कार्यकाल में सारे विकास कार्य ठप हो गए। कहते थे कि मामा खजाना खाली कर गया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ जनसंभा में महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल और विधायक चेतन्य काश्यप सहित अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। शिवराज ने जनसभा को संबोधित करते हुए अब तक कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने लोगों से पूछा- कि- क्या कांग्रेस के शासनकाल में ऐसे विकास कार्य हुए थे?

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कमल नाथ ने खुद ही अपने क्षेत्र में मतदान नहीं किया। वे चाहते हैं कि जनता मतदान करें और वे सिर्फ राज करें ऐसा नहीं होगा। उनके मतदान नहीं करने से स्पष्ट हो जाता है कि वह चुनाव को लेकर कितने गंभीर हैं। वह पहले भी कह चुके हैं कि मुझे इन चुनावों में इंटरेस्ट नहीं है। कमलनाथ जब मुख्यमंत्री थे, तब हमेशा पैसे की कमी का रोना रोते रहते थे। वे कहते थे कि खजाना खाली है, लेकिन मैं कहता हूं कि विकास के कामों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। रतलाम के विकास के लिए इतना धन दिया जाएगा कि खर्च करते करते थक जाओगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कांग्रेस ने 1965 के बाद विकास के कोई कार्य नहीं किए। जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान रतलाम में इसी मंच से मेडिकल कॉलेज की घोषणा की थी, वह पूरी हो चुकी है। सीवरेज से क्षतिग्रस्त हुई सभी सड़कें नई बनेंगी। अमृत मिशन-2 के तहत स्वीकृत राशि से सड़कों के साथ पेयजल समस्या भी दूर होगी। रतलाम में 1800 हेक्टेयर क्षेत्र में 472 करोड़ से विशेष निवेश क्षेत्र विकसित होगा। इसमें 18 हजार करोड़ के उद्योग आएंगे और 25 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। 300 बेड का अस्पताल बनाने के साथ सिटी रिंग रोड बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाजित भूखण्डों पर भवन निर्माण की अनुमति शुरू होगी, सभी अवैध और अविकसित कॉलोनियों को नियमित किया जाएगा और नगर निगम का बाजार बैठक शुल्क समाप्त किया जाएगा। शहर के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि 18 माह की कांग्रेस सरकार ने संबल सहित जनहित की सारी योजनाएं बंद कर दी थी। उनकी सरकार ने स्ट्रीट वेंडर योजना में छोटे व्यापारियों को राशि दी है। कोरोना काल में निःशुल्क राशन बांटा और सामाजिक क्रांति करते हुए हर परिवार को आवास देने का प्रयास किया है।

चौहान ने कहा गुंडे, बदमाश, दबंग और माफिया का आतंक मध्यप्रदेश में नहीं चलेगा। भाजपा सरकार सबका साथ और सबका विकास चाहती है। आतंक और आतंकवादी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। सरकार ने बुलडोजर चलाकर 21 हजार एकड़ जमीन मुक्त करवाई है, जिसे गरीबों में बांटा जाएगा। मध्यप्रदेश की धरती पर कोई बिना जमीन के नहीं रहेगा। आवास के लिए पट्टा, पैसा और फ्लेट सभी दिए जाएंगे। चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा बंद की गई अन्य योजनाओं को भी शुरू कर हर वर्ग को लाभ देने का काम किया जा रहा है।

... तो रुक जाएंगे सारे काम

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा नगर निगम में कांग्रेस की परिषद बन गई, तो सारे काम रूक जाएंगे। जनकल्याणकारी योजनाएं घर-घर तक नहीं पहुंचेंगी। कमलनाथजी कह देंगे, मामा कहे आगे चलो तो तुम पीछे जाओ। मैं कहूं दाएं चलो तो वह बाएं जाएंगे, मैं कहूं ऊपर चलो तो नीचे जाएंगे। आज रतलाम की सड़कों पर जो आशीर्वाद व प्यार मिला, वह अद्भुत है। उसके लिए भले ही जान चली जाए, आपके विश्वास को टूटने नहीं दूंगा। रतलाम के विकास को गति देने के लिए महापौर भारतीय जनता पार्टी का चाहिए। प्रहलाद पटेल नौजवान है। दिन-रात मेहनत करेंगे और काम में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इसका भरोसा दिलाता हॅू। एक वार्ड से शबाना खान निर्विरोध पार्षद चुनी गई है। शेष सभी वार्डों में भी भाजपा पार्षद प्रत्याशियों को जिताएं, जिससे वार्ड की तस्वीर और जनता की तकदीर बदलेगी।

प्रहलाद अकेले नहीं हैं

मैं किसी की आलोचना नहीं कर करता, लेकिन रतलाम नगर निगम चुनाव में एक तरफ प्रहलाद जैसा समाजसेवी है, तो दूसरे की छवि और रिकॉर्ड देख लो। उनके खिलाफ कौन-कौन से मामले चल रहे हैं, सबको पता है। प्रहलाद अकेले नहीं हैं, इनके साथ चेतन्यजी, हिम्मतजी सहित पूरा भाजपा का नेतृत्व है। इनके साथ मामा भी और प्रधानमंत्रीजी का आशीर्वाद भी है।

महापौर के साथ नगर निगम में भाजपा की परिषद भी जरूरी है। चौहान ने कहा कि वे रतलाम के विकास के लिए जितनी आवश्यकता होगी उतनी धनराशि देंगे। अगर महापौर कांग्रेस का होगा तो धनराशि का उपयोग ठीक से नहीं होगा। योजनाएं नीचे तक नहीं पंहुच पाएंगी और विकास के काम ठप्प हो जाएंगे।

मामाजी के खजाने पर भानजे का अधिकार - प्रहलाद पटेल

जनसभा में महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल ने कहा कि रतलाम की जनता दिल वाली है। चुनाव में जो प्यार एवं आशीर्वाद आमजन से मिला है। उसका पूरा कर्ज चुकाएंगे। मामा के खजाने पर भानजे का अधिकार होता है, उसका बड़ा हिस्सा रतलाम के विकास के लिए प्राप्त कर विधायक चेतन्य काश्यप के मार्गदर्शन में नगर को महानगर बनाएंगे।

विकास की गाथा लिखेगी भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार - चेतन्य काश्यप

आरंभ में विधायक चेतन्य काश्यप ने स्वागत भाषण देते हुए कहा रतलाम को नगर से महानगर बनाने की शुरूआत हो चुकी है। मेडिकल कॉलेज की सौगात मुख्यमंत्री चौहान की देन है। निवेश क्षेत्र से औद्योगिक एवं व्यापारिक विकास होगा। शहर के हित में भाजपा की सरकार बनना जरूरी है। इससे केन्द्र, राज्य और नगर की ट्रिपल इंजिन सरकार विकास की नई गाथा लिखेगी।

यहां हुआ स्वागत

इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान स्टेट हैंगर प्लेन से बंजली हवाई पट्टी पहुंचे। यहां से वे निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे की देरी से सज्ज मिल रोड पहुंचे जहां से खुली जीप में रोड शो शुरू किया। उनके साथ महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल भी मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के लिए मतदाताओं से वोट मांगे। रोड शो सज्जन मिल रोड, राम मन्दिर, सैलाना बस स्टैण्ड, शहर सराय, रानी जी का मन्दिर, नाहरपुरा, डालूमोदी बाजार, गणेश देवरी, हरदेव लाला की पीपली होते हुए रानी जी का मन्दिर स्थित सभास्थल पहुंचा। यह दूरी सीएम के काफिले ने करीब ढाई घंटे में तय की। इस दौरान उनका जगह-जगह कार्यकर्ताओं द्वारा मंच बनाकर स्वागतकिया गया। स्वचलित तोप से फूल बरसाए जा रहे थे।

जनसभा में ये रहे मौजूद

भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, सांसद गुमानसिंह डामोर, विधायक चेतन्य काश्यप, पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी, चुनाव प्रभारी अशोक यादव, शैलेन्द्र डागा, कन्हैयालाल मौर्य, बजरंग पुरोहित, अशोक पोरवाल, निमिष व्यास, आशा मौर्य, जयवंत कोठारी, दिनेश शर्मा, सुनील सारस्वत, सोना शर्मा, शैलेन्द्र सिसोदिया, मनोज शर्मा, अरुण त्रिपाठी, दशरथ पाटीदार, निलेश गांधी, विनोद यादव, इब्राहिम शैरानी, सोमेश पालीवाल, यतेन्द्र भारद्वाज सहित भाजपा वार्ड प्रत्याशी, वरिष्ठ नेता एवं पार्टी, मोर्चा, प्रकोष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। सभा का संचालन चुनाव संयोजक मनोहर पोरवाल ने किया। आभार जिला महामंत्री ने माना।