MLA काश्यप की फटकार : जलप्रदाय की गड़बड़ी तत्काल दूर करने की हिदायत, कार्यपालन यंत्री शेख को हटाया लेकिन पानी की इस बर्बादी पर नहीं ध्यान

रतलाम जलप्रदाय व्यवस्था की खामियों को लेकर विधायक चेतन्य काश्यप ने नगर निगम अमले को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने सभी खामियों को तत्काल दूर करने की हिदायत दी है। इसके चलते नगर निगम के जलप्रदाय प्रभारी कार्यपालन यंत्री एम. एच. शेख हो हटा दिया गया है।

MLA काश्यप की फटकार : जलप्रदाय की गड़बड़ी तत्काल दूर करने की हिदायत, कार्यपालन यंत्री शेख को हटाया लेकिन पानी की इस बर्बादी पर नहीं ध्यान
जलप्रदाय व्यवस्था की खामियों को दूर करने के निर्देश देते विधायक चेतन्य काश्यप, साथ हैं कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम एवं नगर निगम आयुक्त सोमनाथ झारिया।

विधायक चेतन्य काश्यप ने जलप्रदाय व्यवस्था की समीक्षा कर दिए नगर निगम के जिम्मेदारों को निर्देश

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम शहर की गड़बड़ाई जलप्रदाय व्यवस्था पर शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था की गड़बड़ियों को तत्काल प्रभाव से दूर कर खामियों को सुधारने की हिदायत दी है। विधायक के एक्शन में आते ही नगर निगम के जलप्रदाय विभाग के कार्यपालन यंत्री एम. एच. शेख को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।  

नगर निगम की जल प्रदाय व्यवस्था की समीक्षा शुक्रवार शाम को विधायक चेतन्य काश्यप ने की। इस दौरान कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, निगमायुक्त सोमनाथ झारिया सहित अन्य मौजूद रहे। विधायक कश्यप ने निर्देशित किया कि जलप्रदाय के संबंध में आ रही शिकायतों का तत्काल निराकरण करें। उन्होंने शहर में सुचारु रूप से जलप्रदाय की व्यवस्था बनाने, एक समान रूप से शहर के सभी क्षेत्रों मे जल उपलब्धता सुनिश्चित करने, इस संबंध में नगर निगम को नियोजित ढंग से कार्य योजना बनाकर कार्य करने के निर्देश भी विधायक ने दिए।

जहां नहीं हो रहा जलप्रदाय वहां टैंकर से भेजें पानी

शहर विधायक द्वारा जल प्रदाय व्यवस्था की समीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं के गड़बड़ाने के लिए नगर निगम की जलप्रदाय व्यवस्था के प्रभारी कार्यपालन यंत्री एम. एच. शेख को जिम्मेदार माना गया। इसके चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से उक्त दायित्व से हटा दिया गया। विधायक ने कहा कि शहर में जलप्रदाय के संबंध में जो भी तकनीकी समस्याएं हैं अथवा स्टाफ संबंधी समस्या है, उनका तत्काल समाधान किया जाए। सभी खामियां दुरुस्त करें और जिन क्षेत्रों में जलप्रदाय ठीक ढंग से नहीं हो पा रहा है वहां टैंकरों से पानी पहुंचाने की व्यवस्था करें।

धालावड़ व मोरवनी प्लांट की हो मॉनीटरिंग, बारिश से पहले नाले हों साफ

विधायक काश्यप ने नगर निगम के मोरवानी तथा धोलावाड़ स्टेशन पर सप्लाई की सतत मॉनिटरिंग करने की हिदायत भी दी। उन्होंने बारिश के पहले ही नालों की सफाई का कार्य अभियान के रूप में करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम में नामांतरण की कार्रवाइयों में भी तेजी लाने के लिए कहा।

पानी की इस बर्बादी पर कब संज्ञान लोगे सरकार...

जलप्रदाय में अनियमितता को लेकर तो विधायक काश्यप ने शुक्रवार को संज्ञान ले लिया लेकिन पानी की बर्बादी रोकने को लेकर किसी ने भी गंभीरता नहीं दिखाई। उपरोक्त चित्र नगर निगम के अमले द्वारा रोज एक वाट्सएप ग्रुप में साझा किए जा रहे वीडियो से लिया गया है। इसमें नगर निगम का अमला फायर फाइटर से रोज शहर के प्रमुख सड़कों के रोड डिवाइडरों धोया जा रहा है और सैकड़ों गैलन पानी की बर्बादी की जा रही है। स्वच्छता में रैंकिंग पाने के लिए पानी की ऐसी बर्बादी रोज रात में एक से डेढ़ बजे के दरम्यान होती है।

इतना ही नहीं शहर में कई स्थानों पर सर्विस सेंटरों पर सरकारी नलों का पानी वाहन धोने के लिए बहाया जा रहा है। इतना ही नहीं जानकारों की मानें तो पानी की बर्बादी जिले के एकमात्र सरकारी स्वीमिंग पूल (कुशाभाऊ ठाकरे स्वीमिंग पूल) में भी होरही हैं। बताया जाता है को रोज पूल को पानी से फुल किया जाता है और फिल्टर के बाद लगभग आधा पानी बहा दिया जाता है। नतीजतन स्वीमिंग कॉम्पिटीशन में शिरकत करने वाले तैराक प्रैक्टिस भी नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि स्वीमिंग पूल में दो-ढाई फीट पानी ही रहने से उन्हें तैरने में परेशानी होती है।