रतलाम में सड़कों, अवैध कॉलोनी व अमृत 2 के तहत 200 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत - मंत्री भूपेंद्रसिंह

नगरीय आवास एवं विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने रतलाम में विकास कार्य के लिए राशि की कमी नहीं आने देने की घोषणा की है।

रतलाम में सड़कों, अवैध कॉलोनी व अमृत 2 के तहत 200 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत - मंत्री भूपेंद्रसिंह
रतलाम में विकास कार्यों के भूमिपूजन के बाद शिलालेखों का अनावरण करते मप्र शासन के मंत्री भूपेंद्र सिंह, समीप हैं विधायक चेतन्य काश्यप, दिलीप मकवाना व अन्य।

विधायक चेतन्य काश्यप और महापौर प्रहलाद पटेल की मांग पर राशि स्वीकृत

शहर में विकास के लिए 15 करोड़ 36 लाख के कार्याें का हुआ भूमिपूजन

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री भूपेंद्रसिंह ने रविवार को रतलाम में 15 करोड़ 35 लाख के कार्याें का भूमिपूजन करने के साथ विकास के कई कार्यों की सौगात दी। उन्होंने शहर विधायक चेतन्य काश्यप और महापौर प्रहलाद पटेल की मंशानुसार शहर में विकास के अन्य कार्यों के लिए 200 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। अवैध कॉलोनियों को जल्द नियमित करके उनमें जल्द विकास कार्य करने की घोषणा की। अविकसित कॉलोनियों और विभाजित प्लॉट के लिए भी जल्द रास्ता निकालने का आश्वासन दिया।

दीनदयाल नगर में आयोजित समारोह में मंत्री सिंह ने कहा कि रतलाम नगर में विकास कार्य किए जाने हेतु आप तो टेण्डर लगाते जाइए, धन की कमी आड़े नहीं आएगी। आपको राशि मांगने की जरूरत नहीं है, सरकार आपकी है, आप जो कहेंगे वह सब होगा। आप जो मांगेंगे उससे ज्यादा मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान आपको देंगे। आप चिंता मत करो। मंत्री सिंह ने रतलाम में अमृत 2 मिशन के तहत 136 करोड़ रुपए और स्वच्छ भारत मिशन के तहत 17 करोड़ रुपए स्वीकृत किए। इसके अतिरिक्त करीब 50 करोड़ रुपए अवैध कॉलोनियों व सड़कों के लिए स्वीकृति किए। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनी के लिए आप जितनी कहेंगे उतनी राशि स्वीकृत कर देंगे। शहर विकास के लिए 200 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत कर रहे हैं। इसका आप उपयोग करो। जरूरत पडे़गी तो और देंगे।

इसलिए काश्यप की अध्यक्षता में बनाई कमेटी

मंत्री सिंह ने कहा कि चेतन्य जी हमेशा कहते थे कि प्रदेश की अवैध कॉलोनियों को वैध करना है, उनका नियमितिकरण करना है, इसलिए उनकी अध्यक्षता में ही कमेटी बनाई थी। कमेटी की रिपोर्ट आते ही तीन माह में कानून बनाकर विधानसभा से पास करके उसे लागू कर दिया है। रिडेंसिफिकेशन योजना में पहले सड़कों का प्रावधान नहीं था, लेकिन अब सड़कों को भी इसमें शामिल किया है। विभाजित प्लाट पर भवन निर्माण की अनुमति के लिए अधिकारियों के साथ बैठकर बात करेंगे और इसका रास्ता निकालेंगे।

1200 आवास भोपाल जाकर स्वीकृत करूंगा

मंत्री भूपेंद्रसिंह ने कहा कि वर्ष 2024 तक सभी आवासहीनों को आवास उपलब्ध होगा। प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अन्तर्गत 9 लाख आवास बनाने के लक्ष्य के तहत अब तक 6 लाख आवास निर्मित किए जा चुके। इस कार्य में मध्यप्रदेश देश में नम्बर 1 है। प्रदेश सरकार द्वारा भू-अधिकार अभियान चलाया जाएगा, जिसमें भूमिहीन परिवारों को पक्का मकान दिए जाने का कार्य किया जाएगा, ताकि कोई भी गरीब बिना आवास के ना रहे। रतलाम में 3300 परिवारों को अब तक आवास दिए जा चुके हैं, 1200 आवासों का सर्वे हुआ है, जिसे भोपाल जाकर तत्काल स्वीकृत करूंगा। भू-अधिकार के लिए शहरी क्षेत्र में जल्द पट्टे भी जारी करने का काम करेंगे।

सीवरेज प्रोजेक्ट रतलाम के नगर से महानगर बनने की निशानी

सांसद ने इस मौके पर कहा कि भाजपा शासन काल में रतलाम का तेजी से विकास हो रहा है। सीवरेज प्रोजेक्ट, शहर को नगर से महानगर बनाने की निशानी है। 8 लेन प्रोजेक्ट का लाभ लेते हुए निवेश क्षेत्र बनाया जा रहा है, उससे नगर को लाभ होगा।

कांग्रेस शासन में रोक दिया गया था कानून- काश्यप

शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार हर नागरिक को प्रत्येक सुविधा देने हेतु तत्पर है। काश्यप ने अवैध कॉलोनियों को वैध करने का कानून बनाने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। कांग्रेस शासन काल में यह कानून रोक दिया गया था। बाद में मंत्री भूपेंद्रसिंह ने व्यक्तिगत रुचि लेकर काम को किया। उन्होंने अविकसित कॉलोनियों के नियमितीकरण एवं विभाजित प्लॉटों पर भवन अनुज्ञा देने का प्रावधान जल्द करने की मांग की। मंत्री सिंह से शहर की सड़कों के लिए राशि आवंटित करने का आग्रह भी किया।

36 करोड़ के विकास कार्य शुरू, सफाई व पेयजल की हो रही मॉनिटरिंग

ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना ने कहा कि रतलाम को महानगर बनाया जाना है, इसके प्रयास में सभी सभी सहभागी बने। महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि नई परिषद् के 100 दिन पूरे हो चुके हैं। इस दौरान 21 करोड़ से अधिक की राशि के विकास कार्य आरंभ किए गए हैं। आज 15 करोड़ से अधिक राशि के कार्यों की शुरुआत हो रही है। प्रदेश में रतलाम में हमने महापौर हेल्पलाइन की शुरुआत की है। सफाई और पेयजल व्यवस्था में हम लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने शहर विकास के लिए मंत्री सिंह से विकास कार्यों के लिए राशि आवंटित करने का आग्रह किया।

निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि विधायक काश्यप के कार्यकाल में हुए प्रयासों से वह दिन दूर नहीं जब रतलाम महानगर कहलाएगा। नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट ने बताया कि मंत्री सिंह के हाथों 15 करोड़ 36 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमि पूजन आज हुआ है।

इन कार्यों का हुआ भूमि पूजन

  • मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना (तृतीय चरण) के अन्तर्गत अमृत सागर उद्यान से बाजना बस स्टैण्ड फोरलेन मार्ग लागत रुपए 2 करोड़ 88 लाख।
  • मिनी स्मार्ट सिटी योजना अन्तर्गत अम्बे माता चौक जवाहर नगर से लक्ष्मणपुरा तक सीमेन्ट कांक्रीट सड़क निर्माण लागत रुपए 8 करोड़ 22 लाख।
  • स्टेट डिजास्टर रिलीफ फंड के अन्तर्गत हजीरा पुलिया का नव निर्माण लागत रुपए 1 करोड़ 23 लाख।
  • मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक योजना के अन्तर्गत विभिन्न 10 स्थानों पर संजीवनी क्लीनिक का निर्माण लागत रुपए 2 करोड़ 50 लाख।
  • नगर निगम निधि के अन्तर्गत न्यू रोड से शास्त्री नगर मुख्य मार्ग तक सीमेन्ट कांक्रीट सड़क निर्माण लागत रुपए 52 लाख 68 हजार।

अतिथियों का किया स्वागत

कार्यक्रम के दौरान दीनदयाल नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने बड़ी फूल माला से मंत्री सिंह का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री, जिला उपाध्यक्ष सुनील सारस्वत, दिनेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा, मंडल प्रभारी विनोद यादव, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, वरिष्ठ नेता कन्हैयालाल मौर्य मनोहर पोरवाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष, एमआईसी सदस्य एवं क्षेत्रीय पार्षद सहित अन्य उपस्थित रहे। संचालन मनोज शर्मा ने किया। आभार महापौर परिषद् सदस्य विशाल शर्मा ने माना।