बड़ी सफलता : सैलाना नगर माही नदी समूह जल योजना में शामिल, रोज 15 लाख लीटर पानी मिलेगा, 30 साल के लिए जल संकट से मिलेगी निजात- चेतन्य शुक्ल

सैलाना नगर को माही नदी समूह जल योजना में शामिल करने के साथ ही वर्कऑर्डर भी हो चुका है। योजना से नगर को करीब 15 लाख लीटर पानी उपलब्ध होगा।

Sep 15, 2023 - 18:09
Sep 15, 2023 - 18:10
 0
बड़ी सफलता : सैलाना नगर माही नदी समूह जल योजना में शामिल, रोज 15 लाख लीटर पानी मिलेगा, 30 साल के लिए जल संकट से मिलेगी निजात- चेतन्य शुक्ल
सैलाना नगर की पानी की समस्या का ऐसा समाधान।

एसीएन टाइम्स @ सैलाना । नगर को पीने के पानी के संकट से निजात दिलाने की दिशा में सैलाना नगर परिषद को बड़ी सफलता मिली है। माही नदी समूह जल योजना में सैलाना नगर को भी शामिल कर लिया गया है। पहले विकासखंड के ग्रामीण इलाके ही शामिल थे। परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ल के प्रयासों से अब सैलाना नगर को योजना से 15 लाख लीटर पानी उपलब्ध होगा। इसक लिए टेंडर होने के साथ ही वर्कऑर्डर भी हो चुका है।

यह जानकारी सैलाना नगर परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ल ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि मार्च में कलेक्टर द्वारा पेयजल की उपलब्धता को लेकर समीक्षा बैठक आहूत की गई थी। इसमें सैलाना विधानसभा क्षेत्र के गांवों में माही नदी से जलस्रोत आधारित माही नदी समूह जल योजना के तहत शुद्ध (R O जल) आपूर्ति किए जाने की कार्ययोजना पर वरिष्ठ अधिकारियों से जानकारी ली थी। बैठक में परिषद अध्यक्ष शुक्ल भी उपस्थित थे। उन्होंने इस महती योजना में सैलाना शहर को शामिल करने की पुरजोर  मांग की थी। अध्यक्ष ने नगर की पेयजल समस्या को सिलसिले वार बताते हुए स्थायी समाधान का आग्रह किया था। योजना को मूर्तरूप देने के पूर्व में जल निगम के महाप्रबंधक कुलदीपसिंह कलम, नगरीय निकाय आयुक्त भरत यादव से भी मुलाकात की थी।

150

विधायक और कलेक्टर की मेहनत हुई सफल

500
200

अध्यक्ष शुक्ल ने बताया कि यह प्रसन्नता की बात है कि सैलाना विधायक हर्षविजय गेहलोत, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी व सम्बंधित अधिकारियों की मेहनत सफल हो गई। योजना में न सिर्फ सैलाना नगर को शामिल कर लिया गया है बल्कि इसके लिए टेंडर होने के बाद वर्कऑर्डर भी हो गया है।

हैदराबाद की कंपनी 24 माह में पूरी करेगी प्रोजेक्ट

शुक्ल के अनुसार आधिकारिक जानकारी के अनुसार हैदराबाद की कंपनी प्रोजेक्ट को पूर्ण करेगी। कंपनी को कार्य पूर्ण करने के लिए 24 माह में डेडलाइन दी गई है। कंपनी पाइप लाइन के माध्यम से माही नदी का पानी परिषद द्वारा निर्मित सम्पवेल तक पहुंचाने का कार्य करेगी। इसके लिए स्थल चयन के साथ नवीन सम्पवेल की डीपीआर भी तैयार की जा रही है जो शीघ्र धरातल पर नजर आएगी। उसके पश्चात नगर में पेयजल वितरण का जिम्मा परिषद का रहेगा।

अभी 7.50 लाख लीटर उपलब्ध होता है पानी

परिषद अध्यक्ष शुक्ल ने बताया सैलाना नगर की 2011 की जनगणना के मुताबिक तकरीबन 15 हजार आबादी है। अभी नगर परिषद द्वारा गोवर्धनसागर से रोज 7.50 लाख लीटर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रीष्म ऋतु में किसानों द्वारा सिंचाई के लिए पानी लेने के बाद पानी की कमी होती है और विवाद की स्थिति निर्मित हो जाती है। माही नदी समूह जल योजना के तहत नगर को करीब 15 लाख लीटर पानी उपलब्ध होगा जिससे नगर की पेयजल समस्या का समाधान हो जाएगा।

प्रतिदिन पानी देने के हो सकेंगे प्रयास

नगर परिषद सीएमओ अनिल कुमार जोशी ने बताया कि संपूर्ण प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन के बाद सैलाना नगर में पेयजल समस्या का हमेशा के लिए समाधान हो जाएगा। परिषद प्रतिदिन नगर में पेयजल प्रदाय करने का प्रयास भी किया जा सकेगा। पत्रकार वार्ता में नगर परिषद उपाध्यक्ष सुनीता पाठक, पार्षद मीरा पाटीदार, कुलदीप कुमावत, राधाबाई काग, चंदा पारगी, कृष्णा चंदेल, पुष्पा राठौड़, आशा कसेरा, मंगलेश कसेरा आदि मौजूद थे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।