भाजयुमो आज पौधारोपण कर मनाएगा पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन, तीन चरण में जिले में 75 हजार पौधे रोपने का है लक्ष्य

भाजयुमो द्वारा प्रदेश में 75 लाख पौधे तीन चरण में रोपने का लक्ष्य है। करीब 75 हजार पौधे रतलाम में रोपे जाने हैं। इसकी शुरुआत हो चुकी है।

भाजयुमो आज पौधारोपण कर मनाएगा पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन, तीन चरण में जिले में 75 हजार पौधे रोपने का है लक्ष्य
भाजयुमो : हरा भरा मध्यप्रदेश।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा हरा भरा मध्यप्रदेश अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पूरे प्रदेश में 75 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य है। इसमें से करीब 75 हजार पौधे रतलाम जिले में तीन चरण में रोपे जाने हैं। पहला चरण 11 सितंबर को शुरू हो चुका है जो 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन तक चलेगा। मोर्चा वृहद स्तर पर पौधारोपण कर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन मनाएगा।

यह जानकारी शुक्रवार को भाजयुमो के पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता में दी। बताया गया कि हरा भरा मध्यप्रदेश अभियान का दूसरा चरण 18 से 25 सितंबर तक चलेगा। इस 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। इस दिन भी वृहद पैमाने पर पौधारोपण होगा। इसी प्रकार तीसरा चरण 26 सितंबर से 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) तक चलेगा।

मोर्चा के अनुसार रतलाम जिले में 419 ग्राम पंचायतें  जिनमें पौधारण किया जाना है। इसके साथ ही सभी नगरीय वार्डों में भी अभियान चलेगा। इसी तारतम्य में शुक्रवार को ताल मंडल में पौधारोपण किया गया। मोर्चा के पास 12 प्रजातियों के पौधे हैं जो रोपे जा रहे हैं।

भोपाल मुख्यालय से जारी हुई थी कार्ययोजना

पौधे रोपने के लिए मोर्चा के भोपाल मुख्यालय से एक कार्ययोजना भी सभी जिला अध्यक्षों के लिए साझा की गई थी।इसके अनुसार पौधे रोपने के लिए प्राकृतिक स्थल, विद्यालय, अस्पताल व अन्य सरकारी भवन आदि चिह्नित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके अलावा मंडल/ब्लॉक स्तर पर पौधे लगाने के लिए आंगनवाड़ी, पंचायत भवन इत्यादि के चयन के लिए कहा गया था।

अभियान से सभी प्रमुख धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संस्थाओं का पंजीयन करवाने के लिए भी कहा गया था। एक सवाल के जवाब में मोर्चा पदाधिकारी ने कहा कि फोरलेन व सड़कों के आसपास पौधे लगाने के लिए संगठन में चर्चा की जाएगी और इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा। मोर्चा ने युवाओं के लिए कोचिंग क्लास शुरू करने पर विचार करने के लिए भी आश्वस्त किया।

पत्रकार वार्ता में ये थे मौजूद

प्रत्रकार वार्ता में भाजयुमो जिला अध्यक्ष के अलावा, जिला उपाध्यक्ष गौरव मूणत, जिला महामंत्री रविंद्र मुरलीवाला तथा मीडिया प्रभारी नीलेश जायसवाल सहित अन्य मौजूद थे।