हर घर तिरंगा : 3.50 लाख घरों में लहराएगा तिरंगा, स्व सहायता समूह बना रहा 1 लाख झंडे, 1.50 संस्कृति विभाग से मांगे

हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जिलेभर में तैयारियां जारी हैं। कर्मचारी संगठनों ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। स्व सहायता समूह अभियान के लिए एक लाख झंडे तैयार किए जा रहे हैं। डेढ़ लाख झंडे के लिए प्रशासन ने संस्कृति विभाग को मांगपत्र भेजा है। लोगों को जागरूक करने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

हर घर तिरंगा : 3.50 लाख घरों में लहराएगा तिरंगा, स्व सहायता समूह बना रहा 1 लाख झंडे, 1.50 संस्कृति विभाग से मांगे
हर घर तिरंगा अभियान।

कर्मचारी संगठनों ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प, कलेक्टर ने बताई अभियान से जुड़ी बातें

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले में 11  से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा अभियान में जिले के कर्मचारी भी तन-मन से जुड़ रहे हैं। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने शुक्रवार को जिले के सभी कर्मचारी संगठनों, यूनियनों और संघों के साथ बैठक कर अभियान की जानकारी दी। उन्होंने अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया। आयोजन को सफल बनाने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण भी दिया गया है। लगभग 3 लाख 50 हजार घरों पर झंडा फहराया जाएगा।

शुक्रवार को कलेक्टर ने कर्मचारी संघों की बैठक की। इस दौरान हर घर तिरंगा अभियान को जिले में घर-घर तक पहुंचाने एवं स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने, अभियान को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया गया। कलेक्टर नरेंद्र ने कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों को हर घर तिरंगा अभियान की अवधारणा बताई। उन्होंने बताया अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न धर्म गुरुओं, औद्योगिक संगठनों, अधिकारियों, समाज प्रमुखों, व्यापारिक संगठनों इत्यादि के साथ बैठकें आयोजित की गई हैं। अभियान एक जन आंदोलन का स्वरूप धारण करता जा रहा है। अभियान राष्ट्रीय स्वाभिमान एवं गौरव का प्रतीक है। जागरूकता रैलियां भी आयोजित होंगी। अभियान के दौरान झण्डा संहिता का शत-प्रतिशत पालन जरूरी है।

स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बना रहीं झंडे

कलेक्टर ने बताया जिले के स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एक लाख झंडे तैयार कर रही हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को अपने घरों पर झंडा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित कर रही हैं। खंडस्तरीय बैठकें भी हो चुकी हैं। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी जमुना भिड़े को अभियान का जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान के पोस्टर तथा स्टीकर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अतिशीघ्र आमजन को तिरंगा उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत परिसर, नगरीय निकायों, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायतों, उचित मूल्य की दुकानों आदि स्थानों पर तिरंगा झंडा उपलब्धता होगा। जिले से संस्कृति विभाग को ढाई लाख झंडों के लिए मांग-पत्र भेजा है।

इस दौरान सीईओ जिला पंचायत जमुना भिड़े, अपर कलेक्टर एम. एल. आर्य, एनआरएलएम के हिमांशु शुक्ला, कर्मचारी संयुक्त मोर्चा संरक्षक दीपक सुराणा, कर्मचारी नेता श्याम टेकवानी, लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ के वरुण शर्मा, सुधीरसिंह सिसौदिया, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के शरद शुक्ला, राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष आर. एन. केरावत, इंजीनियरिंग संघ के मनोज जैन, आईटीआई कर्मचारी संघ के अभिजीत दुबे, आजाद अध्यापक संघ के अध्यक्ष सुनील गौड़, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के सुशील शुक्ला, लघु वेतन कर्मचारी संघ के दीपक छपरी, प्रमोद पाठक, सुरेश जोशी, चरणसिंह चौधरी, आराधना निगुड़कर, मनोज जैन, जितेन्द्र चौहान, हेमंत राय, अध्यापक महासंघ की निशा पंवार, नर्सिंग एसोसिएशन की जीनत स्टीफन, नीना रावत, संजय वोहरा आदि उपस्थित थे। 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण

महिला एवं बाल विकास विभाग की समस्त कार्यकर्त्ताओं एवं सहायिकाओं की बैठक सहप्रशिक्षण का आयोजन नरसिंह वाटिका में किया गया। इसमें प्रतिभागियों को हर घर तिरंगा अभियान की विस्तृत रूपरेखा, जिले की कार्य योजना व अभियान के संदेश का प्रचार-प्रसार करने, देशवासियों को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिये प्रेरित करने, देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से जिला समन्वयक म.प्र. जन अभियान परिषद्  के रत्नेश विजयवर्गीय ने अवगत कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओ को अपने नगर, ग्राम, सेक्टर में समितियों का गठन कर दीवार लेखन, जागरूकता अभियान एवं घर-घर जाकर संपर्क कर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करने व लक्ष्यानुसार तिरंगे घर-घर तक पहुचाने तथा लोगों के अमृत महोत्सव का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी दी गई।

जिला परियोजना प्रबंधक हिमांशु शुक्ला ने झंडा संहिता व ग्राम स्तर पर अभियान के सुचारू क्रियान्वयन व ग्राम स्तर पर निकाली जाने वाली तिरंगा यात्राओं की समय सीमा व रूपरेखा बताई। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत विनीता लोढ़ा व सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग अंकिता पंड्या ने प्रतिभागियों को मार्गदर्शन दिया।