रतलाम में BAP का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न, संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर हुए बड़े फैसले
रतलाम में भारत आदिवासी पार्टी का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न हुआ। मोहनलाल रोत के नेतृत्व में संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत के नेतृत्व में देशभर में संगठन मजबूत करने का संकल्प; मांगीलाल निनामा राष्ट्रीय महासचिव और पोपटलाल खोखरिया राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त
एसीएन टाइम्स @ रतलाम। भारत आदिवासी पार्टी (BAP) का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन रतलाम के हीरा पैलेस में संपन्न हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत के नेतृत्व में आयोजित अधिवेशन में मध्यप्रदेश सहित राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना से पार्टी के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। दो दिनों तक चले अधिवेशन में संगठन के विस्तार, आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों और पार्टी की रणनीति को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
अधिवेशन में राष्ट्रीय कमिटी ने पार्टी के विभिन्न पदों में वृद्धि करने के साथ देशभर में संगठन को और मजबूत एवं विस्तारित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। पार्टी की आगामी गतिविधियों, विभिन्न राज्यों में प्रस्तावित कार्यक्रमों तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के निधन के बाद विगत वर्ष से रिक्त चल रहे पद पर प्रतापगढ़ के मांगीलाल निनामा को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया। डूंगरपुर के पोपटलाल खोखरिया को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
ये भी पढ़ें
आदिवासी और वंचित वर्गों की भागीदारी पर जोर
अधिवेशन को संबोधित करते हुए बांसवाड़ा सांसद राजकुमार ने भारत आदिवासी पार्टी को देश के विभिन्न राज्यों में विस्तार देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था में आदिवासी समाज और वंचित वर्गों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मध्यप्रदेश विधानसभा में भारत आदिवासी पार्टी के एकमात्र विधायक एवं सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि भारत आदिवासी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, आदिवासी समाज के अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करते हुए देश के विभिन्न राज्यों में संगठन का विस्तार करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अधिवेशन में लिए गए निर्णय पार्टी को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।
इन्होंने भी व्यक्त किए विचार
अधिवेशन में राजस्थान विधानसभा में भारत आदिवासी पार्टी विधायक दल के नेता थावर चंद्र डामोर, आसपुर विधायक उमेश डामोर, बागीदोरा विधायक जयकृष्ण पटेल, महिला मोर्चा अध्यक्ष बबिता कच्छप, झारखंड से विजय कुजूर तथा आंध्रप्रदेश से राजाबाबू सहित मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के विभिन्न पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे।
ये भी पढ़ें
दो दिन चला रणनीति और संगठन पर मंथन
राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान पार्टी की आगामी रणनीति, संगठन विस्तार, विभिन्न राज्यों में प्रस्तावित कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण मंथन हुआ। पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की विचारधारा को अधिक व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने को लेकर अपने सुझाव रखे। पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने, भारत आदिवासी पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प भी लिया। संचालन सचिन गामड़, ध्यानवीर डामोर एवं दशरथ बारिया ने किया। आभार सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें








