रतलाम में तड़के बुलडोजर एक्शन ! दिल्ली-मुंबई 8 लेन पर अवैध ढाबे जमींदोज, कार्रवाई पर उठे सवाल

रतलाम में तड़के जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर नामली क्षेत्र के अवैध ढाबों पर बुलडोजर चला दिया। इस कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

रतलाम में तड़के बुलडोजर एक्शन ! दिल्ली-मुंबई 8 लेन पर अवैध ढाबे जमींदोज, कार्रवाई  पर उठे सवाल
दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर तड़के बुलडोजर से ढाबे ढहाता प्रशासन और पुलिस।
  • दीवाली से पहले जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन

  • नामली क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ ढाबों पर चले बुलडोजर

  • फोरलेन किनारे स्थित अवैध गुमटियां भी हटाईं

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मप्र के रतलाम में सोमवार तड़के जिला प्रशासन और पुलिस का बुलडोजर एक्शन देखने को मिला। दिल्ली–मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे और फोरलेन किनारे अवैध रूप से खड़े ढाबों पर प्रशासन ने कहर बरपा दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर गरजा और देखते ही देखते दो ढाबे जमींदोज हो गए। इस कार्रवाई से अन्य ढाबा संचालकों में हड़कंप है।

जिले के प्रमुख मार्गों खासकर दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे (8 लेन) और फोरलेन पर लगातार अवैध गतिविधियां बढ़ रही हैं। यहां लोगों द्वारा अवैध निर्माण भी किए जा रहे हैं। इसकी लगातार शिकायतें मिल रही हैं। यह जानकारी कलेक्टर मीशा सिंह के संज्ञान में आने पर उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके चलते सोमवार तड़के प्रशासन का अमला भारी पुलिस बल के साथ नामली के पास से गुजर रहे दिल्ली-मुंबी एक्सप्रेस-वे पर पहुंचा। कोई कुछ समझ पाता उससे पहले ही प्रशासन के बुलडोजर ने यहां स्थित अवैध ढाबों को रौंदना शुरू कर दिया। पास के बड़ोदा गांव में फोरलेन पर स्थित अवैध गुमटियां भी हटा दी गईं।

ढाबा संचालकों में मचा हड़कंप

दीवाली से पहले प्रशासन द्वारा अचानक ही की गई इस कार्रवाई से जिले के अन्य ढाबा संचालकों भी सकते में आ गए हैं। निर्धारित सीमा से अधिक जगह घेर कर बनाए गए और अवैध रूप से खड़े हो गए ढाबा संचालकों में हड़कंप है। बताया जा रहा है कि प्रशासन आगामी दिनों में भी ऐसी ही कार्रवाई जारी रखेगा।

पत्थरबाजी, नशाखोरी की जड़ हैं अवैध ढाबे

विगत काफी समय से 8 लेन पर पत्थरबाजी की घटनाएं हो रही हैं। इसके अलावा मादक पदार्थों की तस्करी और नशाखोरी भी बढ़ी है। बताया जा रहा है कि ऐसी घटनाओं में लिप्त अपराधी और आसामाजिक तत्व ऐसे अवैध ढाबों में बैठकर साजिशें रहते हैं। सड़क किनारे अतिक्रमण भी बढ़ने लगे हैं जिससे शासन को राजस्व का भी नुकसान भी होता है। पुलिस और प्रशासन ऐसे अतिक्रमणों को चिह्नित कर रहा है। इसी के चलते सोमवार तड़के कार्रवाई हुई।

कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवाल

तड़के हुई कार्रवाई को लेकर नामली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने आक्रोश जताया है। उनका कहना है कि जिस जगह कार्रवाई की गई है वहां मेरा निजी रेस्टोरेंट है। इस जगह की मेरे पास रजिस्ट्री भी है और डायवर्सन से संबंधित सभी दस्तावेज भी उपलब्ध है। आरोप है कि रेस्टोरेंट और ढाबा कांग्रेस से जुड़े लोगों के होने से कार्रवाई की गई है। इससे नाराज कांग्रेस नामली में लामबंद हो रहे हैं। सूत्रों की मानें तो वे अपने साथ ज्वलनशील पदार्थ साथ लेकर नामली थाने पहुंच रहे हैं जहां वे आत्मदाह जैसा कदम भी उठा सकते हैं।