अब SIR रतलाम में भी ! निर्वाचन नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य शुरू, कलेक्टर मिशा सिंह ने बताई पूरी प्रक्रिया

फोटो युक्त निर्वाचन नामावली के गहन पुनरीक्षण का कार्य रतलाम में भी शुरू हो चुका है। कलेक्टर मिशा सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और मीडिया से इसकी प्रक्रिया साझा की।

अब SIR रतलाम में भी ! निर्वाचन नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य शुरू, कलेक्टर मिशा सिंह ने बताई पूरी प्रक्रिया
मीडिया को निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देती कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मिशा सिंह।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले में फोटो निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) का कार्य शुरू हो गया है। प्रक्रिया अगले दो माह चलेगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा। पुनरीक्षण के लिए बीएलओ को हर घर तीन बार दस्तक देना होगी। इसकी पूरी प्रक्रिया कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मिशा सिंह ने मंगलवार को कलेक्टर सभागृह में मीडिया तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी।

कलेक्टर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार देश के 12 राज्यों में गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। इसमें मध्यप्रदेश भी शामिल है। इससे पूर्व 1 जनवरी 2003 से गहन पुनरीक्षण का कार्य हुआ था। इसके बाद अब पुनः निर्वाचन नामावली का शुद्धिकरण कार्य हो रहा है। यह कार्य अहर्ता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर हो रहा है।

दावे और आपत्तियों का निराकरण भी होगा

कलेक्टर ने बताया कि 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक तैयारी / मुद्रण / प्रशिक्षण आदि कार्य होंगे। गणना अवधि 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक की रहेगी। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण / पुनर्व्यवस्थापन 4 दिसंबर को किया जाएगा। नियंत्रण तालिका का अद्यतनीकरण और ड्राफ्ट रोल की तैयारी 5 से 8 दिसंबर तक की जाएगी। मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 9 दिसंबर को होगा। इस पर दावे एवं आपत्तियां 9 दिसंबर से 8 जनवरी 2026 तक दाखिल की जा सकेंगी।  नोटिस जारी करने, उनकी सुनवाई और सत्यापन के साथ ही प्रपत्रों पर निर्णय और दावे और आपत्तियों का निपटारा ईआरओ और एईआरओ द्वारा किया जाएगा। यह कार्य 9 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक चलेगा। मतदाता सूची के स्वास्थ मापदंडों की जांच की जाएगी और अंतिम प्रकाशन के लिए आयोग की अनुमति 3 फरवरी 2026 को ली जाएगी जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को होगा।

वालेंटियर की लेंगे मदद

कलेक्टर मिशा सिंह के अनुसार पुनरीक्षण कार्य में राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ ही एनसीसी और एनएसएस की मदद ली जाएगी। सूची पुनरीक्षण के कार्य में कोई तकनीकी परेशानी न आए इसलिए निर्वाचन विभाग द्वारा रनिंग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की जाएगी। इसमें सभी तकनीकी समस्याओं के समाधान पर बात होगी। पत्रकार वार्ता में एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम आर्ची हरित और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अभी जिले में इतने हैं मतदाता

27 अक्टूबर 2025 तक जिले में मतदाताओं की संख्या की बात करें तो रतलाम ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 17 हजार 625 मतदाता हैं। इनमें 1 लाख 8 हजार 297 पुरुष और 1 लाख 9 हजार 314 महिलाएं एवं 14 ट्रांसजेंडर हैं। इसी प्रकार रतलाम शहर 2 लाख 21 हजार 125 मतदाताओं में से 1 लाख 9 हजार 284 पुरुष, 1 लाख 11 हजार 834 महिला तथा 7 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। सैलाना में 2लाख 19 हजार 330 मतदाता हैं जिनमें से 1 लाख 7 हजार 194 पुरुष, 1 लाख 12 हजार 135 महिलाएं और 1 ट्रांसजेंडर हैं। जावरा में 1 लाख 19 हजार 353 पुरुष, 1 लाख 20 हजार 29 महिला और 9 ट्रांसजेंडर सहित कुल 2 लाख 39 हजार 391 मतदाता हैं। वहीं आलोट में 1 लाख 14 हजार 260 पुरुष, 1 लाख 12 हजार 119 महिला और 12 ट्रांसजेंडर सहित कुल 2 लाख 26 हजार 391 मतदाता हैं। इस तरह पूरे जिले में 11 लाख 23 हजार 862 मतदाता हैं जिनमें से पुरुषों की संख्या 5 लाख 58 हजार 388, महिलाओं की 5 लाख 65 हजार 431 और ट्रांसजेंडर की संख्या 43 है। 

जिले में 1297 है मतदान केंद्रों की संख्या, ईपिक अनुपात भी देखें

जिले में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 1297 है। इनमें से सबसे ज्यादा मतदान केंद्र 275 जावरा विधानसभा क्षेत्र में, रतलाम सिटी में 261, सैलाना में 256, आलोट में 253 तथा रतलाम ग्रामीण में 252 है। जिले में जनसंख्या का मुकाबले ईपिक का अनुपात 63.2 प्रतिशत है। अगर विधानसभावार बात करें तो रतलाम ग्रामीण में 63.1, रतलाम शहर में 64.0, सैलाना में 65.9, जावरा में 61.2 तथा आलोट में 62.0 प्रतिशत है। 

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी दी जानकारी

निर्वाचन नामावली गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर कलेक्टर ने जिले के राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की भी बैठक ली। इसमें पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया बताते हुए राजनीतिक दलों से सहयोग करने के लिए कहा। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, कांग्रेस के पीयूष बाफना, आम आदमी पार्टी के श्रेय सोनी, बहुजन समाज पार्टी से लखन वसुनिया, कम्युनिस्ट पार्टी व इंडिया मार्क्सवादी से रंजीत सिंह राठौर एवं जाहिद मंसूरी सहित अन्य मौजूद रहे