विधानसभा निर्वाचन-2023 : रतलाम जिले की 4 सीटों पर भाजपा जबकि 1 पर निर्दलीय आगे, भाजपा को 1 सीट का फायदा जबकि कांग्रेस को 2 नुकसान संभावित

रतलाम जिले की 4 विधानसभा सीटों पर भाजपा जबकि एक पर निर्दलीय प्रत्याशी आगे हैं। यहां कांग्रेस को 2 सीटों का नुकसान हो रहा है जबकि भाजपा को 1 का फायदा नजर आ रहा है।

विधानसभा निर्वाचन-2023 : रतलाम जिले की 4 सीटों पर भाजपा जबकि 1 पर निर्दलीय आगे, भाजपा को 1 सीट का फायदा जबकि कांग्रेस को 2 नुकसान संभावित
रतलाम जिले का मतगणना का रुझान।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम जिले में मतों की गणना का काम जारी है। 10वां राउंड पूरा होने तक जिले की 5 में से 4 विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं, जबकि 1 सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी आगे है। 2018 के चुनाव की तुलना में जिले में भाजपा को एक सीट का फायदा हो रहा है, वहीं कांग्रेस को दो सीटों पर नुकसान होता नजर आ रहा है। यहां फिलहाल अन्य को एक सीट का फायदा दिख रहा है।

रतलाम जिले में मतों की गणना का काम शहर के शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में सुबह 8 बजे शुरू हो गया था। पहले डाक मतपत्रों और 80 साल से अधिक के मतदाताओं द्वारा डाले गए मतों की गिनती की गई। इनकी गिनती 8.30 बजे बाद तक जारी रही। इस बीच ईवीएम के मतों की गिनती भी शुरू हो गई थी। जैसा कि रतलाम शहर विधानसभा क्षेत्र को लेकर शुरू से ही यह दावा किय जा रहा था कि भाजपा की स्थिति काफी मजबूत है, ऐसा मतगणना के दौरान जर भी आया। शुरुआती रुझान से ही शहर विधायक एवं भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप ने कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा ‘दादा’ से अच्छी खासी बढ़त बना ली थी। यह बढ़त लगातार 16वें राउंड तक भी जारी रही। इस समय तक विधायक काश्यप कांग्रेस के सकलेचा से 58 हजार मतों से भी ज्यादा आगे चल रहे थे।

रतलाम ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र

रतलाम ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो विधायक दिलीप कमवाना को लेकर उपजे विरोध के बाद पूर्व विधायक मथुरालाल डामर को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया। पार्टी का यह निर्णय सही साबित हुआ। यह बात मतगणना में स्पष्ट नजर आ रही है। 10वें राउंड की मतगणना पूरी होने तक डामर ग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व जनपद सीईओ लक्ष्मण सिंह डिंडोर से करीब 18,271 वोटों से आगे निकल चुके थे। इस समय तक डामर 34,669 मत, डिंडोर 16,398 मत और जयस नेता एवं निर्दलीय उम्मीदवार 1258 वोट हासिल कर चुके थे।

सैलाना विधानसभा में निर्दलीय ने चौंकाया

इस बार अभी तक सबसे चौंकने वाला रुझान सैलाना विधानसभा क्षेत्र से आया है। यहां जयस नेता और निर्दलीय प्रत्याशी कमलेश्वर डोडियार 11वां राउंड के बाद कांग्रेस प्रत्याशी एवं विधायक हर्षविजय गहलोत और भाजपा की संगीता चारेल को पीछे छोड़ते हुए बढ़त बनाए हुए हैं। डोडियार इस समय तक 47,410, हर्षविजय गेहलोत 36,865 और संगीता चारेल 34,865 मत हासिल कर चुके थे। इस तरह डोडियार 10,545 वोट से आगे थे।

जावरा विधानसभा क्षेत्र में डॉ. पांडेय को बढ़त

जावरा विधानसभा क्षेत्र में 12वें राउंड के बाद विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय करीब 25,131 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें इस राउंड तक 60,928 वोट मिल चुके थे। वहीं कांग्रेस के वीरेंद्र सिंह सोलंकी 35,797 और करणी सेना परिवार के जीवन सिंह शेरपुर 27,264 वोंटों तक पहुंच चुके थे। इस सीट को लेकर सभी शुरुआत से ही असमंजस में थे वहीं डॉ. पांडेय प्रारंभ से ही आश्वस्त नजर आ रहे हैं।

आलोट विधानसभा क्षेत्र

कश्मकश वाली विधानसभा सीट आलोट भी रही। यहां त्रिकोणीय संघर्ष माना जा रहा था। बावजूद यहां भाजपा के डॉ. चिंतामण मालवीय इस समय तक 38,586 मत हासिल कर पहले नंबर पर बने हुए हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी एवं विधायक मनोज चावला 11,928 जबकि पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के बागी नेता प्रेमंचद गुड्डू 8,643 मोट हासिल कर चुके थे। यहां माना जा रहा था कि गुड्डू कांग्रेस को बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं लेकिन यदि चावला और गुड्डू के मतों को जोड़ दें तो भी भाजपा करीब 18 हजार वोट आगे चल रही है। 

जारी है गणना का कार्य

सारी व्यवस्थाएं पोस्टल बैलेट की प्रक्रिया चल रही है। ऑब्जर्वर सभी कक्ष में उपलब्ध हैं। गणना का कार्य निर्बाध रूप से जारी है। जैसे-जैसे चक्रवार गणना पूरी हो रही है, वैसे-वैसे उद्घोषणा की जा रही है।

भास्कर लाक्षाकार, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, रतलाम