मौत का कुआं : बारातियों को छोड़कर घर लौट रहा था युवक, बोलेरो सहित कुएं में गिरा, मौत

रतलाम-पिपलौदा मार्ग स्थित एक कुएं में चार पहिया वाहन समा गया। हादसे में चालक की मौत हो गई। चालक बारात को छोड़कर घर लौट रहा था।

मौत का कुआं : बारातियों को छोड़कर घर लौट रहा था युवक, बोलेरो सहित कुएं में गिरा, मौत
शैलेंद्र पाटीदार

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम-पिपलौदा मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे स्थित एक कुएं में चार पहिया वाहन समा गया। हादसे में वाहन चला रहे युवक की मौत हो गई।  दुर्घटना तब हुई जब बरात को छोड़ने के बाद युवक अपने गांव लौट रहा था। युवक के दो बेटियां हैं और पत्नी गर्भवती है।

जानकारी के अनुसार आंबा निवासी बीती रात शैलेंद्र पाटीदार (26) बोलेरो क्रमांक एमपी 44 बीसी 2620 से बारातियों को पिपलौदा छोड़कर अपने गांव लौट रहा था। तभी वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित बिना मुंडेर के एक कुएं में जा गिरा। हादसे में शैलेंद्र की मौत हो गई। हादसे का पता चलने पर ग्रामीणों ने पिपलौदा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से वाहन कुएं से निकलवाकर शैलेंद्र को बाहर निकाला और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

टायर फटने से हुआ हादसा- ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि हादसा वाहन का टायर फटने से हुआ। इससे वाहन अनियंत्रित हो गया और वह कुएं में समा गया। मृतक शैलेंद्र की 6 और 2 साल की बेटियां हैं। पत्नी प्रियंका पाटीदार गर्भवती हैं। हादसे से गांव में गम का माहौल है। पिपलौदा पुलिस जांच प्रारंभ कर रही है।