यह सत्ता का गुरूर है ! सिर्फ नाश्ता देर से आने पर भाजपा पार्षद ने कर दी नगर निगम के कर्मचारी की पिटाई, अधिकारी-कर्मचारियों ने बंद किया काम, FIR दर्ज

रतलाम के अजाक थाने पर भाजपा पार्षद परमानंद योगी के विरुद्ध नगर निगम के कर्मचारी के साथ मारपीट का केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि नाश्ता लाने में देर होने पर पार्षद ने कर्मचारी के साथ अभद्रता की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।

यह सत्ता का गुरूर है ! सिर्फ नाश्ता देर से आने पर भाजपा पार्षद ने कर दी नगर निगम के कर्मचारी की पिटाई, अधिकारी-कर्मचारियों ने बंद किया काम, FIR दर्ज
भाजपा पार्षद परमानंद योगी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । सत्ता का गुरूर और कुर्सी की गर्मी कुछ लोगों को हजम नहीं होती। बुधवार को इसका उदाहरण शहर की होमगार्ड कॉलोनी में देखने को मिला। यहां नाश्ता आने में देरी होने पर भाजपा के एक पार्षद ने नगर निगम के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी को पीट दिया। इससे आक्रोशित अधिकारियों-कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया और अजाक थाने पहुंच गए। जहां पार्षद के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

शहर के वार्ड क्रमांक 29 की होमगार्ड कॉलोनी में बुधवार दोपहर सड़क निर्माण के भूमि पूजन का कार्यक्रम चल रहा था। आयोजन में भाजपा पार्षद परमानंद योगी, क्षेत्रीय नागरिक एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद थे। दोपहर करीब एक बजे भूमि पूजन हुआ। इस मौके पर उपस्थित करीब 80 लोगों के लिए नाश्ते का प्रबंधन करने की जिम्मेदारी नगर निगम की जनसंपर्क शाखा के कम्प्यूटर ऑपरेटर हेमंत बंदोड़िया की थी।

जानकारी के अनुसार नाश्ता आने में देरी हो गई। इससे पार्षद योगी भड़क गए और निगमकर्मी हेमंत को भला-बुरा कहने लगे। हेमंत का आरोप है कि पार्षद ने उन्हें अपशब्द कहे। यहां तक कि माफी मांगने पर भी वे नहीं माने। उन्होंने कर्मचारी के साथ हाथापाई तक कर दी और धमकाया भी। इससे मामला गरमा गया और कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए काम बंद कर दिया। कर्मचारियों के समर्थन में अधिकारी भी आ गए। पहले कर्मचारियों ने निगम आयुक्त एपीएस गहरवार से शिकायत की लेकिन उन्होंने उल्टे कर्मचारियों को ही डांट दिया। आयुक्त का कहना था कि कर्मचारी बेवजह नेतागिरी कर रहे हैं।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

निगम आयुक्त के रवैये से खफा कर्मचारी, इंजीनियर और अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए बाकी काम भी ठप कर दिया। वे अजाक थाने पहुंच गए जहां उन्होंने भाजपा पार्षद योगी के विरुद्ध शिकायत कर केस दर्ज कराने की गुहार लगाई। पुलिस ने हेमंत पिता कन्हैयालाल बंदोड़िया, निवासी लक्ष्मणपुरा रतलाम की शिकायत पर आरोपी पार्षद परमानंद पिता मोतीनाथ योगी निवासी प्रतापनगर, रतलाम के विरुद्ध भादंस 1860 की धारी 323, 294, 506, अजा-जजा अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ब) एवं 3(2)(va) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। 

पार्षद आए दिन करते हैं विवाद

निगम कर्मचारियों का कहना है कि पार्षद योगी आए दिन निगम कार्यालय में आकर कर्मचारियों से गाली-गलौच और अभद्र व्यवहार करते है। उनके द्वारा पूर्व में कालिका माता मेले में भी देरी से पानी लाने की बात पर निगम के एक चरापसी के साथ मारपीट की गई थी। पार्षद का व्यवहार हमेशा कर्मचारियों के प्रति आक्रमक रहता है।

कोई मारपीट नहीं, शिकायत झूठी- पार्षद योगी

मामले में भाजपा पार्षद योगी का कहना है कि उन्होंने किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की, शिकायत झूठी है। योगी के अनुसार मेरे वार्ड में ज्यादातर आबादी गरीब है। वहां भूमि पूजन का कार्यक्रम था। इस दौरान व्यवस्थाओं में अनियमितता नजर आई तो मैंने आपत्ति दर्ज कराई और वरिष्ठ अधिकारी को शिकायत करने की बात कही। इस पर निगम कर्मी बंदोड़िया ने कहा कि मैं क्या करूं, मेरे पास बीसियों काम हैं। अगर शिकायत करोगे तो मैं भी अजा-जजा अधिनियम के तहत शिकायत दर्ज कराऊंगा।