नगर निगम परिसर के पेड़ काटने व परिंदों की मौत को कांग्रेस ने बताया प्रकृति की हत्या, कहा- ऐसे कैसे बनेगा क्लीन रतलाम - ग्रीन रतलाम ?

नगर निगम परिसर में सुंदरता के नाम पर पेड़ काटने और सैकड़ों परिंदों की मौत को लेकर कांग्रेस नेताओं ने स्थिति का जायजा लिया। कांग्रेस ने इसे प्रकृति की हत्या निरूपित करते हुए कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

नगर निगम परिसर के पेड़ काटने व परिंदों की मौत को कांग्रेस ने बताया प्रकृति की हत्या, कहा- ऐसे कैसे बनेगा क्लीन रतलाम - ग्रीन रतलाम ?
नगर निगम में पेड़ों की कटाई और परिंदों की मौत के बाद जायजा लेने पहुंचे कांग्रेस नेता मयंक जाट और महेंद्र कटारिया सहित अन्य।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । सौंदर्यीकरण के नाम पर यह तो हरियाली और बेजुबान परिंदों की हत्या है। यह प्रकृति की हत्या है। ऐसे कैसे रतलाम ग्रीन रतलाम क्लीन रतलाम बनेगा। यह कृत्य सरकार के अंकुर अभियान को पलीता लगाने वाला है। नई नगर सरकार चुनी जा चुकी है ऐसे में नगर निगम और शहर से जुड़े कार्यों का निर्णय उसे लेना है जबकि निगम के जिम्मेदार मनमानी पर उतारू हैं।

यह कहना है जिला युवा कांग्रेस और शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों का जिन्होंने बुधवार को नगर निगम परिसर का निरीक्षण किया। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम में की गई पेड़ों की कटाई और उससे हुई बेजुबान परिंदों की मौत की जानकारी मिलने पर जायजा लेने पहुंचा था। प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को पत्र भी लिखा। पत्र के माध्यम से जाट ने बताया कि विगत दिनों नगर निगम में हरे-भरे पेड़ों को बड़ी ही बेरहमी से काटा गया। इससे कई बेजुबान पक्षियों के आशियाने तो टूटे ही साथ ही कई पक्षियों की निर्मम मृत्यु भी हुई।

कैसे बनेगा ग्रीन रतलाम-क्लीन रतलाम

जाट के अनुसार एक ओर जिला प्रशासन शहर को “ग्रीन रतलाम-क्लीन रतलाम” का नारा देने के साथ ही अंकुर अभियान का आयोजन कर शहर सहित जिले को को हरा-भरा करने का सराहनीय प्रयास कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर नगर निगम आयुक्त एवं निगम कर्मचारी हरे-भरे पेड़ों को काट कर जिला प्रशासन के अभियान को पलीता लगा रहे हैं।

शुद्ध ऑक्सीजन कैसे मिलेगी

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष जाट ने बताया कि वर्ष 2020-21 में कोरोना महामारी का पूरी दुनिया ने सामना किया है। कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की भारी कमी के कारण कई लोगों ने अपनी जान गंवाई। सभी जानते हैं कि शुद्ध ऑक्सीजन पेड़ों से ही मिलती है। इसके बावजूद निगम आयुक्त द्वारा नगर निगम परिसर के ही पेड़ों काटा जा रहा है। ऐसी स्थिति में कैसे शुद्ध ऑक्सीजन मिल सकती है ? यह विचारणीय प्रश्न है।

कड़ी कार्रवाई जरूरी

युवा कांग्रेस अध्यक्ष जाट ने मांग की है कि नगर निगम परिसर में हुई पेड़ों की कटाई एवं बेजुबान पक्षियों की हत्या के दोषियों पर तत्काल प्रभाव से कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही आगे से इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो इस बात का भी विशेष ध्यान रखा जाए और इसके लिए जिम्मेदारों को सख्त निर्देश दिए जाएं। 

शहर कांग्रेस ने भी दिया ज्ञापन

मामले को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया ने भी कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पेड़ों को काटने और परिदों का आशियाना उजाड़ने की कड़े शब्दोें में निंदा की। कटारिया ने इसके जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

ये रहे मौजूद

प्रतिनिधिमंडल में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट के अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता पारस दादा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, प्रवक्ता जोएब आरिफ जॉनीभाई, शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष सैयद वुसत जैदी सहित कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षद एवं कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।