निगम आयुक्त भट्ट खुद करेंगे उत्कृष्ट कार्य करने वाले दरोगा व सफाई मित्रों को पुरस्कृत, 1000 से 2000 रुपए तक मिलेगा पुरस्कार

रतलाम के नवागत नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट ने सफाई व्यवस्था में और सुधार की आवश्यकता जताई है। उन्होंने झोन प्रभारी व दरोगा की बैठक लेकर सुधार के निर्देश दिए।

निगम आयुक्त भट्ट खुद करेंगे उत्कृष्ट कार्य करने वाले दरोगा व सफाई मित्रों को पुरस्कृत, 1000 से 2000 रुपए तक मिलेगा पुरस्कार
नगर निगम के जोन प्रभारियों और दरोगाओं की बैठक लेते नवागत आयुक्त हिमांशु भट्ट।

नवागत निगम आयुक्त ने झोन प्रभारियों और दरोगाओं की बैठक लेकर कहा- काम ऐसा हो कि जनता खुद कहे कि सफाई व्यवस्था सुधरी है

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर की सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए नवागत नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले दरोगाओं और सफाई मित्रों को हर माह खुद पुरस्कृत करने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि 1000 से 2000 रुपए तक का पुरस्कार वे स्वयं देंगे। उन्होंने इसकी शुरुआत भी कर दी। आयुक्त ने एक सफाई मित्री को 500 रुपए का पुरस्कार भी दिया। उनका कहना है कि सफाई व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि जनता खुद कहे कि सुधार हुआ है।

आयुक्त भट्ट स्वास्थ्य अधिकारी ए. पी. सिंह के साथ झोन प्रभारियों एवं वार्ड दरोगों की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने अमले को अधिक मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने सभी से परिचय प्राप्त किया। आयुक्त भट्ट ने कहा कि वार्ड दरोगाओं से अपने-अपने वार्ड के सफाई मित्रों व सफाई कार्य की जानकारी लें। अभी नगर की सफाई व्यवस्था में और अधिक सुधार की जरूरत है। इसके लिए सफाई मित्र सुबह 06.30 व दोपहर 02.30 बजे अपनी उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। प्रतिदिन की उपस्थिति की जानकारी व दरोगा के वायरलेस सेट की लोकेशन से स्वास्थ्य अधिकारी अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि हमें कुछ ऐसा करके दिखाना है कि जनता स्वंय कहे कि सफाई व्यवस्था में पहले से अधिक सुधार हुआ है।

सुबह किया बेहतर काम, दोपहर में मिला 500 रु. का पुरस्कार

सुबह के निरीक्षण के दौरान झोन क्रमांक 4 के वार्ड क्रमांक 26 के सफाई मित्र सुरेश-रामदयाल द्वारा उत्कृष्ट कार्य करते मिले। इस पर बैठक में निगम आयुक्त भट्ट ने उन्हें 500 रुपए से पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि प्रतिमाह उत्कृष्ट कार्य करने वाले दरोगा व सफाई मित्रों को मैं स्वंय 2000 व 1000 की राशि से पुरस्कृत करूंगा। जो कर्मचारी ईमानदारी से कार्य करेगा उसका पूरा सहयोग किया जाएगा। काम नहीं करने वाले कर्मचारी पर सख्ती भी बरती जाएगी।

दरोगा के पास पॉवर है, समस्या बताएं, निराकरण होगा

निगम आयुक्त ने कहा कि सफाई कार्य करने हेतु दरोगा के पास पावर है। अगर सफाई कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या आए तो झोन प्रभारी को अवगत कराएं ताकि समस्या का निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा नियमानुसार कर्मचारियों की मांगों को पूरा भी किया जाएगा। आयुक्त ने दरोगाओं से सफाई कार्य में आ रही परेशानियों को विस्तृत रूप से सुना व निराकरण के लिए स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया।

सुबह किया निरीक्षण, सफाई मित्रों की अनुपस्थित दर्ज की

आयुक्त भट्ट ने सुबह अमृत सागर तालाब क्षेत्र, गढ़ कैलाश, रत्नेश्वर रोड, थावरिया बाजार, लम्बी गली आदि क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान कर्तव्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए सफाई मित्र श्यामाबाई - रमेश, ज्योतिबाई - किशन, इन्द्राबाई - कांतिलाल, छम्मोबाई - भागीरथ तथा देवकन्याबाई - मुकेश की अनुपस्थिति दर्ज की। बैठक में झोन प्रभारी किरण चौहान, पर्वत हाड़े, विनयसिंह चौहान, विराट मेहरा, कार्यालय अधीक्षक रामचन्द्र शर्मा व वार्ड दरोगा उपस्थित थे।