गुड न्यूज : चांदनी चौक क्षेत्र में बनेगा पे एंड यूड टॉयलेट और पार्किंग, रात को शहर की समस्याएं जानने निकले कलेक्टर ने निगम आयुक्त को दिए निर्देश

शहर की समस्याओं से रूबरू होने के लिए कलेक्टर शुक्रवार को रात में भ्रमण पर निकले। उन्होंने चांदनी चौक क्षेत्र में पे एंड यूज टॉयलेट तथा पार्किंग विकसित करने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए हैं। व्यापारियों और खरीदारी के लिए बाजार आने वालों के लिए यह राहत वाली खबर है।

गुड न्यूज : चांदनी चौक क्षेत्र में बनेगा पे एंड यूड टॉयलेट और पार्किंग, रात को शहर की समस्याएं जानने निकले कलेक्टर ने निगम आयुक्त को दिए निर्देश
आजाद चौक (चांदनी चौक) क्षेत्र की समस्याओं के बारे में लोगों से जानकारी लेते कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलामवासियों की एक बड़ी समस्या के समाधान का संकेत कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने दिया है। उन्होंने शहर के चांदनी चौक क्षेत्र में पे एंड यूज टॉयलेट और पार्किंग विकसित करने के निर्देश निगम आयुक्त को दिए हैं। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था का औपचारिक जायजा भी लिया। इस दौरान उनके साथ एसपी अभिषेक तिवारी और नगर निगम आयुक्त सोमनाथ झारिया भी मौजूद थे।

किसी जिले की जरूरतें क्या हैं और वहां के रहवासियों की समस्याओं का समाधान कैसे हो, यह सोचने और उसके लिए निरंतर प्रयास करना किसी भी जिला अधिकारी की संवेदनशीलता आंकने का पैमाना है। जनता की इस कसौटी पर जिले के मौजूदा कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम अभी तक खरे ही साबित हुए हैं। शुक्रवार रात को भी उनकी संवेदनशीलता नजर आई जब वे एसपी तिवारी, निगम आयुक्त झारिया सहित अन्य अधिकारियों के साथ शहर  भ्रमण पर निकले। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख बाजार चांदनी चौक और गणेश देवरी सहित अन्य बाजारों का जायजा लिया तथा लोगों से समस्याएं जानीं।  

इस औचक निरीक्षण और भ्रमण के दौरान लोगों ने सबसे बड़ी समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया गया। बताया गया कि पूरे बाजार में सुविधाघर और पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी होती है। इस समस्या से रोज बाजर के दुकानदार, उनका स्टाफ और ग्राहक जूझते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए कलेक्टर पुरुषोत्तम ने आयुक्त झारिया को क्षेत्र में पे एंड यूज टॉयलेट तथा पार्किंग विकसित करने के लिए निर्देशित किया। इसके लिए 15 से 20 दिन की डेडलाइन दी गई है। कलेक्टर ने सफाई व्यवस्था में और सुधार के लिए भी कहा। 

एक घंटे तक चला निरीक्षण, सफाई व्यवस्था का जायजा भी लिया

इसके बाद कलेक्टर गणेश देवरी, धानमंडी, शहर सराय होते हुए सैलाना बस स्टैंड पहुंचे और फिर सभी अधिकारी अपने-अपने घर की ओर रवाना हो गए। रात करीब 9.30 बजे शुरू हुआ यह निरीक्षण रात 10.30 बजे तक चला। इस दौरान कलेक्टर ने सफाई व्यवस्था भी देखी और उसमें और सुधार के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान शहर एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला, तहसीलदार गोपाल सोनी, नगर निगम के कार्यपालन यंत्री सुरेश व्यास, यंत्री श्याम सोनी सहित अन्य मौजूद थे।

हर सप्ताह शहर में करेंगे निरीक्षण

जानकारी के अनुसार कलेक्टर पुरुषोत्तम ने अब प्रत्येक सप्ताह एक दिन शहर में भ्रमण कर समस्याओं को जानने और उनके समाधान के प्रयास का निर्णय लिया है। शुक्रवार को इसकी शुरुआत थी।