पिकनिक में मातम ! पैराडाइस वैली में निजी स्कूल के एक छात्र और दो शिक्षकों की डूबने से मौत, रतलाम प्रेस क्लब के साथियों ने छात्रा को पहुंचाया अस्पताल
रतलाम के पैराडाइज वैली में पिकनिक के दौरान जावरा के त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के छात्र और दो शिक्षकों की डूबने से मौत हो गई। एक छात्रा अस्पताल में भर्ती है। हादसे के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम-जावरा मार्ग से करीब 15 किलोमीटर दूर ग्राम चिल्लर के पास स्थित पैराडाइज वैली में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां पिकनिक मनाने पहुंचे जावरा के त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के एक छात्र और दो शिक्षकों की पानी में डूबने से मौत हो गई। एक छात्रा को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रों को अस्पताल पहुंचाने में रतलाम प्रेस क्लब के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जानकारी के अनुसार जावरा के मन्सापूर्ण रोड स्थित त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के प्राचार्य संदीप सक्सेना, शिक्षक शिवम राठौर, विजय सिंह राठौर, प्रिंस मोदी, परवेज खान और लेखापाल विजेंद्र सिंह रविवार सुबह करीब 10.30 बजे म्यूजिकल क्लास के 14 छात्र-छात्राओं के साथ पैराडाइज वैली पहुंचे थे। इनमें 7वीं से 12वीं तक की कक्षा के विद्यार्थी शामिल थे। दोपहर करीब 2.30 बजे कुछ विद्यार्थी पानी के पास खेल रहे थे। इसी दौरान तीन-चार बच्चे पानी की ओर चले गए। पैर फिसलने से कक्षा 7वीं का छात्र हर्षित पाटीदार निवासी उपरवाड़ा और कक्षा नौवीं की छात्रा खुशी निवासी जावरा गहरे पानी की ओर जाने लगे।
ये भी पढ़ें
छात्र को डूबते देख शिक्षक भी उतर गए पानी में लेकिन...
खुशी को डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने तत्काल प्रयास किए और उसे बाहर निकाल लिया गया। इसी दौरान हर्षित गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। यह देख उसे बचाने के लिए शिक्षक विजय सिंह (40) निवासी तिलक नगर, जावरा और शिक्षक प्रिंस मोदी (22) निवासी खारीवाल कॉलोनी, जावरा पानी में उतर गए। हर्षित को बचाने की कोशिश में दोनों शिक्षक भी गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
ग्रामीणों और मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने तीनों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें रतलाम स्थित डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय शासकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छात्र हर्षित पाटीदार और दोनों शिक्षकों प्रिंस मोदी और विजय सिंह को मृत घोषित कर दिया। छात्रा खुशी को रतलाम प्रेस क्लब के सदस्य दिलजीत सिंह मान और नवीन टांक जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती करवाया, जहां उसका उपचार जारी है।
ये भी पढ़ें
पैर फिसलने से पानी में गिरे विद्यार्थी
स्कूल प्राचार्य संदीप सक्सेना ने मीडिया को बताया कि बच्चे पानी के पास खेल रहे थे। पैर फिसलने के कारण तीन बच्चे पानी में चले गए थे। शिक्षकों ने दो बच्चों को किनारे पर ही पकड़ लिया था, लेकिन हर्षित गहरे पानी में चला गया। उसे निकालने के प्रयास में शिक्षक प्रिंस मोदी और विजय सिंह राठौर भी पानी में चले गए और हादसे का शिकार हो गए।
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
- पिकनिक पर 14 विद्यार्थी और स्कूल स्टाफ गया था। ऐसे में गहरे पानी वाले स्थान पर विद्यार्थियों की निगरानी और सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे?
- क्या घटनास्थल पर विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित क्षेत्र चिह्नित किया गया था?
- क्या पानी के पास जाने से रोकने के लिए पर्याप्त निगरानी रखी गई थी?
- क्या विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में पर्याप्त शिक्षक मौजूद थे?
- क्या स्कूल ने पिकनिक स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और पानी की गहराई का पहले आकलन किया था?
- क्या गहरे पानी वाली जगह पर ले जाने से पहले संस्थान द्वारा बच्चों से यह पूछा गया था कि उन्हें तैरना आता है ?
- क्या शिक्षकों को तैरना आता था ?
- अगर बच्चों और शिक्षकों को तैरना नहीं आता था तो फिर ऐसी जगह ले जाना क्या सही है ?
- क्या आपात स्थिति से निपटने के लिए स्कूल के पास कोई पूर्व निर्धारित सुरक्षा योजना थी?
ये भी पढ़ें
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के अनुसार मौके पर मौजूद शिक्षकों से घटना की जानकारी ली गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसे की परिस्थितियों और स्कूल की ओर से की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।








