विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रयासों को सफलता : जावरा को डायलेसिस मशीन और जावरा -कालूखेड़ा - ढोढर मार्ग निर्माण की मिली स्वीकृति

जावरा विधानसभा को दो बड़ी सौगातें मिली हैं। एक स्वास्थ्य सुविधा और दूसरी सड़क मार्ग की है। यह विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रयासों से संभव हुआ है।

विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रयासों को सफलता : जावरा को डायलेसिस मशीन और जावरा -कालूखेड़ा - ढोढर मार्ग निर्माण की मिली स्वीकृति
जावरा विधानसभा को मिली दो बड़ी सौगातें।

सिविल हॉस्पिटल जावरा में दो डायलेसिस मशीनें लगेंगी

एसीएन टाइम्स @ जावरा । विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय के प्रयासों को लगातार सफलता मिल रही है। जावरा विधानसभा क्षेत्र को दो बड़ी सौगातें मिली हैं। यहां के सिविल हॉस्पिटल के लिए दो डायलेसिस मशीनें मिलेंगी। इसके अलावा केंद्रीय सड़क निधि से जावरा – कालूखेड़ा – ढोढर मार्ग के निर्माण की स्वीकति भी जारी हो चुकी है। 

विधायक डॉ. पाण्डेय ने जावरा विधानसभा क्षेत्र में किडनी रोगियों की संख्या निरंतर बढ़ने के चलते सिविल हॉस्पिटल जावरा में डायलेसिस सुविधा प्रारम्भ करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी से मुलाक़ात कर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर आग्रह किया था। डॉ. पाण्डेय ने बताया था कि जावरा में नगर के अलावा आसपास के क्षेत्रों व समीपवर्ती जिलों से भी किडनी के मरीज निजी संस्थानों में उपचार कराने जा रहे हैं।

अपर संचालक स्वास्थ्य सेवाए म.प्र. शासन ने आदेश जारी कर सिविल हॉस्पिटल जावरा में दो मशीन की एक डायलेसिस ईकाई की स्वीकृति प्रदान की है। इसका संचालन एपेक्स किडनी केयर प्रा. लि. मुम्बई को करने का कार्यादेश भी जारी किया गया है। आदेश में स्थान चयन कर एक माह में व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। विधायक डॉ. पाण्डेय ने जावरा विधानसभा क्षेत्र के सिविल हॉस्पिटल एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में रिक्त पदों की पूर्ति शीघ्र करने का आग्रह भी किया है। 

केन्द्रीय सड]क निधि के 32 करोड़ 24 लाख की लागत से बनेगा मार्ग

विधायक डॉ. पांडेय के प्रयासों से जावरा विधानसभा क्षेत्र को एक और बड़ी सौगात मिली है। केन्द्रीय सड़क निधि ने 32 करोड़ 24 लाख रु. की लागत से जावरा – कालूखेड़ा - ढोढर मार्ग निर्माण की स्वीकृति दी है। गौरतलब है कि विधायक डॉ. पाण्डेय ने क्षेत्रीय सडक मार्गों के प्रस्ताव तैयार कर प्रदेश एवं केंद्र शासन से स्वीकृति के लिए आग्रह किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री चौहान, लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव से मिलकर एवं केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था।

डॉ. पाण्डेय ने केन्द्रीय सड़क अधोसरंचना निधि के माध्यम से जावरा – कालूखेड़ा - ढोढर मार्ग निर्माण एवं राकोदा – माऊखेड़ी – रियावन - कालूखेड़ा मार्ग निर्माण की स्वीकृति के लिए आग्रह किया। इसके लिए म.प्र. शासन से प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी तैयार करवाई। प्रदेश शासन के लोक निर्माण के अनुमोदन के बाद रिपोर्ट केंद्र शासन को भेजी गई। इसके चलते केन्द्रीय सड़क व परिवहन विभाग ने जावरा – कालूखेड़ा - ढोढर मार्ग निर्माण की स्वीकृति जारी की। विभाग ने 25 अन्य मार्गों की स्वीकृति भी दी है।

पहले भी मिल चुकी है सड़कों के लिए स्वीकृति

केन्द्रीय सड़क व अधोसरंचना निधि द्वारा स्वीकृत 23 किमी जावरा – कालूखेड़ा - ढोढर मार्ग पर लगभग 23 किमी मार्ग के निर्माण में 32 करोड़ 24 लाख रुपए लागत आएगी। डॉ. पाण्डेय द्वारा विधानसभा क्षेत्र के लिए अनुशंसित मार्गों के लिए गत दिनों 15 करोड़ रुपए के अनुपूरक बजट में स्वीकृति दी गई। इसके पहले भी 22 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत वाली 9 सड़कों की स्वीकृति मिली थी।

मुख्यमंत्री और मंत्री के प्रति जतया आभार

डॉ. पांडेय ने दोनों ही सौगातों के लिए जावरा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को बधाई दी है। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधा की सौगात के लिए मुख्यमंत्री चौहान, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी तथा सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए केन्द्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।