वर्ष 2022 के साहित्यिक सम्मान घोषित : रतलाम के डॉ. मुरलीधर चांदनीवाला और आशीष दशोत्तर को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान 

मप्र लेखक संघ द्वारा राज्यस्तरीय साहित्यिक सम्मानों की घोषणा की गई है। इसमें 24 साहित्यकार और एक साहित्यकि संस्था शामिल है।

वर्ष 2022 के साहित्यिक सम्मान घोषित : रतलाम के डॉ. मुरलीधर चांदनीवाला और आशीष दशोत्तर को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान 
साहित्यिक सम्मान घोषित।

एसीएन टाइम्स @ भोपाल / रतलाम । मध्य प्रदेश लेखक संघ की बैठक में वर्ष 2022 के साहित्यिक सम्मानों की घोषणा की गई। इसमें 25 साहित्यकारों और एक संस्था का चयन किया गया है। इनमें रतलाम के साहित्यकार डॉ. मुरलीधर चांदनीवाला एवं आशीष दशोत्तर भी शामिल हैं। इन्हें क्रमशः ल्लभदास शाह अनुवाद सम्मान और दिलजीतसिंह रील व्यंग्य सम्मान दिया जाएगा।

मध्यप्रदेश लेखक संघ की वार्षिक साधारण सभा का आयोजन हिन्दी भवन भोपाल में सम्पन्न हुआ। इसमें डाॅ. प्रीति प्रवीण खरे द्वारा प्रस्तुत गत साधारण सभा की कार्यवाही तथा सुनील चतुर्वेदी द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2021 - 22 के अंकेक्षित वित्तीय पत्रकों एवं वर्ष 2022 - 23 के बजट प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया। तत्पश्चात् प्रन्ताध्यक्ष डाॅ. राम वल्लभ आचार्य ने संघ के वर्ष 2022 के  साहित्यिक सम्मानों की घोषणा की। आचार्य ने बताया कि चयन समिति द्वारा अनुशंसित 25 साहित्यकारों को संघ के वार्षिक सम्मान समारोह में विभिन्न सम्मान प्रदान किए जाएंगे।

प्रारंभ में मंचासीन पदाधिकारी प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. राम वल्लभ आचार्य, प्रादेशिक उपाध्यक्ष श्री प्रभुदयाल मिश्र एवं ऋषि श्रंगारी, प्रादेशिक कोषाध्यक्ष सुनील चतुर्वेदी तथा प्रादेशिक संयुक्त मंत्री डाॅ. प्रीति प्रवीण खरे ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उपस्थित चयनित साहित्यकारों तथा हाल ही में हिन्दी लेखिका संघ की अध्यक्ष निर्वाचित संघ की कार्यकारिणी सदस्य कुमकुम गुप्ता को पुष्पगुच्छ भेंट कर सत्कार किया गया। अंत में गत वर्ष दिवंगत साहित्यकारों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।     

इन साहित्यकारों का हुआ चयन

  1. पं. बटुक चतुर्वेदी अक्षर आदित्य सम्मान - श्री मनोज श्रीवास्तव, भोपाल
  2. सारस्वत सम्मान - डाॅ. बूला कार, इन्दौर
  3. डाॅ. सरोजिनी कुलश्रेष्ठ कहानी सम्मान - डॉ. उर्मिला शिरीष, भोपाल
  4. डाॅ. पुष्पा चौरसिया श्रेष्ठ गीतकार सम्मान - आचार्य भगवत दुबे, जबलपुर
  5. प्रमोद शिरढोणकर विरहमन स्मृति राष्ट्र प्रेरणा सम्मान - देवेन्द्र  जोशी, उज्जैन
  6. वल्लभदास शाह अनुवाद सम्मान - डाॅ. मुरलीधर चाँदनीवाला, रतलाम
  7. सुधा सावित्री तिवारी श्रेष्ठ बुन्देली साहित्यकार सम्मान - गुणसागर सत्यार्थी, कुंडेश्वर
  8. हरिशंकर तिवारी यात्रा वृतान्त सम्मान - ओमप्रकाश शर्मा, भोपाल‌
  9.  दिलजीतसिंह रील व्यंग्य सम्मान - आशीष दशोत्तर, रतलाम 
  10. संतोष तिवारी समीक्षा सम्मान - डाॅ. लखन लाल खरे, शिवपुरी
  11. पं. बृजवल्लभ आचार्य संस्कृतज्ञ सम्मान - डाॅ. केदारनाथ शुक्ल, उज्जैन
  12. हरिओम शरण चौबे गीतकार - गोविन्द अनुज, शिवपुरी
  13. मेहमूद जकी ग़ज़ल सम्मान - सरदार प्रताप सिंह सोढ़ी, इन्दौर
  14. अमित रमेश शर्मा हास्य व्यंग्य मंचीय कवि सम्मान - हरिविट्ठल दुबे 'धूमकेतु'    
  15. पुष्कर जोशी सम्मान - डाॅ. संध्या शुक्ल मृदुल, मंडला
  16. देवकीनंदन माहेश्वरी सम्मान - नीलम कुलश्रेष्ठ, गुना एवं ऊषा सक्सेना, भोपाल
  17. कमला चौबे लेखिका सम्मसन - डाॅ. उर्मि शर्मा, उज्जैन
  18. कस्तूरी देवी चतुर्वेदी लोकभाषा सम्मान - पं. मथुरा प्रसाद जोशी, सुहागपुर
  19. हरीश निगम मालवी भाषा सम्मान - माया मालवेन्द्र बदेका, उज्जैन
  20. मालती बसंत बाल साहित्यकार सम्मान - अनिल अग्रवाल, भोपाल  
  21. रामपूजन मलिक नवोदित गीतकार सम्मान - रूपाली सक्सेना एवं अभिषेक जैन, भोपाल को (संयुक्त)
  22. अरविन्द चतुर्वेदी साहित्य सेवी सम्मान - डाॅ. मीना साकल्ले खंडवा
  23. उत्कृष्ट इकाई सम्मान - उज्जैन इकाई