कला एवं साहित्य : रतलाम के विक्रांत भट्ट का सीनियर फैलोशिप अवॉर्ड के लिए चयन, लोककथा वीर तेजाजी में नाट्य तत्वों एवं प्रस्तुतिकरण का करेंगे अध्ययन
रतलाम शहर के रंगकर्मी विक्रांत भट्ट का चयन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा सीनियर फैलोशिप के लिए हुआ है। भट्ट लोककथा वीर तेजाजी में नाट्य तत्व एवं प्रस्तुतिकरण पर शोध करेंगे।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के रंगकर्मी विक्रांत भट्ट को सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केन्द्र, नई दिल्ली संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सीनियर फैलोशिप अवॉर्ड 2022-2023 के लिए चयनित किया गया है। इनको यह फैलोशिप रंगमंच के क्षेत्र में शोध कार्य करने के लिए दी जा रही है। इस शोध कार्य में वे लोककथा वीर तेजाजी में नाट्य तत्वों एवं प्रस्तुतिकरण का अध्ययन करेंगे। इस कार्य के लिए विक्रांत भट्ट को दो वर्ष तक 20 हजार रुपए प्रतिमाह फैलोशिप मिलेगी।
संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट व्यक्तियों को फैलोशिप प्रदान की जाती है। इसमें संस्कृति से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों में शोध कार्य करने के लिए फैलोशिप रहती है। इसके लिए देशभर से आए आवेदनों पर विचार किया जाता है। इस वर्ष रंगमंच के क्षत्र में पूरे देश से 17 लोगों को यह फैलोशिप दी जा रही है। इनमें मध्यप्रदेश से दो चयनित व्यक्तियों में विक्रांत भट्ट शामिल हैं।
इससे पूर्व विक्रांत के काव्य संग्रह का चयन मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी द्वारा पहली कृति अनुदान योजना में हो चुका है। विक्रांत भट्ट वर्तमान में टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में सहायक निदेशक है।