सम्मान साफा रैली : हाथों में केसरिया ध्वज, सिर पर साफा और ओठों पे ‘जय श्री राम’ और ‘हर हर महादेव’ का उद्घोष, 3 घंटे में तय हुई 4 किलोमीटर की दूरी
जवाहर व्यायामशाला अंबर परिवार द्वारा शिवरात्रि के उपलब्धय में सम्मान साफा रैली निकाली गई। 15 वर्षों से निकल रही रैली में पहली बार नारी शक्ति शस्त्र लेकर शामिल हुई। रैली का सभी जगह पुष्पर्वषा कर स्वागत किया गया।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर रविवार को जय श्री राम और हर हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठा। इस दौरान नारी शक्ति ने हवा में शस्त्र लहराए तो सभी रोमांचित हो उठे। अवसर था जवाहर व्यायामशाला परिवार अंबर ग्रुप द्वारा निकाली गई सम्मान साफा वाहन रैली का। इसमें लगभग 4500 लोग केसरिया साफे बांध कर वाहनों से शहर के विभन्न मार्गों से होकर गुजरे। वाहन रैली श्री गढ़ कैलाश मंदिर में विसर्जित हुई।
जवाहर व्यायामशाला परिसर में सुबह 10 बजे से शहर के आसपास क्षेत्र के तकरीबन 30 साफा बांधने वाले उस्ताद ने युवाओं को साफा बांधना शुरू कर दिया था। यह सिलसिला दोपहर 12 बजे चला। तत्पश्चात सम्मान साफा रैली प्रारंभ होकर सैलाना बस स्टैंड, शहर सराय, धानमंडी, नाहरपुरा, डालूमोदी बाजार, माणकचौक, घासबाजार, चांदनी चौक, त्रिपोलिया गेट होकर श्री गढ़ कैलाश मंदिर पहुंची। यहां भगवान श्री गढ़कैलाश का अभिषेक और महाआरती कर प्रसाद वितरित किया गया। रैली का शहर में जगह-जगह मंच के माध्यम से अनेक सामाजिक संगठनों, संस्थाओं ने फूलों की बारिश कर स्वागत किया।
नारी शक्ति भी हुई शामिल, दिया लैंगिक समानता का संदेश
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी रजनीश सिन्हा और हब की नोडल अधिकारी अंकिता पंड्या के नेतृत्व में पर्यवेक्षक दीपा चौधरी और हब प्रभारी यशोदा राजावत के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाएं भी रैली में शामिल हुईं। सभी का जवाहर व्यायामशाला अंबर परिवार द्वारा साफा पहनाकर सम्मान किया गया। इसके बाद नारी शक्ति हाथों में हम होंगे कामयाब, मिशन शक्ति, मैं निडर हूं... जैसे प्रेरणादायी संदेश लिखे फ्लैक्स और हाथों में शस्त्र लेकर रैली के रूप में गढ़ कैलाश मंदिर तक पहुंची। इस दौरान नारी शक्ति ने लैंगिक समानता की ओर कदम बढ़ाने का संदेश भी दिया।
साफा भी सम्मानित और पहनने वाला भी
जवाहर व्यायामशाला के सूरज जाट (पहलवान) ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से महाशिवरात्रि के पावन पर्व के उलक्ष्य में सम्मान साफा रैली का आयोजन किया जा रहा है। शुरुआत में 100-150 लोग जुड़े थे। धीरे-धीरे यह कारवां बढ़ता गया और आज लगभग 5 हजार लोग इससे जुड़ गए हैं। रविवार को निकली रैली में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को पहनाने के लिए राजस्थान के जोधपुर से 4500 से अधिक केसरिया साफे मंगवाए गए थे।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य है कि सनातन परंपरा व संस्कृति की जानकारी छोटे-छोटे हिस्से तक पहुंचना चाहिए। साफा हमारे पहनावे का अभिन्न अंग है। साफे का सम्मान भी है और जिस व्यक्ति को साफा पहनाया जाता है उसका भी सम्मान होता है। सूरज ने बताया कि इस बार नारी शक्ति के शामिल होने से रैली की गरिमा और बढ़ गई। आगामी वर्षों में पुरुषों के साथ ही नारी शक्ति भी बराबर की संख्या में शामिल होकर भारतीय सनातन संस्कृति के अनुसार आदर्श पेश करेंगी।
ये हुए शामिल
इस अवसर पर जवाहर व्यायामशाला के संचालक दौलत पहलवान के नेतृत्व में निकाली गई साफा सम्मान रैली में जगदीश पहलवान, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, सूरज पहलवान, अश्विन जायसवाल, अंबर पहलवान, अभिषेक पहलवान, वैभव पहलवान, मयंक पहलवान, गौरव पहलवान, अमन पहलवान, सत्यदेव मलिक पहलवान, प्रवीण सोनी सहित बड़ी हजारों संख्या में युवा शामिल रहे।