शिवराज सरकार ने पोषण आहार व राशन के नाम पर किया 168 करोड़ से अधिक का घोटाला, भंग हो यह सरकार- महिला कांग्रेस

शहर महिला कांग्रेस ने शिवराज सरकार पर पोषण आहार में घोटाला करने का आरोप लगाया है। संगठन ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन में जांच करवाकर सरकार को भंग करने की मांग की है।

Sep 23, 2022 - 10:53
Sep 24, 2022 - 00:09
 0
शिवराज सरकार ने पोषण आहार व राशन के नाम पर किया 168 करोड़ से अधिक का घोटाला, भंग हो यह सरकार- महिला कांग्रेस
राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपने कांग्रेसी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में निरंतर घोटाले पर घोटाले कर रही है। अकेले पोषण आहार और राशन के नाम पर ही 168.83 करोड़ रुपए की हेराफेरी हुई है। इसलिए सरकार के काम की निष्पक्ष एजेंसी से जांच करवाकर शिवराज सरकार को तत्काल भंग किया जाए।

यह मांग महिला कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में की। ज्ञापन का वाचन शहर महिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष ने किया। उन्होंने बताया हाल ही में आंगनबाड़ी के बच्चों के पोषण आहार में अनियमितता का मामला सामने आया है। यह विभाग स्वयं मुख्यमंत्री के पास है। करोड़ों रुपए का कई किलो वजनी पोषण आहार कागजों में ट्रक पर आया। जांच में वह मोटरसाइकिल व ऑटो इत्यादि पर लाने का पता चला। लाखों बच्चे ऐसे हैं जो स्कूल नहीं जाते हैं। उनके नाम पर भी करोड़ों का राशन बांट दिया गया।

मुख्यमंत्री के अपने ही विभाग में 110.83 करोड़ रुपए के राशन का फर्जीवाड़ा हुआ है। इसके अतिरिक्त राशन निर्माण संयंत्रों में भी 58.00 करोड़ रुपए की हेराफेरी हुई है। कुल मिलाकर 168.83 करोड़ की हेराफेरी हुई है। मध्य प्रदेश की जनता इनके कुशासन से त्रस्त है। अतः वर्तमान सरकार के कार्यकाल की जांच एक निष्पक्ष एजेंसी से करवाई जाए एवं शिवराज सरकार को तत्काल भंग किया जाए।

ये रहे मौजूद

शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, वरिष्ठ नेता पारस सकलेचा, नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा, इक्का बैलूत, पार्षद मनीषा व्यास आदि मौजूद रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।