साइबर धोखाधड़ी ! शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर की ₹10 लाख से अधिक की ठगी, रतलाम पुलिस ने ₹5.04 लाख की राशि बचाई
रतलाम में शेयर मार्केट निवेश के नाम पर ₹10 लाख से अधिक की साइबर ठगी का मामला सामने आया। साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई कर ₹5.04 लाख होल्ड करवाए, न्यायालय ने राशि लौटाने के आदेश दिए।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फेसबुक पर मिले निवेश संबंधी लिंक के जरिए ₹10 लाख से अधिक की ठगी का शिकार हुए एक फरियादी के मामले में साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगों के खातों में पहुंची ₹5,04,126 की राशि होल्ड करवा दी। न्यायालय के आदेश के बाद इस राशि की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और पीड़ित के खाते में अब तक ₹2,68,907 जमा भी हो चुके हैं। शेष राशि लौटाने की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
एसपी अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल रतलाम लगातार ठगी के मामलों में पीड़ितों की राशि वापस दिलाने के प्रयास कर रही है। इसी क्रम में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई हुई है। साइबर सेल के अनुसार, फरियादी ने 12 मार्च 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया था कि फेसबुक पर प्राप्त एक लिंक के माध्यम से उसे शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का लालच दिया गया।
ठगों के झांसे में आकर फरियादी ने 27 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में ₹10 लाख से अधिक की राशि कथित निवेश के नाम पर जमा कर दी। इस दौरान आरोपित लगातार अधिक मुनाफे का भरोसा देकर और अधिक निवेश करने के लिए प्रेरित करते रहे। जब फरियादी ने निवेश की गई राशि निकालने (विथड्रॉ) का प्रयास किया तो संबंधित एप्लीकेशन बंद हो गई। इसके बाद उसे साइबर ठगी का एहसास हुआ और उसने तत्काल साइबर सेल रतलाम से संपर्क किया।
NCRP पोर्टल पर तत्काल कार्रवाई, ₹5 लाख से अधिक की राशि होल्ड
शिकायत मिलते ही साइबर सेल ने मामले को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज किया और संबंधित बैंक खातों व वित्तीय लेनदेन का विश्लेषण कर त्वरित कार्रवाई की। इसके परिणामस्वरूप ठगों के खातों में पहुंची ₹5,04,126 की राशि होल्ड करवा दी गई। समय रहते की गई कार्रवाई से इस राशि को आगे अन्य खातों में ट्रांसफर होने से रोक लिया गया।
ये भी पढ़ें
न्यायालय के आदेश के बाद शुरू हुई रिफंड प्रक्रिया
साइबर सेल ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर राशि वापसी के लिए मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया। इसके बाद माननीय न्यायालय ने ₹5,04,126 की राशि फरियादी के खाते में लौटाने के आदेश जारी किए। आदेश के अनुपालन में अब तक पीड़ित के खाते में ₹2,68,907 की राशि वापस जमा हो चुकी है, जबकि शेष राशि भी लौटाने की प्रक्रिया जारी है।
2026 में अब तक ₹86.28 लाख की ठगी राशि होल्ड
रतलाम पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक साइबर ठगी के विभिन्न मामलों में कुल ₹86,28,026 की राशि ठगों के खातों में होल्ड करवाई जा चुकी है। इनमें से ₹20,23,739 की राशि संबंधित फरियादियों को वापस दिलाई जा चुकी है, जबकि शेष राशि की वापसी के लिए वैधानिक एवं न्यायालयीन प्रक्रिया जारी है।
पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक जीवन बारिया (प्रभारी, साइबर सेल रतलाम), प्रधान आरक्षक हिम्मत सिंह, आरक्षक मोरसिंह तथा आरक्षक राहुल पाटीदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये भी पढ़ें
पुलिस की अपील : लालच में आकर निवेश न करें
रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले किसी भी अनजान लिंक के माध्यम से शेयर मार्केट, ट्रेडिंग अथवा निवेश के नाम पर राशि जमा न करें। साइबर ठग अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाते हैं और बाद में निकासी के समय टैक्स, प्रोसेसिंग फीस या अन्य शुल्क के नाम पर अतिरिक्त रकम की मांग करते हैं।
पुलिस ने कहा है कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हों तो घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और संबंधित बैंक को भी तुरंत सूचित करें। शिकायत जितनी जल्दी दर्ज होगी, ठगी गई राशि को होल्ड कर वापस दिलाने की संभावना उतनी ही अधिक रहेगी।
ये भी पढ़ें







