आलोट पुलिस को सफलता ! बेटे ने ही चुराए थे अपनी मां और बहन के आभूषण, आरोपी गिरफ्तार, ₹3 लाख के आभूषण बरामद

रतलाम के आलोट में पुलिस ने 5 दिन पहले हुई चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक ने अपने ही घर से मां और बहन के 3 लाख रुपए के जेवर चोरी किए थे।

Apr 9, 2026 - 17:44
Apr 9, 2026 - 19:23
 0
आलोट पुलिस को सफलता ! बेटे ने ही चुराए थे अपनी मां और बहन के आभूषण, आरोपी गिरफ्तार, ₹3 लाख के आभूषण बरामद
चोरी का खुलासा करती एसडीओपी पल्लवी गौर।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । आलोट पुलिस को 5 दिन पूर्व हुई चोरी के मामले में सफलता मिली है। पुलिस ने 24 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है जिसने अपनी मां और बहन के आभूषण चुराए थे। आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है।

आलोट की अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना आलोट पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। मामला ग्राम पिपलिया सिसौदिया का होकर 5 दिन पुराना है। यहां रहने वाले कन्हैयालाल पिता रामसागर पाटीदार ने 06 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 03 अप्रैल 2026 की रात को उसके घर से उसकी माँ एवं बहन के सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं। इस सूचना पर आलोट थाने पर अपराध क्रमांक 147/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।

ये भी पढ़ें

चार साल से रतलाम में रह रहा आरोपी

एसडीओपी गौर ने बताया कि विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा आसपास के ग्रामीणों एवं पड़ोसियों से पूछताछ की गई। जांच में यह तथ्य सामने आया कि घटना की रात फरियादी का भाई राहुल पाटीदार, जो पिछले चार वर्षों से रतलाम में निवासरत है, गांव में देखा गया था। संदेह के आधार पर पुलिस टीम द्वारा रतलाम पहुंचकर आरोपी राहुल पाटीदार (24) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।

ये भी पढ़ें

3 लाख रुपए के आभूषण बरामद

आरोपी की निशानदेही पर उसके किराये के मकान, काटजू नगर रतलाम से चोरी गए आभूषण बरामद किए गए। बरामद आभूषण में सोने के 02 मंगलसूत्र तथा 01 जोड़ी झुमकी शामिल है जिसकी कीमत करीब ₹3,00,000/- है। चोरी का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, उप निरीक्षक आर. सी. खड़िया, प्रधान आरक्षक अमित भावसार, आरक्षक अंकित काला एवं आरक्षक दीपक पाटीदार का सराहनीय योगदान रहा।

ये भी पढ़ें

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।