बड़ी खबर ! मध्यप्रदेश में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 21 आईएएस अफसरों के तबादले, 7 जिलों के कलेक्टर बदले
मध्यप्रदेश शासन ने 21 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। रतलाम, मंदसौर, शहडोल, खरगोन, आगर मालवा और अनूपपुर सहित कई जिलों में नए कलेक्टर नियुक्त किए गए हैं। कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
एसीएन टाइम्स @ भोपाल । मध्यप्रदेश शासन ने शुक्रवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल कर दिया। शासन ने दो अलग-अलग आदेश जारी कर प्रदेश के 21 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों के तबादले किए। इंदौर संभागायुक्त और 7 जिलों के कलेक्टर भी बदल दिए गए हैं। इनमें रतलाम, मंदसौर, शहडोल, खरगोन, आगरमालवा और अनूपपुर समेत अन्य जिलों के कलेक्टर शामिल हैं।
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के हस्ताक्षर से जारी आदेश में सचिव और प्रमुख सचिव स्तर से लेकर संभागायुक्त, कलेक्टर तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर बदलाव किए गए हैं। इसके साथ ही कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त विभागों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। 1990 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. राजेश कुमार राजौरा को आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
के. सी. गुप्ता को कृषि उत्पादन आयुक्त के साथ कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग की जिम्मेदारी बरकरार रखते हुए उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सचिन सिन्हा को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है, जबकि राघवेन्द्र कुमार सिंह को वन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संदीप यादव को जल संसाधन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है तथा प्रवासी भारतीय विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
ये भी पढ़ें
डॉ. खाड़े मुख्यमंत्री के सचिव, लाक्षाकार इंदौर संभागायुक्त बने
जॉन किंग्सली ए.आर. को औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग का सचिव नियुक्त करते हुए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डॉ. सुदाम पंढरीनाथ खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव तथा भास्कर लाक्षाकार को इंदौर संभाग का आयुक्त बनाया गया है।
रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह का तबादला, अजय कटेसरिया होंगे नए कलेक्टर
आदेश के तहत जिला स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। रतलाम, अनूपपुर, शहडोल, खरगोन, मंदसौर और आगरमालवा जिलों में नए कलेक्टर पदस्थ किए गए हैं। रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह का तबादला शहडोल कर दिया गया है, उनके स्थान पर अब अजय कटेसरिया रतलाम कलेक्टर होंगे। इसके अलावा अपर सचिव, उप सचिव, मुख्य सचिव कार्यालय, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को), मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम तथा जिला पंचायत इंदौर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर भी नई नियुक्तियां की गई हैं।
अफसरों से अतिरिक्त प्रभारों में भी हुआ बदलाव
आदेश में अतिरिक्त प्रभारों में भी संशोधन किया गया है। नीरज मंडलोई को औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मनीष सिंह को ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। डॉ. ई. रमेश कुमार को नर्मदा घाटी विकास विभाग सहित उससे संबंधित संस्थाओं की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, सचिन सिन्हा और हर्षल पंचोली के कार्यभार ग्रहण करने के बाद मनीष सिंह तथा सुधीर कुमार कोचर के अतिरिक्त प्रभार समाप्त किए जाएंगे।







