मिशन 2027 ! रतलाम जिला कांग्रेस की नई टीम घोषित, अध्यक्ष हर्षविजय गहलोत ने बिछाई बिसात, दिग्गजों को मिली विशेष आमंत्रितों में जगह
रतलाम जिला कांग्रेस कमेटी ने 2027 के विधानसभा चुनावों को साधने के लिए नई कार्यकारिणी घोषित की है। जानें किन दिग्गजों को मिली विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में जगह और क्या है जातिगत समीकरण।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम। आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर जिला कांग्रेस कमेटी रतलाम (ग्रामीण) ने अपनी नई जिला कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है। जिलाध्यक्ष हर्षविजय गहलोत द्वारा जारी सूची में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का स्पष्ट संदेश है। करीब 79 प्रमुख पदाधिकारियों की इस टीम में न केवल क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखा गया है, बल्कि राहुल गांधी के विजन को साकार करने के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं को तरजीह दी है। यह कार्यकारिणी महज एक सूची नहीं, बल्कि 2027 के रण के लिए कांग्रेस की वह अग्रिम पंक्ति है, जिसे रतलाम जिले, खासकर ग्रामीण अंचलों में पार्टी की जमीन वापस पाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठनात्मक ढांचे की बात करें तो इस नई टीम में पदों का वितरण काफी रणनीतिक रखा गया है। सूची के अनुसार, 1 महासचिव (संगठन) और 1 कोषाध्यक्ष की मुख्य भूमिका के साथ-साथ 10 उपाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है, जो जिले के विभिन्न तहसीलों का प्रतिनिधित्व करेंगे। संगठन में ऊर्जा भरने के लिए 14 महासचिव और 21 सचिवों को मैदान में उतारा गया है। इसके अतिरिक्त, जनता के बीच पार्टी की बात मजबूती से रखने के लिए 2 प्रवक्ताओं और डिजिटल मोर्चे पर घेराबंदी के लिए 2 सोशल मीडिया प्रभारियों को नियुक्त किया गया है। प्रवक्ताओं में एक सुजीत उपाध्याय हैं जो वर्तमान में रतलाम प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष हैं और पहले भी रतलाम कांग्रेस के प्रवक्ता रह चुके हैं। यह ढांचा दर्शाता है कि कांग्रेस इस बार जमीनी कार्यों के साथ-साथ सोशल मीडिया और संचार प्रबंधन पर भी विशेष जोर दे रही है।
पूर्व सांसद और पूर्व मंत्री जैसे दिग्गज भी शामिल
इस कार्यकारिणी की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी विशेष आमंत्रित सदस्य हैं, जिनमें जिले के कई राजनीतिक दिग्गजों को शामिल कर गुटबाजी खत्म करने और 'एकजुट कांग्रेस' का संदेश देने का प्रयास किया गया है। इन 27 विशेष आमंत्रित सदस्यों में पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन और पूर्व मंत्री कांतिलाल भूरिया जैसे कद्दावर नाम शामिल हैं। इनके अलावा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मीदेवी खराड़ी, पूर्व मंत्री पं. स्व. मोतीलाल दवे के पुत्र एवं पूर्व पार्षद और राजेश दवे, पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभु प्रकाश राठौड़ के अलावा यूसुफ कड़प्पा और किसान नेता डी. पी. धाकड़ जैसे अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है। इन वरिष्ठ चेहरों को साथ जोड़कर जिलाध्यक्ष ने यह साफ कर दिया है कि आगामी चुनाव अनुभवी नेताओं के मार्गदर्शन और युवाओं के जोश के साथ लड़ा जाएगा।
चुनावी रणनीति, जिला अध्यक्ष का मास्टर स्ट्रोक
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस गठन के जरिए रतलाम ग्रामीण, सैलाना, जावरा, आलोट और पिपलोदा जैसे क्षेत्रों में सभी वर्गों को साधने की कोशिश की गई है। सूची में आदिवासी, पाटीदार, मुस्लिम और सामान्य वर्ग के चेहरों को प्रमुखता देकर जातिगत समीकरणों को संतुलित किया गया है। जिलाध्यक्ष हर्षविजय गहलोत ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी पदाधिकारी कांग्रेस की रीति-नीति के अनुसार कार्य करते हुए जनता के बीच जाएं। कुल मिलाकर, यह नई कार्यकारिणी 2027 की चुनावी वैतरणी पार करने के लिए कांग्रेस का एक सोचा-समझा मास्टरस्ट्रोक नजर आ रही है।
कार्यकारिणी गठन से पहले 'सफाई' अभियान
नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा से ठीक एक दिन पहले जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने कड़ा रुख अपनाते हुए पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त तीन नेताओं पर गाज गिराई है। अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त न करने का संकेत देते हुए अध्यक्ष ने एक महिला पार्षद सहित तीन नेताओं को 6 वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।
ये भी पढ़ें
जानिए, किसे-क्या जिम्मेदारी मिली








